IPO से पहले भी शेयर खरीदने का मौका! SEBI ला रहा है नया एक्सचेंज, बदल जाएगा Unlisted Market?
सेबी आईपीओ से पहले शेयरों की खरीद-बिक्री के लिए अलग एक्सचेंज पर विचार कर रहा है. जानें नया प्लेटफॉर्म कैसे काम करेगा और निवेशकों के लिए क्या जोखिम होंगे.
ADVERTISEMENT

न्यूज़ हाइलाइट्स
अभी अनलिस्टेड शेयर ब्रोकर के जरिए डीमैट खातों में ट्रांसफर होते हैं
GMP अनौपचारिक है और अच्छी लिस्टिंग या मुनाफे की गारंटी नहीं
SEBI जल्द सलाह पत्र जारी कर बाजार से सुझाव मांग सकता है
शेयर बाजार में अब एक ऐसा एक्सचेंज आ सकता है, जहां किसी कंपनी के शेयर खरीदने के लिए उसके IPO का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. यानी कंपनी का IPO बाजार में आने से पहले ही उसके शेयरों की खरीद-बिक्री का मौका मिल सकता है. खास बात यह है कि इस नई व्यवस्था को लाने की तैयारी कोई निजी कंपनी नहीं, बल्कि खुद बाजार नियामक SEBI कर रहा है.
SEBI चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने हाल ही में एक कारोबारी कार्यक्रम में इस प्रस्ताव का जिक्र किया. इसके तहत IPO की तैयारी कर रही कंपनियों के शेयरों की ट्रेडिंग के लिए एक अलग एक्सचेंज बनाने पर विचार किया जा रहा है. इस प्रस्ताव पर सुझाव लेने के लिए जल्द ही Consultation Paper भी जारी किया जा सकता है.
लेकिन सवाल है कि जब देश में NSE और BSE जैसे बड़े एक्सचेंज पहले से मौजूद हैं, तो इस नए प्लेटफॉर्म की जरूरत क्यों पड़ रही है? और क्या इससे आम निवेशकों के लिए IPO से पहले शेयर खरीदना आसान हो जाएगा?
अभी कैसे होती है Unlisted Shares की खरीद-बिक्री?
फिलहाल भारत में IPO से पहले कंपनियों के शेयरों की ट्रेडिंग के लिए कोई अलग रेगुलेटेड एक्सचेंज नहीं है. ऐसे में अगर किसी कंपनी का मौजूदा शेयरहोल्डर अपने शेयर बेचना चाहता है, तो उसे खरीदार तलाशना पड़ता है. इसके लिए Unlisted Share Dealers और ब्रोकर की मदद ली जाती है. सौदा तय होने पर शेयर एक डीमैट खाते से दूसरे डीमैट खाते में ट्रांसफर कर दिए जाते हैं.
इसके अलावा IPO से पहले Grey Market में भी सौदे होते हैं. यहां IPO के संभावित लिस्टिंग भाव को लेकर अनौपचारिक खरीद-बिक्री की जाती है.
इसे एक उदाहरण से समझिए. मान लीजिए किसी कंपनी के IPO का इश्यू प्राइस 500 रुपये है और Grey Market में उसका GMP 150 रुपये चल रहा है. इसका मतलब है कि अनौपचारिक बाजार में उस IPO के शेयर को इश्यू प्राइस से 150 रुपये ज्यादा के प्रीमियम पर आंका जा रहा है.
लेकिन ध्यान रहे, GMP कोई आधिकारिक कीमत नहीं है. यह सिर्फ बाजार में चल रहे अनुमान को दिखाता है. इससे शेयर की लिस्टिंग या मुनाफे की गारंटी नहीं मिलती.
नए एक्सचेंज से क्या बदल सकता है?
यही वह जगह है जहां SEBI का प्रस्ताव अहम हो जाता है. अगर यह एक्सचेंज शुरू होता है, तो IPO से पहले होने वाले शेयरों के सौदों के लिए एक व्यवस्थित प्लेटफॉर्म मिल सकता है.
इसके संभावित फायदे हो सकते हैं:
-
पारदर्शिता बढ़ेगी: खरीदने और बेचने वालों को एक तय प्लेटफॉर्म मिल सकता है.
कीमत का बेहतर अंदाजा: शेयरों की मांग और सप्लाई के आधार पर भाव तय होने में मदद मिल सकती है.
नियामकीय निगरानी: सौदों को नियमों और निगरानी के दायरे में लाने का रास्ता खुल सकता है.
हालांकि, यह अभी एक प्रस्ताव है. इसकी वास्तविक व्यवस्था और नियम सामने आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी.
क्या Pre-IPO एक्सचेंज से IPO की जरूरत खत्म हो जाएगी?
बिल्कुल नहीं. दोनों के काम में बुनियादी अंतर है. Unlisted Market में आमतौर पर कंपनी के पहले से जारी शेयरों की खरीद-बिक्री होती है. यानी एक निवेशक अपने शेयर बेचता है और दूसरा उन्हें खरीदता है.
वहीं IPO के जरिए कंपनी पहली बार आम निवेशकों के सामने शेयर जारी कर सकती है और कारोबार बढ़ाने के लिए पूंजी जुटा सकती है. इसलिए Pre-IPO एक्सचेंज, IPO का विकल्प नहीं होगा. यह IPO से पहले शेयरों की खरीद-बिक्री के लिए एक अतिरिक्त रास्ता बन सकता है.
निवेशकों को किन बातों का ध्यान रखना होगा?
SEBI ने 23 नवंबर को Grey Market Premium को लेकर भी निवेशकों को आगाह किया था. नियामक ने स्पष्ट किया कि GMP अनौपचारिक और अनियमित है. ऐसे सौदों में विवाद होने पर निवेशकों को SEBI या स्टॉक एक्सचेंज की शिकायत निवारण व्यवस्था का लाभ नहीं मिलता.
इसके अलावा Pre-IPO शेयर खरीदने में भी कई जोखिम हैं:
-
कंपनी अपना IPO टाल सकती है या पूरी योजना रद्द कर सकती है.
निवेशक का पैसा लंबे समय तक फंस सकता है.
IPO आने के बाद शेयर की कीमत खरीद भाव से नीचे भी जा सकती है.
Pre-IPO शेयर खरीदने से IPO में अलॉटमेंट की गारंटी नहीं मिलती.
यानी SEBI का यह प्रस्ताव Unlisted Shares के बाजार को ज्यादा व्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम कदम हो सकता है. लेकिन निवेशकों को यह नहीं भूलना चाहिए कि किसी कंपनी के IPO से पहले शेयर खरीद लेना अपने आप में मुनाफे का सौदा नहीं है. असली फर्क इस बात से पड़ेगा कि कंपनी का कारोबार कितना मजबूत है और आपने उसके शेयर किस कीमत पर खरीदे हैं.
