ChatGPT इस्तेमाल करने के मामले में दिल्ली-NCR के लोग सबसे आगे, अन्य राज्य का हाल भी जान लीजिए
OpenAI की रिपोर्ट के अनुसार भारत तेजी से AI अपनाने वाला देश बन रहा है, जिसमें दिल्ली-NCR ChatGPT इस्तेमाल में सबसे आगे है. वहीं अलग-अलग राज्यों में लोग शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भी AI का बढ़-चढ़कर उपयोग कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT

1/6
भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है और अब इसको लेकर एक दिलचस्प रिपोर्ट सामने आई है. OpenAI की हालिया स्टडी में खुलासा हुआ है कि देश में AI को अपनाने की रफ्तार काफी तेज है और भारत दुनिया के सबसे तेजी से उभरते AI बाजारों में शामिल हो चुका है. खास बात ये है कि यहां AI टूल्स का इस्तेमाल सिर्फ टेक एक्सपर्ट ही नहीं, बल्कि आम लोग भी तेजी से करने लगे हैं.

2/6
रिपोर्ट के मुताबिक, AI बिल्डर इकोसिस्टम के मामले में भी भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है. OpenAI ने बताया कि फरवरी 2026 में अपने AI कोडिंग टूल Codex के लॉन्च के बाद महज दो हफ्तों के अंदर यूजर्स की संख्या चार गुना तक बढ़ गई. यह साफ संकेत है कि भारतीय यूजर्स नए AI टूल्स को अपनाने में काफी आगे हैं.

3/6
अगर शहरों की बात करें, तो दिल्ली-NCR इस मामले में सबसे आगे निकलकर सामने आया है. देश में ChatGPT का सबसे ज्यादा इस्तेमाल इसी क्षेत्र में हो रहा है. रिपोर्ट बताती है कि भारत में AI यूजर्स का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा टॉप 10 शहरों में रहता है, जिससे साफ है कि बड़े शहर AI अपनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं.

4/6
हालांकि, AI का इस्तेमाल सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है. छोटे शहरों और राज्यों में भी लोग इसे अपने रोजमर्रा के कामों में शामिल कर रहे हैं. खासतौर पर शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में AI की पहुंच लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों को जानकारी हासिल करने और समस्याओं का समाधान पाने में मदद मिल रही है.

5/6
शिक्षा के क्षेत्र में पूर्वी भारत के राज्यों ने खास दिलचस्पी दिखाई है. उदाहरण के तौर पर असम में ChatGPT पर आने वाले करीब 22 प्रतिशत सवाल पढ़ाई और सीखने से जुड़े होते हैं, जो राष्ट्रीय औसत से काफी ज्यादा है. इसके अलावा ओडिशा, मणिपुर, त्रिपुरा और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में भी इसी तरह का ट्रेंड देखने को मिल रहा है.

6/6
वहीं, स्वास्थ्य से जुड़े सवालों में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और केरल जैसे क्षेत्र आगे हैं. खासकर जम्मू-कश्मीर में हर 10 में से लगभग 1 सवाल हेल्थ से जुड़ा होता है. इससे साफ है कि भारत में AI अब सिर्फ टेक्नोलॉजी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों का हिस्सा बनता जा रहा है.