₹500 रोज की बचत से 10 साल में ₹25 लाख! Post Office की RD स्कीम में पैसा लगाकर ऐसे बनाएं बड़ा फंड
पोस्ट ऑफिस की रिकरिंग डिपॉजिट स्कीम में छोटी रकम से निवेश शुरू किया जा सकता है. 500 रुपये रोज बचाने पर महीने में करीब 15,000 रुपये जमा होंगे. 10 साल में 18 लाख रुपये निवेश करने पर 6.7 फीसदी ब्याज के हिसाब से कुल फंड करीब 25.62 लाख रुपये हो सकता है.
ADVERTISEMENT

1/6
अगर आप हर महीने थोड़ी-थोड़ी रकम बचाकर लंबी अवधि में बड़ा फंड तैयार करना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की रिकरिंग डिपॉजिट स्कीम आपके काम आ सकती है. इस सरकारी बचत योजना में छोटी रकम से निवेश शुरू किया जा सकता है. नियमित निवेश और ब्याज की मदद से 10 साल में 25 लाख रुपये से ज्यादा का फंड तैयार हो सकता है. इस गणित में रोजाना 500 रुपये की बचत को आधार माना गया है. यानी महीने में करीब 15,000 रुपये निवेश करने होंगे. मौजूदा 6.7 फीसदी ब्याज दर के हिसाब से 10 साल में कुल रकम 25.62 लाख रुपये के आसपास पहुंच सकती है.

2/6
सरकारी स्कीम में निवेश की सुरक्षा
पोस्ट ऑफिस की छोटी बचत योजनाओं को निवेश के लिहाज से सुरक्षित विकल्प माना जाता है. इनमें सरकार की ओर से नियम और ब्याज दर तय की जाती है. इसी वजह से ऐसे निवेश उन लोगों के बीच लोकप्रिय हैं, जो बाजार के उतार-चढ़ाव से बचकर पैसा जमा करना चाहते हैं. हालांकि, किसी भी निवेश से पहले मौजूदा ब्याज दर, नियम और शर्तों की जांच करना जरूरी है. ब्याज दर समय-समय पर बदल भी सकती है.

3/6
Post Office RD में 6.7 फीसदी ब्याज
पोस्ट ऑफिस की रिकरिंग डिपॉजिट यानी RD स्कीम में फिलहाल 6.7 फीसदी सालाना ब्याज का जिक्र किया गया है. इसमें निवेशक हर महीने एक तय रकम जमा करता है. नियमित बचत की वजह से इसे लंबे समय में बड़ा फंड बनाने वाली योजनाओं में गिना जाता है. इस स्कीम की खासियत यह है कि इसमें निवेश की शुरुआत बहुत छोटी रकम से की जा सकती है. Post Office RD में खाता खोलने के लिए बड़ी रकम की जरूरत नहीं होती. इसमें 100 रुपये से शुरुआत की जा सकती है. निवेशक अपनी क्षमता के हिसाब से हर महीने रकम जमा कर सकता है. इसमें सिंगल अकाउंट के साथ ज्वाइंट अकाउंट खोलने की सुविधा भी उपलब्ध है.

4/6
5 साल है शुरुआती मैच्योरिटी अवधि
रिकरिंग डिपॉजिट का सामान्य मैच्योरिटी पीरियड 5 साल है. यानी नियमित किस्त जमा करने के बाद पांच साल में शुरुआती अवधि पूरी होती है. अगर निवेशक पैसा आगे भी जमा करना चाहता है, तो योजना के नियमों के तहत RD को अगले 5 साल के लिए बढ़ाया जा सकता है. इसी 5+5 साल के निवेश को आधार बनाकर 25 लाख रुपये से ज्यादा का फंड तैयार होने का गणित बताया गया है.

5/6
₹500 रोज बचाने पर कैसे बनेगा ₹25.62 लाख का फंड?
अब इस पूरे हिसाब को आसान भाषा में समझते हैं. अगर आप रोजाना 500 रुपये अलग रखते हैं, तो एक महीने में करीब 15,000 रुपये जमा हो जाएंगे. यानी एक साल में करीब 1.80 लाख रुपये और पांच साल में आपका कुल निवेश 9 लाख रुपये होगा. 5 साल की अवधि पूरी होने पर 9 लाख रुपये के निवेश पर करीब 1,70,492 रुपये ब्याज मिलने का अनुमान है. इस तरह पांच साल के अंत में कुल रकम करीब 10,70,492 रुपये हो जाएगी.

6/6
10 साल में निवेश ₹18 लाख, फंड ₹25.62 लाख
अगर पांच साल बाद RD को आगे पांच साल के लिए जारी रखा जाता है, तो कुल निवेश की अवधि 10 साल हो जाएगी. इस दौरान हर महीने 15,000 रुपये जमा करने पर 10 साल में आपकी जेब से कुल 18 लाख रुपये निवेश होंगे. ब्याज को जोड़ने के बाद कुल रकम करीब ₹25,62,822 पहुंच सकती है. इसमें आपकी अपनी जमा रकम ₹18 लाख होगी, जबकि करीब ₹7,62,822 रुपये ब्याज से जुड़ेंगे. यानी नियमित बचत की आदत और लंबी निवेश अवधि के दम पर करीब 7.62 लाख रुपये की रकम ब्याज के जरिए जुड़ सकती है. हालांकि, वास्तविक रिटर्न लागू ब्याज दर और पोस्ट ऑफिस के नियमों के अनुसार अलग हो सकता है.
