GTA 6 की लॉन्चिंग से गेमिंग की दुनिया में हलचल, राघव चड्ढा भी हुए दीवाने, जानिए कितनी है कीमत
करीब 13 साल के इंतजार के बाद GTA 6 भारत समेत दुनियाभर में लॉन्च हो गया है. गेम में Jason और Lucia मुख्य किरदार हैं. इसकी कीमत 5,999 रुपये से शुरू होती है. फिलहाल यह PS5 और Xbox पर उपलब्ध है. गेम इंस्टॉल करने के लिए 212GB तक स्टोरेज चाहिए.
ADVERTISEMENT

गेमर्स का 13 साल लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. दुनिया भर में जिस गेम का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था, वह अब लॉन्च हो चुका है. भारत समेत दुनिया के कई देशों में Rockstar Games ने अपना मशहूर वीडियो गेम Grand Theft Auto 6 यानी GTA 6 रिलीज कर दिया है.
खास बात यह है कि कई गेमर्स ने इसे खेलने के लिए ऑफिस से छुट्टी तक ले ली है. ब्रिटेन में तो कुछ लोगों ने छुट्टी के लिए भेजे गए ईमेल में GTA 6 का नाम भी साफ-साफ लिख दिया. भारत में भी नेताओं में इसकी दिलचस्पी देखने को मिल रही है. बाकायदा बीजेपी के नेता राघव चड्ढा ने तो गेम खेलते हुए रील भी शेयर की है. इंस्टाग्राम पर इस गेम का ट्रेड देखने को मिल रहा है.
अब सवाल है कि इस बार GTA 6 में ऐसा क्या खास है? इसकी कीमत कितनी है? इसे कौन खेल सकता है और क्या यह PUBG जैसे गेम्स को टक्कर दे पाएगा? आइए, आसान भाषा में पूरी कहानी समझते हैं.
भारत में रात 12 बजे लॉन्च हुआ GTA 6
GTA सीरीज के फैंस को इस नए गेम के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा है. अब Rockstar Games ने इसे रिलीज कर दिया है. कंपनी के मुताबिक, गेम अलग-अलग देशों में वहां के स्थानीय समय के अनुसार रात 12 बजे लॉन्च किया गया.
भारत में भी 19 नवंबर की शुरुआत होते ही गेम उपलब्ध हो गया. न्यूजीलैंड उन शुरुआती देशों में शामिल रहा, जहां गेमर्स को सबसे पहले इसे खेलने का मौका मिला. GTA 6 की लॉन्चिंग को लेकर गेमर्स में जबरदस्त उत्साह है. कई लोगों ने गेम खेलने के लिए अपनी छुट्टियां पहले से प्लान कर ली थीं. ब्रिटेन में कुछ गेमर्स ने तो ऑफिस से छुट्टी मांगने की वजह भी नहीं छिपाई.
GTA 6 में कौन हैं नए किरदार?
इस बार Rockstar Games ने गेम में दो नए मुख्य किरदार शामिल किए हैं. इनके नाम जेसन डुवाल (Jason Duval) और लूसिया कैमिनोस (Lucia Caminos) हैं.
गेम की कहानी इन दोनों किरदारों के आसपास घूमती है. दोनों अपराध की दुनिया में फंस जाते हैं. कहानी की शुरुआत एक ऐसी लूट की वारदात से होती है, जो योजना के मुताबिक नहीं होती. इसके बाद दोनों एक बड़ी आपराधिक साजिश में उलझ जाते हैं. यानी इस बार भी गेम में क्राइम, एक्शन और रोमांच का पूरा तड़का देखने को मिलेगा.
किस जगह पर आधारित है GTA 6 की दुनिया?
