Nifty 50 की चमक पड़ी फीकी! मिडकैप-स्मॉलकैप की तरफ क्यों भाग रहे निवेशक?

शेयर बाजार में निवेशकों का नजरिया बदल रहा है. Nifty 50 में संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी 25 साल के निचले स्तर पर पहुंच गई है. जानिए म्यूचुअल फंड, FPI और आम निवेशक अब मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में क्यों बढ़ा रहे हैं निवेश.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

निफ्टी 50 में संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी 25 साल के निचले स्तर पर पहुंची

सितंबर 2026 तक कुल संस्थागत निवेश में निफ्टी 50 की हिस्सेदारी घटकर 54.6%

म्यूचुअल फंड का निफ्टी 50 में निवेश पहली बार 50% से नीचे फिसला

शेयर बाजार में निवेश करने वाले लोगों की पसंद धीरे-धीरे बदल रही है. पहले निवेशकों का ज्यादा भरोसा निफ्टी 50 की बड़ी और दिग्गज कंपनियों पर रहता था, लेकिन अब वे इन कंपनियों से आगे बढ़कर मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मौके तलाश रहे हैं. खास बात ये है कि ये बदलाव सिर्फ आम निवेशकों में नहीं, बल्कि म्यूचुअल फंड, विदेशी निवेशकों और बैंकों जैसे बड़े संस्थागत निवेशकों के बीच भी देखने को मिल रहा है. ये खुलासा 'Market Pulse  November 2026' की ताजा रिपोर्ट में हुआ है. 

72 फीसदी से घटकर 54.6 फीसदी पर पहुंचा हिस्सा

निफ्टी 50 की कंपनियों में निवेशकों की घटती दिलचस्पी को लंबे समय के आंकड़ों से भी समझा जा सकता है. दिसंबर 2019 में संस्थागत निवेशकों के कुल निवेश का 72.4 फीसदी हिस्सा निफ्टी 50 की कंपनियों में था. लेकिन अब यह घटकर 54.6 फीसदी रह गया है. यानी करीब सात साल में बड़ी कंपनियों में संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी 17.8 प्रतिशत अंक कम हो चुकी है.

MFs से लेकर FIIs तक का बदला रुख

निफ्टी 50 से दूरी बनाने का यह रुझान लगभग सभी बड़े निवेशक वर्गों में दिखाई दे रहा है. घरेलू म्यूचुअल फंड की बात करें तो निफ्टी 50 की कंपनियों में उनका निवेश घटकर 49.4 फीसदी रह गया है. एक तिमाही में इसमें 2 प्रतिशत अंक की गिरावट आई है. यह 21 साल का सबसे निचला स्तर है. पहली बार म्यूचुअल फंड के निवेश में निफ्टी 50 की हिस्सेदारी 50 फीसदी से नीचे आई है.
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों यानी FPI के कुल निवेश में निफ्टी 50 का हिस्सा घटकर 56.2 फीसदी रह गया है. ये अब तक का सबसे कम स्तर है. इसी तरह बैंक, वित्तीय संस्थानों और बीमा कंपनियों के निवेश में भी निफ्टी 50 की हिस्सेदारी घटकर 62.4 फीसदी रह गई है. यह भी रिकॉर्ड निचला स्तर है.

मिडकैप और स्मॉलकैप ने दिया ज्यादा रिटर्न

निवेशकों के बदलते रुख की एक बड़ी वजह मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों का बेहतर प्रदर्शन भी है. पिछले तीन और पांच साल के रिटर्न पर नजर डालें तो इन दोनों इंडेक्स ने निफ्टी 50 के मुकाबले बेहतर कमाई कराई है. सितंबर 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, निफ्टी मिडकैप 150 ने तीन साल में सालाना 13 फीसदी और पांच साल में 14 फीसदी का रिटर्न दिया है. वहीं, निफ्टी स्मॉलकैप 250 ने तीन साल में 13.3 फीसदी और पांच साल में 13.7 फीसदी का सालाना रिटर्न दिया. इसके मुकाबले निफ्टी 50 का सालाना रिटर्न तीन साल में सिर्फ 4.8 फीसदी और पांच साल में 5.1 फीसदी रहा. यानी पिछले कुछ वर्षों में मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों ने निवेशकों को बड़ी कंपनियों के मुकाबले ज्यादा रिटर्न दिया है. इसी वजह से निवेशक अब अपने पोर्टफोलियो में इन कंपनियों की हिस्सेदारी बढ़ाने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं.

आम निवेशक भी बड़ी कंपनियों से बना रहे दूरी

ये बदलाव सिर्फ बड़े संस्थागत निवेशकों तक सीमित नहीं है. आम निवेशक भी अब निफ्टी 50 की कंपनियों से आगे बढ़कर दूसरी कंपनियों में निवेश कर रहे हैं. सितंबर 2026 की तिमाही में आम निवेशकों के पोर्टफोलियो में निफ्टी 50 की कंपनियों की हिस्सेदारी 68 बेसिस पॉइंट घटकर 32.8 फीसदी रह गई. साल 2001 से उपलब्ध आंकड़ों में यह सबसे कम स्तर है. खास बात यह है कि लगातार तीसरी तिमाही में आम निवेशकों के पोर्टफोलियो में निफ्टी 50 की हिस्सेदारी घटी है. मार्च 2020 से सितंबर 2026 के बीच आम निवेशकों के पोर्टफोलियो में निफ्टी 50 की हिस्सेदारी 21.8 प्रतिशत अंक कम हुई है. इस दौरान पूरे शेयर बाजार के मार्केट कैप में निफ्टी 50 की हिस्सेदारी भी 19.7 प्रतिशत अंक घटी है. यानी आम निवेशकों ने बड़ी कंपनियों से अपना निवेश घटाने की रफ्तार बाजार के कुल बदलाव से भी ज्यादा रखी है.

बाजार में निवेश का नया दौर शुरू हो रहा है?

निवेशकों का यह बदलता नजरिया भारतीय शेयर बाजार के लिए एक बड़ा संकेत है. इसका मतलब यह नहीं है कि बड़ी कंपनियों की अहमियत खत्म हो रही है. निफ्टी 50 की कंपनियां अब भी निवेशकों के पोर्टफोलियो का बड़ा हिस्सा हैं. लेकिन अब निवेशक सिर्फ बड़ी और जानी-पहचानी कंपनियों तक सीमित नहीं रहना चाहते. वे अलग-अलग सेक्टर, कारोबार और बाजार पूंजीकरण वाली कंपनियों में निवेश के मौके तलाश रहे हैं. इससे निफ्टी 50 से बाहर की कंपनियों को भी निवेशकों का पैसा आकर्षित करने का मौका मिल सकता है. Market Pulse की रिपोर्ट इस बदलाव को भारतीय पूंजी बाजार के परिपक्व होने का संकेत मानती है. अब निवेशकों की नजर सिर्फ बाजार की 50 सबसे बड़ी कंपनियों पर नहीं, बल्कि पूरे शेयर बाजार में मौजूद कमाई के अवसरों पर है. आने वाले समय में यह बदलाव भारतीय शेयर बाजार की दिशा और निवेश की रणनीति दोनों को प्रभावित कर सकता है.