सोने में 32% की भारी गिरावट, पुराने रिकॉर्ड हाई तक लौटने में लग सकते हैं 7 साल? जानिए क्या कहता है इतिहास !

सोना जनवरी 2026 के रिकॉर्ड हाई से 32 फीसदी गिर चुका है. इतिहास बताता है कि वापसी में सालों लग सकते हैं, जबकि बड़े बैंक 2027 तक भाव बढ़ने की उम्मीद जता रहे हैं.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

पिछली बड़ी गिरावटों के बाद वापसी में औसतन 4.5 साल लगे

1980 का पूरा गिरावट चक्र करीब एक दशक चला

1996 में पूरा चक्र छह साल चार महीने रहा

सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है. जनवरी 2026 में करीब 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर छूने वाला सोना अब करीब 1.22 लाख रुपये पर आ गया है. यानी अपने रिकॉर्ड हाई से इसमें लगभग 32 फीसदी की गिरावट आ चुकी है. ऐसे में निवेशकों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि क्या सोना जल्द अपने पुराने स्तर पर लौट पाएगा या फिर इसके लिए कई साल इंतजार करना पड़ सकता है?

FundsIndia की नवंबर 2026 की Wealth Conversations रिपोर्ट में सोने की पिछली बड़ी गिरावटों का विश्लेषण किया गया है. इसके आंकड़े बताते हैं कि सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट के बाद पुराना रिकॉर्ड स्तर हासिल करने में अक्सर लंबा समय लगा है.

पिछली बड़ी गिरावटों के बाद कितने समय में लौटा सोना?

सोने की पिछली बड़ी गिरावटों का रिकॉर्ड

गिरावट का साल

कीमतों में गिरावट

पुराने हाई तक वापसी में समय

पूरा गिरावट-रिकवरी चक्र

1980

57%

7 साल 5 महीने

करीब 10 साल

1996

31%

2 साल 10 महीने

6 साल 4 महीने

2012

29%

जून 2019 तक

6 साल 7 महीने

औसत

—

4 साल 7 महीने

7 साल 6 महीने

औसतन साढ़े सात साल का रहा गिरावट और रिकवरी का सफर

इन तीनों उदाहरणों को मिलाकर देखें तो रिपोर्ट के मुताबिक, सोने को अपने पुराने शिखर से गिरकर निचले स्तर तक पहुंचने में औसतन 2 साल 8 महीने लगे. वहीं, निचले स्तर से पुराने रिकॉर्ड हाई तक लौटने में करीब 4 साल 7 महीने का समय लगा. यानी गिरावट शुरू होने से लेकर पुराना रिकॉर्ड वापस हासिल करने तक का पूरा चक्र औसतन 7 साल 6 महीने का रहा.

यहां एक बात समझना जरूरी है कि साढ़े सात साल का आंकड़ा सिर्फ रिकवरी में लगने वाला समय नहीं है. इसमें गिरावट शुरू होने से लेकर निचले स्तर तक पहुंचने और फिर पुराने हाई पर लौटने तक का पूरा समय शामिल है.

क्या 2026 की गिरावट के बाद भी करना होगा लंबा इंतजार?

मौजूदा गिरावट को देखें तो जनवरी 2026 के रिकॉर्ड हाई से सोना करीब 32 फीसदी टूट चुका है. गिरावट का यह स्तर 1996 और 2012 के दौर के काफी करीब है. ऐसे में पिछला इतिहास संकेत देता है कि सोने में तुरंत पुराने रिकॉर्ड हाई तक पहुंचने की उम्मीद करना जल्दबाजी हो सकती है.

हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि इस बार भी सोने को वापसी में उतना ही समय लगेगा. सोने की आगे की चाल अमेरिकी ब्याज दरों, डॉलर की मजबूती, महंगाई, केंद्रीय बैंकों की खरीदारी और वैश्विक आर्थिक हालात पर निर्भर करेगी.

2027 तक सोने पर बड़े ब्रोकरेज हाउस का भरोसा

दूसरी तरफ, कई बड़े वैश्विक ब्रोकरेज हाउस सोने की कीमतों को लेकर सकारात्मक नजर आ रहे हैं. उनके 2027 के अनुमान इस प्रकार हैं.

2027 तक सोने पर बड़े ब्रोकरेज हाउस के अनुमान

ब्रोकरेज हाउस

सोने का अनुमान

लक्ष्य की अवधि

Goldman Sachs

$4,650 प्रति औंस

दिसंबर 2027

JPMorgan

$4,600 प्रति औंस

2027

HSBC

$4,925 प्रति औंस

2027

UBS

$5,000 प्रति औंस

दिसंबर 2027

हालांकि, इन अनुमानों की तुलना जनवरी 2026 के करीब 5,600 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड हाई से करें तो ये सभी लक्ष्य अब भी नीचे हैं. यानी ब्रोकरेज हाउस सोने में आगे तेजी की उम्मीद तो कर रहे हैं, लेकिन पुराने रिकॉर्ड स्तर तक जल्द वापसी का संकेत नहीं दे रहे.

कुल मिलाकर, सोने की मौजूदा गिरावट निवेशकों के लिए खरीदारी का मौका हो सकती है, लेकिन सिर्फ कीमत नीचे आने को तेजी की गारंटी नहीं माना जा सकता. इतिहास बताता है कि सोने में बड़ी गिरावट के बाद पुराना हाई हासिल करने में कई साल लग सकते हैं. इसलिए निवेश से पहले अपने लक्ष्य, जोखिम उठाने की क्षमता और निवेश की अवधि को ध्यान में रखना जरूरी है.