छठ पूजा और सिंदूर पर टिप्पणी कर विवादों में यश माहेश्वरी कौन ?

छठ पूजा और सिंदूर की परंपरा पर विवादित टिप्पणी के बाद कॉमेडियन यश माहेश्वरी मुश्किल में हैं। माफी के बावजूद पटना साइबर थाने में एफआईआर दर्ज हुई है और महिला आयोग ने कार्रवाई की मांग की है।

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA

स्टैंड-अप कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर यश माहेश्वरी अपने एक वीडियो में की गई टिप्पणियों के कारण बड़े विवाद में फंस गए हैं . बिहार की महिलाओं के छठ पूजा के दौरान नाक से सिंदूर लगाने की परंपरा पर कथित आपत्तिजनक और भद्दी टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई . विरोध बढ़ने के बाद माहेश्वरी ने सार्वजनिक माफी भी मांगी, लेकिन मामला शांत होने के बजाय पुलिस और महिला आयोग तक पहुंच गया .

क्या है पूरा मामला?

21 नवंबर 2026 को यश माहेश्वरी का एक स्टैंड-अप वीडियो सामने आया, जिसमें छठ पूजा और सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर की गई टिप्पणियों पर लोगों ने आपत्ति जताई . देखते ही देखते यह मुद्दा सोशल मीडिया पर गरमा गया और इसे बिहार की संस्कृति तथा महिलाओं के सम्मान से जोड़कर देखा जाने लगा .

माफी के बावजूद नहीं थमा विवाद

विरोध तेज होता देख यश माहेश्वरी ने 24 नवंबर 2026 को एक वीडियो जारी कर माफी मांगी . उन्होंने कहा कि किसी धार्मिक या सांस्कृतिक भावना को आहत करने का उनका इरादा नहीं था, अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में ऐसा कंटेंट न डालने का भरोसा दिलाया . हालांकि, उनकी माफी के बावजूद नाराजगी कम नहीं हुई .

पुलिस और महिला आयोग की कार्रवाई

इस मामले में 24 नवंबर 2026 को पटना साइबर पुलिस स्टेशन में यश माहेश्वरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी . इसके साथ ही बिहार राज्य महिला आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस प्रकरण का संज्ञान लेते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. आयोग का कहना है कि महिलाओं और उनकी धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी टिप्पणियों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए .

कौन हैं यश माहेश्वरी?

यश माहेश्वरी एक स्टैंड-अप कॉमेडियन और डिजिटल क्रिएटर हैं . उनका संबंध जयपुर से बताया जाता है और वे दिल्ली के स्टैंड-अप कॉमेडी सर्किट में सक्रिय रहे हैं . वे यूट्यूब पर 'ऑलमोस्ट यश' नाम से चैनल चलाते हैं और अपने शो में रिश्ते, शादी, सामाजिक व्यवहार तथा रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर कंटेंट बनाते हैं .