GTA 6 की कहानी अमेरिका के काल्पनिक राज्य लियोनिडा (Leonida) में सेट है. इसकी दुनिया अमेरिकी राज्य फ्लोरिडा से प्रेरित है. गेम में मशहूर वाइस सिटी (Vice City) भी देखने को मिलेगा. यह असल में मियामी शहर का काल्पनिक रूप है. इस बार Rockstar ने पहले के मुकाबले बड़ा ओपन-वर्ल्ड अनुभव तैयार किया है. इसमें नई लोकेशन, नए किरदार और कई तरह के वन्यजीव भी दिखाई देंगे. खिलाड़ियों को इस बार एक बड़ी और अलग दुनिया में घूमने का मौका मिलेगा. यही वजह है कि GTA 6 को लेकर गेमिंग की दुनिया में इतनी चर्चा है.
GTA 6 कैसे खेल सकेंगे?
अगर आप भी GTA 6 खेलने की तैयारी कर रहे हैं, तो सबसे पहले अपने गेमिंग कंसोल की जानकारी रख लीजिए. फिलहाल यह गेम PlayStation 5 और Xbox Series X/S के लिए उपलब्ध है. गेम को PlayStation Store और Xbox Store से खरीदा और डाउनलोड किया जा सकता है.
हालांकि, अभी इसका PC वर्जन लॉन्च नहीं हुआ है. इसके अलावा Android और iOS यूजर्स के लिए भी इसका कोई आधिकारिक वर्जन उपलब्ध नहीं है.
इसलिए इंटरनेट पर मिलने वाले GTA 6 Free Download, PC Build या Mobile APK के लिंक से सावधान रहें. ऐसे फर्जी लिंक में मालवेयर हो सकता है. इससे आपके अकाउंट और निजी डेटा को नुकसान पहुंच सकता है.
GTA 6 डाउनलोड करने के लिए कितनी जगह चाहिए?
GTA 6 की दुनिया काफी बड़ी है. इसका असर गेम की फाइल के साइज पर भी दिखाई देता है. गेम डाउनलोड और इंस्टॉल करने के लिए करीब 212GB तक स्टोरेज की जरूरत पड़ सकती है. इसलिए डाउनलोड शुरू करने से पहले अपने PS5 या Xbox की स्टोरेज जरूर चेक कर लें. अगर आपके कंसोल में पर्याप्त जगह नहीं है, तो गेम डाउनलोड करने में परेशानी हो सकती है.
भारत में कितनी है GTA 6 की कीमत?
अब सबसे जरूरी सवाल. GTA 6 खेलने के लिए जेब कितनी ढीली करनी पड़ेगी? भारत में गेम के दो एडिशन उपलब्ध हैं. पहला स्टैंडर्ड एडिशन और दूसरा अल्टीमेट एडिशन.
स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपये रखी गई है. वहीं, अल्टीमेट एडिशन खरीदने के लिए 7,499 रुपये खर्च करने होंगे. यानी दोनों की कीमत में 1,500 रुपये का अंतर है.
अल्टीमेट एडिशन में खिलाड़ियों को अतिरिक्त डिजिटल कंटेंट और इन-गेम बोनस मिलेंगे. ऐसे में अगर आप सिर्फ गेम खेलना चाहते हैं, तो स्टैंडर्ड एडिशन का विकल्प चुन सकते हैं.
GTA 6 के ट्रेलर ने पहले ही मचा दिया था धमाल
गेम की लॉन्चिंग से पहले ही इसके ट्रेलर ने इंटरनेट पर धूम मचा दी थी. ट्रेलर रिलीज होने के बाद पहले 24 घंटे में YouTube पर इसे 9.3 करोड़ व्यूज मिले थे. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि GTA 6 को लेकर गेमर्स कितने उत्साहित थे. अब गेम लॉन्च होने के बाद फैंस को इसकी असली दुनिया में उतरने का मौका मिल रहा है.
Blinkit से भी मंगा सकते हैं GTA 6 का बॉक्स
अगर आप गेम की फिजिकल कॉपी खरीदना चाहते हैं, तो इसके लिए भी एक विकल्प सामने आया है. क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Blinkit GTA 6 का फिजिकल बॉक्स डिलीवर कर रहा है.
