FIIs की वापसी! नवंबर में ₹1 लाख करोड़ से ज्यादा खरीदारी, जान लीजिए पूरा मामला

भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों यानी FIIs की शानदार वापसी हुई है. नवंबर 2026 में अब तक विदेशी निवेशकों की नेट खरीदारी 1.12 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है. यह भारतीय बाजार के इतिहास में किसी एक महीने में हुई सबसे बड़ी विदेशी खरीदारी है. इस खरीदारी के दम पर पिछले एक महीने में निफ्टी 10 फीसदी से ज्यादा और सेंसेक्स करीब 11 फीसदी चढ़ा है.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA

सोचिए, जिस भारतीय शेयर बाजार से विदेशी निवेशक लगातार अपना पैसा निकाल रहे थे, उसी बाजार में अब विदेशी निवेशकों ने ऐसी वापसी की है कि नवंबर में खरीदारी का आंकड़ा 1 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है. और यह पहली बार हुआ है कि विदेशी निवेशकों ने एक ही महीने में भारतीय शेयर बाजार में इतनी बड़ी नेट खरीदारी की है.

हैरानी की बात यह है कि जब दुनिया के कई बड़े शेयर बाजार गिरावट से जूझ रहे हैं, तब भारतीय बाजार ने शानदार प्रदर्शन किया है. पिछले एक महीने में निफ्टी 10 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुका है और सेंसेक्स में करीब 11 फीसदी की तेजी आई है.अब सवाल है कि आखिर विदेशी निवेशकों का भारत पर भरोसा अचानक क्यों बढ़ा? क्या दुनिया में AI से जुड़े शेयरों की तेजी धीमी पड़ रही है और निवेशक भारत जैसे दूसरे बाजारों की तरफ रुख कर रहे हैं? और क्या 2027 में निफ्टी 28,500 तक पहुंच सकता है?

विदेशी निवेशकों ने तोड़ा खरीदारी का रिकॉर्ड

सबसे पहले समझते हैं कि विदेशी निवेशकों ने कितनी खरीदारी की है. NSDL और NSE के आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर में अब तक विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FIIs ने भारतीय शेयर बाजार में 1,12,095.78 करोड़ रुपये की नेट खरीदारी की है. बुधवार को ही उन्होंने 5,866.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. इससे नवंबर भारतीय शेयर बाजार के इतिहास में विदेशी निवेशकों की खरीदारी का सबसे बड़ा महीना बन गया है.

यह इसलिए भी खास है क्योंकि सितंबर और अक्टूबर में विदेशी निवेशकों ने मिलकर करीब 70 हजार करोड़ रुपये भारतीय बाजार से निकाल लिए थे. लेकिन नवंबर में उनकी खरीदारी ने इस तस्वीर को पूरी तरह बदल दिया. 2026 में अब तक विदेशी निवेशकों की कुल नेट बिकवाली करीब 3 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी. नवंबर की खरीदारी के बाद यह आंकड़ा घटकर करीब 1.8 लाख करोड़ रुपये रह गया है. यानी विदेशी निवेशकों का रुख अब बदलता हुआ दिखाई दे रहा है.

दुनिया के बाजारों से आगे निकला भारतीय शेयर बाजार

विदेशी निवेशकों की इस खरीदारी का असर शेयर बाजार के प्रदर्शन पर भी दिख रहा है. पिछले एक महीने में निफ्टी 10 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है, जबकि सेंसेक्स में करीब 11 फीसदी की तेजी आई है.

अब दूसरे बड़े बाजारों का हाल देखिए.

  • ताइवान का बाजार करीब 16 फीसदी गिरा.

  • दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब 9 फीसदी नीचे आया.

  • अमेरिका का नैस्डैक और जापान का निक्केई 7 फीसदी से ज्यादा गिरे.

  • S&P 500 करीब 5 फीसदी नीचे आया.

  • हांगकांग का हैंग सेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट करीब 4 फीसदी गिरे.

  • ब्रिटेन का FTSE 100 करीब 2 फीसदी नीचे रहा.

  • यानी इस दौरान भारत दुनिया के प्रमुख शेयर बाजारों में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला बाजार बनकर उभरा.

    आखिर भारत में विदेशी निवेशक पैसा क्यों लगा रहे हैं?

    इसके पीछे एक नहीं, बल्कि कई वजहें हैं. पहली वजह है कंपनियों की कमाई में सुधार. दूसरी वजह कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट. तीसरी वजह रुपये की मजबूती और चौथी वजह दुनिया भर के निवेशकों का अपने पोर्टफोलियो में बदलाव करना. कच्चे तेल की कीमत करीब 92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है. भारत जैसे देश के लिए सस्ता कच्चा तेल राहत की बात है, क्योंकि हम बड़ी मात्रा में तेल आयात करते हैं.

    इसके अलावा रुपया भी मजबूत हुआ है. डॉलर के मुकाबले रुपया एक समय 96.96 के निचले स्तर तक पहुंच गया था, लेकिन अब करीब 93.44 पर आ गया है. इससे विदेशी निवेशकों के लिए भी भारतीय बाजार में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है.

