सोने में बजी खतरे की घंटी ? एक हफ्ते में 5,611 रुपये सस्ता, Goldman Sachs ने भी घटा दिया टारगेट !

एक हफ्ते में सोना 5,611 रुपये सस्ता हुआ, जबकि गोल्डमैन सैक्स ने 2027 का लक्ष्य घटाया. यहां जानें फेड, डॉलर और तेल आगे कीमतों पर कैसे असर डाल सकते हैं.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में सोना एक हफ्ते में करीब चार फीसदी फिसला

चांदी घरेलू बाजार में करीब 8,500 रुपये प्रति किलो गिरी

ऊंची अमेरिकी ब्याज दरें और मजबूत डॉलर मांग दबा सकते हैं

अगर आप सोना खरीदने के लिए कीमतों में गिरावट का इंतजार कर रहे थे, तो हालिया गिरावट आपके लिए राहत लेकर आई है. भारतीय बाजार में 8 नवंबर को 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1,42,361 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो 13 नवंबर तक गिरकर 1,36,750 रुपये पर आ गई. यानी सिर्फ एक हफ्ते में सोना करीब 5,600 रुपये सस्ता हो गया. चांदी की कीमत में भी इसी दौरान करीब 8,500 रुपये प्रति किलो की गिरावट आई.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने पर दबाव है. स्पॉट गोल्ड करीब 3,894 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गया है. साप्ताहिक आधार पर इसमें करीब 4 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. अब सवाल है कि सुरक्षित निवेश माना जाने वाला सोना अचानक इतना सस्ता क्यों हो रहा है?

इसकी बड़ी वजह अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर बदलती उम्मीदें हैं. पहले बाजार को उम्मीद थी कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती कर सकता है. लेकिन अब Goldman Sachs के अर्थशास्त्रियों का अनुमान है कि फेड दिसंबर 2026 में 25 बेसिस पॉइंट और मार्च 2027 में एक बार फिर 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी कर सकता है.

ब्याज दरें ऊंची रहने पर निवेशकों को बैंक जमा और सरकारी बॉन्ड जैसे विकल्पों में बेहतर रिटर्न मिल सकता है. सोना ब्याज नहीं देता, इसलिए ऐसे माहौल में इसकी मांग कमजोर पड़ सकती है. मजबूत डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी भी सोने की कीमतों पर दबाव डालती है.

Goldman Sachs ने क्यों घटाया सोने का टारगेट?

सोने की गिरावट के बीच ग्लोबल ब्रोकरेज Goldman Sachs ने भी अपना अनुमान घटाया है. बैंक ने दिसंबर 2027 के लिए सोने का टारगेट 4,800 डॉलर से कम करके 4,650 डॉलर प्रति औंस कर दिया है. यानी अनुमान में 150 डॉलर की कटौती की गई है.

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि Goldman Sachs ने सोने से पूरी तरह उम्मीद छोड़ दी है. करीब 3,894 डॉलर के मौजूदा भाव के मुकाबले 4,650 डॉलर का टारगेट लगभग 19 फीसदी की संभावित तेजी दिखाता है.

बैंक का मानना है कि ऊंची ब्याज दरों के कारण शुरुआती दौर में निजी निवेशकों की खरीदारी कमजोर रह सकती है. लेकिन आगे ब्याज दरों में कटौती शुरू होने पर सोने की मांग फिर बढ़ सकती है.

क्या लंबी अवधि में सोने की चमक बरकरार रहेगी?

सोने को लंबी अवधि में सहारा देने वाला एक अहम फैक्टर केंद्रीय बैंकों की खरीदारी है. दुनिया के कई केंद्रीय बैंक लगातार अपने भंडार में सोने की हिस्सेदारी बढ़ा रहे हैं. चीन का केंद्रीय बैंक भी इस खरीदारी में शामिल है. इससे निजी निवेशकों की मांग कमजोर रहने के बावजूद सोने को समर्थन मिल सकता है.

तकनीकी नजरिए से अंतरराष्ट्रीय बाजार में 3,850 डॉलर प्रति औंस का स्तर अहम सपोर्ट माना जा रहा है. इसके अलावा डॉलर की चाल, कच्चे तेल की कीमतें और फेडरल रिजर्व के फैसले भी सोने की अगली दिशा तय करेंगे.

सोना खरीदने वालों को क्या करना चाहिए?

अगर आप शादी-ब्याह या किसी निजी जरूरत के लिए सोना खरीदना चाहते हैं, तो कीमतों में आई गिरावट से आपको कुछ राहत जरूर मिली है. लेकिन मौजूदा भाव को सोने का आखिरी निचला स्तर मान लेना सही नहीं होगा. आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव संभव है.

ऐसे में खरीदारी की योजना बनाने वालों के लिए चरणों में खरीदारी करना एक विकल्प हो सकता है. यानी पूरा बजट एक साथ लगाने के बजाय जरूरत और बजट के हिसाब से अलग-अलग समय पर खरीदारी की जा सकती है.

कुल मिलाकर, Goldman Sachs का टारगेट घटाना निकट अवधि में सोने के लिए चुनौतियों का संकेत है. लेकिन केंद्रीय बैंकों की खरीदारी और आगे ब्याज दरों में संभावित कटौती लंबी अवधि में इसे सहारा दे सकती है. इसलिए सोना सस्ता जरूर हुआ है, लेकिन क्या यह खरीदारी का सबसे अच्छा मौका है, इसका जवाब आने वाले दिनों के बाजार संकेत देंगे.