हालांकि, यहां एक बात समझना जरूरी है. इस बॉक्स में गेम की असली डिस्क नहीं मिलेगी. इसमें डिजिटल डाउनलोड कोड दिया जाएगा. बॉक्स मिलने के बाद इस कोड की मदद से अपने गेमिंग कंसोल पर गेम डाउनलोड किया जा सकेगा.
क्या PUBG को मिलेगी GTA 6 से टक्कर?
GTA 6 की लॉन्चिंग के बाद गेमिंग की दुनिया में इसकी चर्चा तेज है. PUBG जैसे लोकप्रिय गेम्स के बीच भी इसकी तुलना की जा रही है. हालांकि, दोनों गेम का अनुभव अलग है. GTA 6 में ओपन-वर्ल्ड, क्राइम और कहानी पर ज्यादा जोर है. वहीं, PUBG का मुख्य फोकस बैटल रॉयल मुकाबले पर रहता है.
ऐसे में GTA 6 की लोकप्रियता गेमिंग की दुनिया में नया रिकॉर्ड बना सकती है. अब देखना होगा कि लॉन्चिंग के बाद गेमर्स इसे कितना पसंद करते हैं और यह गेमिंग इंडस्ट्री में कितनी बड़ी जगह बना पाता है.
GTA 6 से जुड़े 10 महत्वपूर्ण सवाल-जवाब (FAQs)
1. GTA 6 भारत में कब लॉन्च हुआ?
GTA 6 भारत में 19 नवंबर को लॉन्च हुआ. इसे दुनियाभर में स्थानीय समय के मुताबिक रात 12 बजे रिलीज किया गया.
2. GTA 6 किस कंपनी ने बनाया है?
GTA 6 को Rockstar Games ने बनाया है. यह Grand Theft Auto सीरीज का नया गेम है.
3. भारत में GTA 6 की कीमत कितनी है?
भारत में GTA 6 के Standard Edition की कीमत 5,999 रुपये और Ultimate Edition की कीमत 7,499 रुपये है.
4. GTA 6 किन डिवाइस पर खेल सकते हैं?
फिलहाल GTA 6 PlayStation 5 और Xbox Series X/S पर उपलब्ध है. PC और मोबाइल के लिए इसका आधिकारिक वर्जन लॉन्च नहीं हुआ है.
5. GTA 6 डाउनलोड करने के लिए कितनी स्टोरेज चाहिए?
GTA 6 इंस्टॉल करने के लिए करीब 212GB तक खाली स्टोरेज की जरूरत पड़ सकती है.
6. GTA 6 की कहानी किन किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है?
GTA 6 की कहानी के दो मुख्य किरदार Jason Duval और Lucia Caminos हैं. दोनों अपराध की दुनिया से जुड़ी एक साजिश में फंस जाते हैं.
7. GTA 6 में Vice City किस शहर से प्रेरित है?
GTA 6 का Vice City अमेरिका के मियामी शहर का काल्पनिक रूप है. गेम की कहानी काल्पनिक राज्य Leonida में सेट है, जो फ्लोरिडा से प्रेरित है.
8. GTA 6 के ट्रेलर को YouTube पर कितने व्यूज मिले थे?
GTA 6 के ट्रेलर को लॉन्च होने के पहले 24 घंटे में YouTube पर 9.3 करोड़ व्यूज मिले थे.
9. क्या GTA 6 मोबाइल पर डाउनलोड कर सकते हैं?
नहीं. फिलहाल GTA 6 का आधिकारिक Android या iOS वर्जन उपलब्ध नहीं है. मोबाइल APK और अनजान डाउनलोड लिंक से बचना चाहिए.
10. क्या Blinkit से GTA 6 खरीद सकते हैं?
हां. Blinkit GTA 6 का फिजिकल बॉक्स डिलीवर कर रहा है. हालांकि, इसमें गेम की डिस्क नहीं बल्कि डिजिटल डाउनलोड कोड मिलता है. इस कोड से कंसोल पर गेम डाउनलोड किया जा सकता है.
