Gold ETF vs Gold Mutual Fund: सोने में निवेश के लिए कौन सा विकल्प बेहतर, कहां मिलेगा ज्यादा रिटर्न?

सोने में निवेश के लिए गोल्ड ETF या गोल्ड म्यूचुअल फंड, कौन सा विकल्प बेहतर है? जानिए दोनों में अंतर, खर्च, रिटर्न की पूरी जानकारी.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

सोने की कीमतों में निचले स्तर से करीब 6,000 रुपये की रिकवरी

गोल्ड ETF में खर्च कम, म्यूचुअल फंड में एक्सपेंस रेशियो का अतिरिक्त बोझ

डीमैट अकाउंट नहीं है तो गोल्ड म्यूचुअल फंड में भी कर सकते हैं निवेश

सोने की कीमतों में गिरावट के बाद एक बार फिर तेजी लौट आई है. घरेलू वायदा बाजार में एमसीएक्स पर सोने का भाव 15 महीने के निचले स्तर 1,20,750 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था. हालांकि, इसके बाद लगातार दो कारोबारी सत्रों में सोने की कीमतों में तेजी आई और भाव करीब 1,25,800 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया. यानी निचले स्तर से सोना करीब 6,000 रुपये महंगा हो चुका है. दुनिया के बाजार में भी सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिली है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 3,600 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर 3,679 डॉलर तक पहुंच गया. हालांकि, सोना अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे है. ऐसे में निवेशक एक बार फिर सोने में पैसा लगाने के विकल्प तलाश रहे हैं. लेकिन फिजिकल गोल्ड यानी सोने के सिक्के, बार या गहने खरीदना हर निवेशक के लिए आसान नहीं होता. ऐसे में गोल्ड ETF और गोल्ड म्यूचुअल फंड निवेश के दो लोकप्रिय विकल्प हैं. 

Gold ETF और Gold Mutual Fund में क्या अंतर है?

गोल्ड ETF और गोल्ड म्यूचुअल फंड दोनों का निवेश सोने की कीमतों से जुड़ा होता है. लेकिन इन दोनों में निवेश करने का तरीका अलग है. गोल्ड ETF शेयर बाजार में लिस्टेड होते हैं. इन्हें शेयरों की तरह स्टॉक एक्सचेंज पर खरीदा और बेचा जा सकता है. इसके लिए निवेशक के पास डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट होना जरूरी है. वहीं, गोल्ड म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए डीमैट अकाउंट की जरूरत नहीं होती. निवेशक सीधे म्यूचुअल फंड के जरिए पैसा लगा सकता है. इन फंड्स का पैसा आमतौर पर गोल्ड ETF में ही निवेश किया जाता है. यानी निवेशक को गोल्ड ETF के जरिए सोने की कीमतों में होने वाले बदलाव का फायदा मिलता है.

गोल्ड ETF में निवेश करना क्यों हो सकता है फायदेमंद?

Optima Money Managers के MD और CEO पंकज मठपाल के मुताबिक, गोल्ड ETF में निवेश करने का एक बड़ा फायदा इसकी कम लागत है. गोल्ड म्यूचुअल फंड में निवेश करने पर फंड मैनेजर भी गोल्ड ETF में ही पैसा लगाता है. इसके लिए निवेशक से अलग एक्सपेंस रेशियो लिया जाता है. इस वजह से गोल्ड म्यूचुअल फंड का कुल खर्च गोल्ड ETF के मुकाबले ज्यादा हो सकता है और इसका असर निवेशक के रिटर्न पर पड़ता है. पंकज मठपाल के मुताबिक, गोल्ड ETF में निवेश करने वाले निवेशक को मुख्य रूप से ब्रोकरेज और अन्य लागू ट्रांजैक्शन खर्च का ध्यान रखना होता है. वहीं, गोल्ड म्यूचुअल फंड में फंड मैनेजमेंट का खर्च भी जुड़ जाता है.

गोल्ड ETF और गोल्ड म्यूचुअल फंड में किसे चुनना चाहिए?

SEBI रजिस्टर्ड मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, गोल्ड ETF उन निवेशकों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है, जिन्हें शेयर बाजार और डीमैट अकाउंट की अच्छी जानकारी है. जो निवेशक खुद बाजार पर नजर रख सकते हैं और एक्सचेंज पर खरीदारी करना जानते हैं, वे गोल्ड ETF चुन सकते हैं. वहीं, जिन निवेशकों को शेयर बाजार की ज्यादा जानकारी नहीं है या जो सीधे म्यूचुअल फंड के जरिए निवेश करना चाहते हैं, उनके लिए गोल्ड म्यूचुअल फंड आसान विकल्प हो सकता है. गोल्ड म्यूचुअल फंड में निवेशक SIP के जरिए भी पैसा लगा सकते हैं. इसके लिए उन्हें खुद शेयर बाजार में गोल्ड ETF खरीदने की जरूरत नहीं होती.

गोल्ड ETF खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान?

पंकज मठपाल के मुताबिक, गोल्ड ETF चुनते समय केवल उसके पिछले रिटर्न को देखकर फैसला नहीं करना चाहिए. निवेशक को दो अहम बातों पर ध्यान देना चाहिए.

  • ट्रेडिंग वॉल्यूम:  जिस गोल्ड ETF में खरीद-बिक्री ज्यादा होती है, उसमें आमतौर पर लिक्विडिटी बेहतर रहती है. इससे निवेशक को जरूरत पड़ने पर खरीदने और बेचने में आसानी हो सकती है.
  • प्रीमियम: गोल्ड ETF की कीमत उसके वास्तविक सोने के मूल्य यानी नेट एसेट वैल्यू (NAV) से कितनी अलग है, यह देखना जरूरी है. अगर ETF ज्यादा प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है, तो निवेशक को सोने के वास्तविक मूल्य के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है. इससे भविष्य का रिटर्न प्रभावित हो सकता है.

निवेश से पहले इन बातों को समझना जरूरी

गोल्ड ETF और गोल्ड म्यूचुअल फंड दोनों में निवेश का जोखिम है. सोने की कीमतों में तेजी आने के साथ गिरावट भी हो सकती है. इसलिए केवल हालिया तेजी देखकर निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए. गोल्ड ETF में कम खर्च का फायदा मिल सकता है, लेकिन इसके लिए डीमैट अकाउंट और शेयर बाजार में खरीद-बिक्री की जानकारी जरूरी है. दूसरी तरफ, गोल्ड म्यूचुअल फंड में निवेश करना आसान है और SIP की सुविधा भी मिलती है, लेकिन इसमें एक्सपेंस रेशियो का अतिरिक्त बोझ रहता है. इसलिए निवेश का विकल्प चुनने से पहले अपनी जरूरत, निवेश की अवधि, खर्च और जोखिम उठाने की क्षमता को जरूर समझें.

डिस्क्लेमर: ये लेख सिर्फ जानकारी और शिक्षा के उद्देश्य से है. इसमें दिए गए निवेश संबंधी विचार विशेषज्ञों के हैं. किसी भी निवेश का फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें.