1 फरवरी से देश में लागू हो रहे ये 5 बड़े बदलाव, पान-मसाला और सिगरेट पर बढ़ेगा टैक्स
Rule Change 1st February: 1 फरवरी से देशभर में कई नए नियम लागू हुए हैं, जिनमें कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा होने और तंबाकू उत्पादों पर अतिरिक्त टैक्स जैसे बदलाव शामिल हैं.

1/6
फरवरी महीने की शुरुआत के साथ ही देशभर में कई नए नियम लागू हो गए हैं. जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है. जिस दिन देश का आम बजट पेश होना है उसी दिन से गैस सिलेंडर की कीमतों से लेकर हवाई यात्रा, फास्टैग और तंबाकू उत्पादों तक कई बदलाव लागू हो चुके हैं.

2/6
हर महीने की तरह इस बार भी 1 फरवरी को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी की नई कीमतें जारी की हैं. लगातार दूसरे महीने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं और इसमें करीब 50 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है. नई कीमतों के मुताबिक दिल्ली में यह सिलेंडर अब 1740.50 रुपये का हो गया है जो पहले 1691.50 रुपये था. कोलकाता में इसकी कीमत 1795 रुपये से बढ़कर 1844.50 रुपये, मुंबई में 1642.50 रुपये से 1692 रुपये और चेन्नई में 1849.50 रुपये से बढ़कर 1899.50 रुपये हो गई है. हालांकि राहत की बात यह है कि 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

3/6
हवाई सफर हो सकता है सस्ता- जहां गैस महंगी हुई है वहीं एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में कटौती की गई है. इसका असर आने वाले समय में हवाई टिकटों पर भी देखने को मिल सकता है. दिल्ली में एटीएफ की कीमत 92,323.02 रुपये प्रति किलोलीटर से घटकर 91,393.39 रुपये रह गई है. कोलकाता में यह 95,378.02 रुपये से कम होकर 94,445.62 रुपये, मुंबई में 86,352.19 रुपये से घटकर 85,474.63 रुपये और चेन्नई में 95,770 रुपये से कम होकर 94,781.99 रुपये हो गई है.

4/6
पान-मसाला और सिगरेट पर बढ़ेगा टैक्स- तंबाकू और पान मसाला इस्तेमाल करने वालों को अब ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन उत्पादों पर अतिरिक्त टैक्स लगाने की तैयारी है. सरकार ने जीएसटी के अलावा नया उपकर और उत्पाद शुल्क लागू करने की अधिसूचना जारी की है. खास तौर पर पान मसाला पर स्वास्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर लगाया जाएगा, जिससे इनके दाम बढ़ने की संभावना है.

5/6
फास्टैग यूजर्स के लिए राहत भरा बदलाव- नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने कार, जीप और वैन के लिए फास्टैग जारी करते समय केवाईसी प्रक्रिया को खत्म करने का फैसला किया है. 1 फरवरी से लागू यह नियम वाहन चालकों के लिए सहूलियत भरा माना जा रहा है, क्योंकि अब फास्टैग बनवाने की प्रक्रिया पहले से आसान हो जाएगी.

6/6
बैंकों में रहेंगी कई छुट्टियां- अगर इस महीने बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो पहले छुट्टियों की सूची जरूर देख लें. रिजर्व बैंक की सूची के अनुसार, साप्ताहिक अवकाश और छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती जैसे अवसरों को मिलाकर फरवरी में करीब 10 दिन बैंक बंद रहेंगे। महीने की शुरुआत भी छुट्टी के साथ हुई है.
फरवरी की शुरुआत कई अहम बदलावों के साथ हुई है कहीं खर्च बढ़ने के संकेत हैं तो कहीं राहत की उम्मीद। ऐसे में जरूरी है कि आप इन नए नियमों की जानकारी रखें, ताकि रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाले असर के लिए पहले से तैयार रह सकें.