    कंपनियों की कमाई ने भी बढ़ाया भरोसा

    अब बात करते हैं कंपनियों के नतीजों की. सितंबर तिमाही के नतीजों ने बाजार को एक और वजह दी है. ब्रोकरेज फर्म Jefferies के मुताबिक, उसके कवरेज वाली कंपनियों की कमाई में सालाना आधार पर 19 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इस गणना में तेल-गैस और मेटल कंपनियों को शामिल नहीं किया गया है. यह पिछले 11 तिमाहियों में सबसे तेज कमाई की ग्रोथ है. वहीं, इन कंपनियों की बिक्री यानी रेवेन्यू में 21 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. यह पिछले 15 तिमाहियों का सबसे अच्छा आंकड़ा है. एक और अच्छी बात यह है कि लगातार दूसरी तिमाही में कंपनियों की कमाई के अनुमान बढ़ाने वाली रिपोर्टों की संख्या, अनुमान घटाने वाली रिपोर्टों से ज्यादा रही. Jefferies ने वित्त वर्ष 2027 के लिए MSCI India की कंपनियों की कमाई में ग्रोथ का अनुमान भी 1.5 फीसदी बढ़ाकर 16 फीसदी कर दिया है.

    Goldman Sachs को 2027 में भारत से बड़ी उम्मीद

    अब इस कहानी में एक बड़ा नाम जुड़ता है, Goldman Sachs. इस ब्रोकरेज ने भारतीय शेयर बाजार पर अपना नजरिया बदला है और भारत को Overweight रेटिंग दी है. आसान भाषा में इसका मतलब है कि Goldman Sachs अपने निवेश के आकलन में भारतीय बाजार को ज्यादा महत्व दे रहा है. इसके साथ ही उसने 2027 के आखिर तक निफ्टी के लिए 28,500 का टारगेट दिया है.

    Goldman Sachs का मानना है कि भारत में घरेलू मांग मजबूत है, कंपनियों की कमाई में सुधार हो रहा है और विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी काफी कम स्तर पर है. ब्रोकरेज के मुताबिक, दुनिया के टेक्नोलॉजी आधारित बाजारों में AI से जुड़ी कंपनियों की कमाई की रफ्तार धीमी पड़ने पर भारत निवेश के लिए एक वैकल्पिक बाजार बन सकता है. यानी निवेशक अपने पोर्टफोलियो में AI से जुड़े शेयरों के अलावा भारत जैसे बाजारों को भी जगह दे सकते हैं. Goldman Sachs ने यह भी कहा है कि 2027 और 2028 में निफ्टी की कंपनियों की कमाई करीब 15-15 फीसदी बढ़ सकती है.

    क्या दो साल की कमजोरी के बाद भारतीय बाजार की बारी है?

    Goldman Sachs के मुताबिक, 2024 के मध्य से 2026 के आखिर तक भारतीय शेयर बाजार ने एशिया के दूसरे बाजारों के मुकाबले कमजोर प्रदर्शन किया है. ब्रोकरेज का मानना है कि अब इस अंतर में सुधार हो सकता है. इसे बाजार की भाषा में Mean Reversion कहते हैं. यानी जब किसी बाजार का प्रदर्शन लंबे समय तक अपने पुराने औसत से कमजोर रहता है, तो आगे उसमें सुधार की संभावना बन सकती है.

    Goldman Sachs ने इसके लिए इतिहास का उदाहरण भी दिया है. उसके मुताबिक, इससे पहले दो बार ऐसा हुआ है जब भारतीय बाजार लगातार दो साल तक कमजोर रहा. उन दोनों मौकों के बाद अगले साल भारतीय बाजार ने दूसरे बाजारों से 38 फीसदी अंक बेहतर प्रदर्शन किया था. हालांकि, इतिहास में ऐसा हुआ है, इसका मतलब यह नहीं कि इस बार भी वैसा ही होगा.

    अब निवेशकों का रुझान बड़े शेयरों की तरफ

    विदेशी निवेशकों की वापसी के साथ बाजार में एक और बदलाव दिख रहा है. निवेशक अब बड़ी कंपनियों यानी Largecap शेयरों की तरफ ज्यादा ध्यान दे रहे हैं. BNP Paribas के मुताबिक, इसके पीछे अमेरिका में सरकारी बॉन्ड की यील्ड घटना, कच्चे तेल की कीमतों में कमी, GDP ग्रोथ के अनुमानों में सुधार और कंपनियों के अच्छे नतीजे जैसी वजहें हैं.

    सितंबर तिमाही में लार्जकैप कंपनियों की कमाई करीब 20 फीसदी बढ़ी है. इससे बड़ी कंपनियों और मिडकैप-स्मॉलकैप कंपनियों के बीच कमाई की ग्रोथ का अंतर कम हुआ है. वैल्यूएशन के लिहाज से भी बड़े शेयर फिलहाल ज्यादा आकर्षक दिखाई दे रहे हैं.

    BNP Paribas के अनुमान के मुताबिक, लार्जकैप शेयर 18.4 गुना कमाई के भाव पर कारोबार कर रहे हैं. वहीं, मिडकैप शेयरों का यह आंकड़ा 23.1 गुना और स्मॉलकैप का 21.8 गुना है.