सोना या चांदी या शेयर बाजार, कहां बन रहा है कमाई का मौका? समझिए Gold-Silver Ratio के संकेत

Gold-Silver Ratio बढ़कर 78 पर पहुंच गया है. सोने के मुकाबले चांदी सस्ती हुई है, वहीं Sensex-Gold और Nifty-Gold Ratio में सुधार से शेयर बाजार में निवेश के बेहतर संकेत मिल रहे हैं. जानिए निवेशकों के लिए क्या है एक्सपर्ट की सलाह.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

Gold-Silver Ratio बढ़कर 78 पर पहुंचा

जनवरी में 43.6 पर था यह रेशियो

चांदी सोने के मुकाबले 60% टूटी

सोने की कीमत में करीब 30% की गिरावट

सोने और चांदी में निवेश करने वालों के लिए बाजार से एक दिलचस्प संकेत मिल रहा है. इस साल जनवरी में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद चांदी की कीमतों में सोने के मुकाबले ज्यादा गिरावट आई है. अब Gold-Silver Ratio बढ़कर 78 पर पहुंच गया है. इसका मतलब है कि एक औंस सोना खरीदने के लिए अब 78 औंस चांदी की जरूरत है. यह संकेत देता है कि सोने के मुकाबले चांदी फिलहाल सस्ती हो गई है. दूसरी तरफ, Sensex-Gold और Nifty-Gold Ratio में भी सुधार देखने को मिल रहा है. इससे संकेत मिलता है कि सोने के मुकाबले शेयर बाजार का प्रदर्शन बेहतर हो रहा है. Augmont की चीफ रिसर्च ऑफिसर रेनिशा चेनानी के मुताबिक, मौजूदा रेशियो नए निवेश के लिहाज से शेयर बाजार के पक्ष में संकेत दे रहे हैं.

क्या होता है Gold-Silver Ratio?

सबसे पहले समझते हैं कि Gold-Silver Ratio क्या है. इसे निकालने के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की एक औंस कीमत को चांदी की एक औंस कीमत से भाग दिया जाता है.13 नवंबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना करीब 3,900 डॉलर प्रति औंस और चांदी करीब 50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी. इस हिसाब से Gold-Silver Ratio करीब 78 बैठता है. इस साल जनवरी में यह रेशियो गिरकर 43.6 पर आ गया था. उस समय चांदी की कीमत करीब 121.65 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई थी. इसके बाद चांदी ने सोने के मुकाबले करीब 60 फीसदी की गिरावट दर्ज की, जबकि सोने में करीब 30 फीसदी की गिरावट आई. ऐतिहासिक तौर पर 1971 से अब तक Gold-Silver Ratio का औसत करीब 60.5 रहा है. यानी मौजूदा 78 का स्तर बताता है कि चांदी सोने के मुकाबले अपेक्षाकृत सस्ती है. हालांकि, रेशियो अभी 80 से ऊपर नहीं पहुंचा है, जिसे कुछ बाजार विशेषज्ञ संभावित बदलाव का अहम स्तर मानते हैं.

क्या चांदी में निवेश का मौका बन रहा है?

रेनिशा चेनानी के मुताबिक, Gold-Silver Ratio का 78 तक पहुंचना बताता है कि सोने के मुकाबले चांदी का मूल्य आकर्षक हो रहा है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि चांदी की कीमत तुरंत बढ़ने लगेगी. उनके मुताबिक, चांदी की मांग और सप्लाई का अंतर भी इस पर असर डाल सकता है. Silver Institute के अनुमान के मुताबिक, 2026 में चांदी के बाजार में 35 मिलियन औंस की कमी रह सकती है. यह लगातार छठा साल होगा, जब मांग के मुकाबले सप्लाई कम रहने का अनुमान है. हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आशंकाएं और डॉलर की मजबूती जैसी स्थितियां चांदी की कीमतों पर दबाव बनाए रख सकती हैं. इसलिए चांदी में निवेश धीरे-धीरे करने की सलाह दी जा रही है.

