Bharti Airtel Q2 Results: मुनाफे में 31% का उछाल, कमाई 60 हजार करोड़ रुपये के पार

Bharti Airtel Q2 Results: भारती एयरटेल का सितंबर तिमाही में नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 31 फीसदी बढ़कर 8,887.5 करोड़ रुपये हो गया. पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 6,791.6 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था.

ADVERTISEMENT

Airtel ने लॉन्च किए तीन नए प्रीपेड रिचार्ज प्लान्स
Airtel ने लॉन्च किए तीन नए प्रीपेड रिचार्ज प्लान्स
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

Q2 में मुनाफा 31% बढ़कर 8,887.5 करोड़ रुपये

रेवेन्यू 16.7% बढ़कर 60,878 करोड़ रुपये

ARPU बढ़कर 271 रुपये पर पहुंचा

देश की दिग्गज टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं. सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 31 फीसदी बढ़कर 8,887.5 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी ने 6,791.6 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था. वहीं, कंपनी की कुल कमाई में भी करीब 17 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.

कमाई और मुनाफे में कितनी बढ़ोतरी?

भारती एयरटेल की सितंबर तिमाही में कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 16.7 फीसदी बढ़कर 60,878 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल इसी अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 52,145 करोड़ रुपये था.कंपनी की ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस भी मजबूत रही. दूसरी तिमाही में EBITDA यानी ब्याज, टैक्स और दूसरे खर्चों से पहले की कमाई 17.8 फीसदी बढ़कर 35,240 करोड़ रुपये पहुंच गई. पिछले साल इसी तिमाही में यह 29,919 करोड़ रुपये थी.

हर ग्राहक से ज्यादा कमाई कर रही है एयरटेल

एयरटेल के नतीजों में सबसे अहम बात कंपनी के ARPU में बढ़ोतरी है. सितंबर तिमाही में कंपनी का ARPU बढ़कर 271 रुपये हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 256 रुपये था.ARPU का मतलब है कि कंपनी को हर महीने एक ग्राहक से औसतन कितनी कमाई होती है. इसमें बढ़ोतरी का मतलब है कि एयरटेल अपने ग्राहकों से पहले के मुकाबले ज्यादा कमाई कर रही है.कंपनी को इसका फायदा ग्राहकों के बेहतर प्लान चुनने और प्रीमियम सेवाओं की तरफ बढ़ने से मिल रहा है. कंपनी की रणनीति ज्यादा कमाई देने वाले ग्राहकों को अपने साथ जोड़ने पर केंद्रित है.

मोबाइल और ब्रॉडबैंड कारोबार में अच्छी ग्रोथ

एयरटेल का कारोबार सिर्फ मोबाइल सेवाओं तक सीमित नहीं है. कंपनी के ब्रॉडबैंड, बिजनेस सर्विस और विदेशों के कारोबार से भी अच्छी कमाई हो रही है.सितंबर तिमाही में भारत के मोबाइल कारोबार की कमाई 10.1 फीसदी बढ़ी. वहीं, होम ब्रॉडबैंड कारोबार के रेवेन्यू में 25.3 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इस दौरान कंपनी ने 6.76 लाख नए होम ब्रॉडबैंड ग्राहक जोड़े. इसके साथ ही कंपनी का कुल होम ब्रॉडबैंड ग्राहक आधार बढ़कर 1.54 करोड़ हो गया.एयरटेल बिजनेस की कमाई भी 11.4 फीसदी बढ़ी. यह कारोबार कंपनियों को इंटरनेट, नेटवर्क और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराता है.

अफ्रीका में भी बढ़ रहा है कारोबार

भारती एयरटेल के लिए अफ्रीका का कारोबार भी कमाई का बड़ा जरिया बना हुआ है. सितंबर तिमाही में अफ्रीका के कारोबार का रेवेन्यू सालाना आधार पर 25.7 फीसदी बढ़ा. स्थिर मुद्रा के आधार पर यह बढ़ोतरी 20.6 फीसदी रही.अफ्रीका में कंपनी के ग्राहकों की संख्या 19.39 करोड़ पहुंच गई. भारत और अफ्रीका में नए ग्राहक जुड़ने से कंपनी का कुल ग्राहक आधार बढ़कर 69.3 करोड़ हो गया.

डेटा सेंटर कारोबार में बड़ा निवेश

एयरटेल अब मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं के अलावा डेटा सेंटर कारोबार में भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है. कंपनी ने सितंबर तिमाही में डेटा सेंटर विस्तार के लिए 2,826 करोड़ रुपये में जमीन खरीदी है.कंपनी का लक्ष्य भारत में 1 गीगावॉट डेटा सेंटर क्षमता तैयार करना है. डेटा सेंटर में कंपनियों के डिजिटल डेटा को सुरक्षित रखने और प्रोसेस करने की सुविधा होती है. AI और क्लाउड सेवाओं की बढ़ती मांग के बीच यह कारोबार भविष्य में कंपनी के लिए कमाई का नया जरिया बन सकता है.

कर्ज के मोर्चे पर भी स्थिति बेहतर

कंपनी की वित्तीय स्थिति में भी सुधार देखने को मिला है. सितंबर 2026 तक कंपनी का नेट डेट टू EBITDA रेशियो घटकर 1.18 रह गया, जबकि पिछले साल सितंबर में यह 1.63 था. यह कंपनी की कर्ज चुकाने की क्षमता में सुधार का संकेत है.