भारत-अमेरिका ट्रेड डील में क्यों फंसा पेच? रूस के तेल और कृषि पर अटकी बातचीत
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बातचीत जारी है, लेकिन अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जैमिसन ग्रीर के मुताबिक समझौता अभी जल्द होने की स्थिति में नहीं है. रूस से तेल खरीद, कृषि बाजार और टैरिफ जैसे मुद्दे दोनों देशों के बीच डील की राह में बड़े पेच बने हुए हैं.
ADVERTISEMENT

न्यूज़ हाइलाइट्स
भारत-अमेरिका ट्रेड डील अभी जल्द नहीं
पीयूष गोयल का रुख ज्यादा सकारात्मक
कृषि बाजार, रुसी तेल पर मतभेद
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर लंबे समय से बातचीत चल रही है. पिछले कुछ दिनों में ऐसे संकेत मिल रहे थे कि दोनों देश समझौते के करीब पहुंच सकते हैं. लेकिन अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जैमिसन ग्रीर के ताजा बयान से साफ है कि डील के ऐलान में अभी और समय लग सकता है. जैमिसन ग्रीर ने कहा है कि भारत के साथ ट्रेड डील अभी imminent यानी तुरंत होने वाली नहीं है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों ने उन सभी मुद्दों की पहचान कर ली है, जो बातचीत में अड़चन बने हुए हैं. ग्रीर का बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फोन पर हुई बातचीत के एक दिन बाद आया है. ग्रीर ने दोनों नेताओं की बातचीत को पॉजिटिव और रचनात्मक बताया.
