गहने खरीदने वालों की बल्ले-बल्ले! सस्‍ता हुआ सोना और चांदी, जानें आपके शहर में कितना गिरा भाव

ADVERTISEMENT

Google CTA
1.

1/8

अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले कमजोर संकेतों का असर अब भारतीय सराफा बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है. देश के वायदा बाजार (MCX) से लेकर रिटेल मार्केट तक, हर जगह कीमती धातुओं के दाम नीचे आ गए हैं. अगर आप भी गहने खरीदने या निवेश करने की योजना बना रहे हैं तो ये खबर आपके चेहरे पर मुस्कान ला सकती है.

2.

2/8

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर ट्रेडर्स की बिकवाली का असर सीधा कीमतों पर दिखा. आगामी 5 अक्टूबर की डिलीवरी वाले सोना वायदा में 230 रुपये की नरमी दर्ज की गई, जिससे इसका भाव फिसलकर 1,51,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. वहीं दूसरी ओर, चांदी में और भी बड़ी गिरावट देखने को मिली, जहां भाव 1300 रुपये तक गोता लगाकर 2,31,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गए.

3.

3/8

वायदा बाजार के साथ-साथ आपके शहर के हाजिर सराफा बाजार में भी रौनक थोड़ी सुस्त पड़ी है. रिटेल मार्केट में शुद्ध 24 कैरेट सोने के रेट में करीब 500 रुपये की कटौती दर्ज की गई है. देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां 24 कैरेट सोना 1,54,230 रुपये पर ट्रेंड कर रहा है. इसके अलावा 22 कैरेट की कीमत 1,41,390 रुपये और 18 कैरेट सोना 1,15,710 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है.
 

4.

4/8

आर्थिक राजधानी मुंबई में भी सोने के खरीदारों के लिए मामूली राहत की खबर है. मुंबई के सराफा बाजार में 24 कैरेट सोना घटकर 1,54,080 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है. गहनों में इस्तेमाल होने वाला 22 कैरेट सोना 1,41,240 रुपये और 18 कैरेट का भाव 1,15,560 रुपये तय किया गया है, जो कल के मुकाबले सस्ता हुआ है.
 

5.

5/8

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का बाजार भी दिल्ली के नक्शेकदम पर चलता नजर आया. यहां 24 कैरेट सोने की दर 1,54,230 रुपये प्रति 10 ग्राम रिकॉर्ड की गई, जबकि 22 और 18 कैरेट के रेट क्रमशः 1,41,390 रुपये और 1,15,710 रुपये दर्ज हुए. वहीं बिहार के पटना में 24 कैरेट सोना 1,54,130 रुपये, 22 कैरेट 1,41,290 रुपये और 18 कैरेट 1,15,610 रुपये के भाव पर उपलब्ध है.

6.

6/8

घरेलू बाजार में आई इस सुस्ती की मुख्य पटकथा वैश्विक बाजारों में लिखी गई है. ग्लोबल कमोडिटी मार्केट में सोने का हाजिर भाव 0.37 प्रतिशत टूटकर 4,336.42 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. चांदी भी इस मंदी से अछूती नहीं रही और इसमें 0.60 प्रतिशत का घाटा दर्ज किया गया, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसका भाव 63.775 डॉलर प्रति औंस रह गया.
 

7.

7/8

अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि अचानक इस गिरावट के पीछे की असली वजह क्या है? बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, इस नरमी का सबसे बड़ा कारण दुनिया भर में एनर्जी यानी ऊर्जा संसाधनों की कीमतों में लगातार हो रहा इजाफा है. ईंधन और ऊर्जा के महंगे होने से वैश्विक स्तर पर महंगाई दोबारा भड़कने का खतरा मंडराने लगा है.
 

8.

8/8


ऊर्जा की कीमतों में उछाल के चलते अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व और बैंक ऑफ जापान द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी किए जाने की संभावना काफी बढ़ गई है. निवेशकों को डर है कि अगर केंद्रीय बैंकों ने सख्ती दिखाते हुए दरें बढ़ाईं, तो नॉन-यील्डिंग एसेट यानी सोने-चांदी पर दबाव और बढ़ेगा. इसी आशंका के चलते बड़े निवेशक फिलहाल मुनाफावसूली कर रहे हैं.