कौन हैं DPO रूबी कुमारी? कभी थीं नियोजित शिक्षिका, BPSC पास कर बनीं अधिकारी; अब EOU की रडार पर

किशनगंज की DPO रूबी कुमारी के कटिहार स्थित ठिकानों पर EOU की छापेमारी हुई है. प्रारंभिक जांच में उन पर पति के साथ मिलकर 2.45 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. जानिए नियोजित शिक्षिका से अधिकारी बनने तक का उनका सफर.

ADVERTISEMENT

katihar news
katihar news
Google CTA

बिहार के शिक्षा विभाग की एक अधिकारी इन दिनों आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की कार्रवाई को लेकर चर्चा में हैं. नाम है रूबी कुमारी. किशनगंज में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) के पद पर तैनात रूबी कुमारी के कटिहार स्थित दो ठिकानों पर EOU ने छापेमारी की है. प्रारंभिक जांच में उनके और उनके पति गौरव कुमार के पास ज्ञात आय से 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये अधिक की संपत्ति होने के साक्ष्य मिलने की बात कही गई है. यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 87.49 प्रतिशत अधिक बताई गई है. लेकिन इस कार्रवाई के बीच रूबी कुमारी की नौकरी का सफर भी ध्यान खींचता है. कभी नियोजित शिक्षिका के तौर पर काम करने वाली रूबी कुमारी ने BPSC की परीक्षा पास की और बिहार शिक्षा सेवा में अधिकारी बनीं. आखिर कौन हैं रूबी कुमारी और कैसा रहा उनका अब तक का करियर?

पहले नियोजित शिक्षिका के तौर पर करती थीं काम

रूबी कुमारी ने अपने करियर की शुरुआत नियोजित शिक्षिका के रूप में की थी. इसके बाद उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 56वीं से 59वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में हिस्सा लिया. वर्ष 2018 में इस परीक्षा के जरिए उनका चयन बिहार शिक्षा सेवा में हुआ. इस तरह शिक्षिका के पद से शुरू हुआ उनका सफर शिक्षा विभाग में अधिकारी बनने तक पहुंचा.

2019 में पूर्णिया से शुरू हुई अधिकारी के तौर पर पारी

बिहार शिक्षा सेवा में चयन के बाद वर्ष 2019 में रूबी कुमारी की पहली पदस्थापना पूर्णिया जिले में हुई. इसके बाद वर्ष 2023 में उन्हें कटिहार में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) की जिम्मेदारी मिली. वर्ष 2025 से वह किशनगंज जिले में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं. यानी पूर्णिया से शुरू हुआ उनका प्रशासनिक सफर कटिहार होते हुए किशनगंज तक पहुंचा.

रेलवे में सहायक लोको पायलट हैं पति गौरव कुमार

रूबी कुमारी के पति गौरव कुमार भी सरकारी कर्मचारी हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वर्ष 2004 में उनकी नियुक्ति रेलवे में ग्रुप-सी के तहत सहायक लोको पायलट के पद पर हुई थी. वर्तमान में वह कटिहार स्टेशन पर कार्यरत हैं. EOU की जांच में रूबी कुमारी के साथ उनके पति की आय और संपत्ति से जुड़े पहलुओं को भी शामिल किया गया है.

कटिहार के पैतृक घर और अपार्टमेंट पर हुई छापेमारी

आय से अधिक संपत्ति के आरोप में EOU की टीम ने मंगलवार सुबह कटिहार के दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. पहला ठिकाना सहायक थाना क्षेत्र की ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित रूबी कुमारी का पैतृक आवास है, जबकि दूसरा एक निजी अपार्टमेंट है. टीम ने दोनों जगहों पर संपत्ति और आय से जुड़े दस्तावेजों की जांच की.

2.45 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का आरोप

आर्थिक अपराध इकाई की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार पर अपनी ज्ञात आय के वैध स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. जांच में प्रथम दृष्टया 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति के साक्ष्य मिलने की बात कही गई है. यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 87.49 प्रतिशत ज्यादा बताई गई है. बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध प्रभाग ने भी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस कार्रवाई की जानकारी दी है. फिलहाल EOU की जांच का केंद्र रूबी कुमारी और उनके पति की संपत्ति, आय के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेज हैं. नियोजित शिक्षिका से बिहार शिक्षा सेवा की अधिकारी तक का सफर तय करने वाली रूबी कुमारी अब आय से अधिक संपत्ति के आरोपों को लेकर जांच के दायरे में हैं.

इनपुट- बिपुल राहुल, संवाददाता