सोने के मुकाबले शेयर बाजार कितना मजबूत?

अब बात शेयर बाजार की. इसके लिए Sensex-Gold और Nifty-Gold Ratio देखा जाता है. इन रेशियो से पता चलता है कि सोने की कीमत के मुकाबले शेयर बाजार का प्रदर्शन कैसा है. 13 नवंबर को सेंसेक्स 81,648 के स्तर पर था, जबकि निफ्टी 25,174 पर कारोबार कर रहा था. वहीं, MCX पर सोने की कीमत करीब 1,36,850 रुपये प्रति 10 ग्राम के आधार पर Sensex-Gold Ratio करीब 0.60 और Nifty-Gold Ratio करीब 1.84 रहा.रेनिशा चेनानी के मुताबिक, पिछले एक महीने में निफ्टी करीब 10.8 फीसदी चढ़ा है, जबकि MCX गोल्ड में करीब 7.9 फीसदी की गिरावट आई है. इसी वजह से शेयर बाजार का प्रदर्शन सोने के मुकाबले बेहतर हुआ है. उनका कहना है कि ऐतिहासिक तौर पर Sensex-Gold Ratio के 0.5 से 0.7 के दायरे में रहने के बाद शेयर बाजार में सालाना औसतन 16 से 31 फीसदी तक रिटर्न देखने को मिला है. हालांकि, यह पिछला प्रदर्शन है, भविष्य में इसी तरह के रिटर्न की गारंटी नहीं है.

निवेशकों को क्या करना चाहिए?

रेनिशा चेनानी का मानना है कि निवेशकों को इन रेशियो का इस्तेमाल बाजार में सही समय पकड़ने के बजाय अपने पोर्टफोलियो में संतुलन बनाने के लिए करना चाहिए. उनकी सलाह है कि निवेशक पहले यह तय करें कि उनके कुल निवेश में सोने और चांदी की हिस्सेदारी कितनी होनी चाहिए. उदाहरण के लिए, अगर कोई निवेशक अपने पोर्टफोलियो का 15 से 20 फीसदी हिस्सा कीमती धातुओं में रखना चाहता है, तो उसे समय-समय पर इसकी समीक्षा करनी चाहिए. अगर सोने और चांदी में तेजी के कारण इनकी हिस्सेदारी तय सीमा से ज्यादा हो गई है, तो कुछ मुनाफा निकालकर शेयर बाजार में निवेश किया जा सकता है. वहीं, Gold-Silver Ratio 80 के आसपास पहुंचने पर चांदी में धीरे-धीरे निवेश बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है. चेनानी के मुताबिक, कुल कीमती धातुओं में चांदी की हिस्सेदारी करीब एक चौथाई तक रखी जा सकती है. चांदी में एकमुश्त बड़ी रकम लगाने के बजाय ETF या हर महीने SIP के जरिए निवेश करना बेहतर तरीका हो सकता है.

सोने से पूरी तरह बाहर निकलना सही नहीं

शेयर बाजार के मुकाबले सोने का प्रदर्शन कमजोर जरूर हुआ है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि निवेशक सोने से पूरी तरह बाहर निकल जाएं. सोना अब भी पोर्टफोलियो में जोखिम से बचाव यानी हेज के तौर पर अहम भूमिका निभाता है. इसलिए मौजूदा संकेतों का मतलब सोना छोड़कर पूरा पैसा शेयर बाजार या चांदी में लगाना नहीं है. बेहतर रणनीति यह हो सकती है कि निवेशक अपने पोर्टफोलियो में तय अनुपात बनाए रखें और बाजार के उतार-चढ़ाव के हिसाब से समय-समय पर रीबैलेंसिंग करें.

डिस्क्लेमर: इस स्टोरी में दिए गए निवेश संबंधी विचार और सुझाव Augmont की चीफ रिसर्च ऑफिसर रेनिशा चेनानी के हैं. ये व्यक्तिगत निवेश सलाह नहीं हैं. निवेश का फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें.