सितंबर में सेंसेक्स-निफ्टी टूटे, फिर भी इक्विटी म्यूचुअल फंड में 31% निवेश बढ़ा, स्मॉलकैप फंड बने पहली पसंद
सितंबर 2026 में सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट के बावजूद इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश 31% बढ़कर 38,306 करोड़ रुपये पहुंचा. सबसे ज्यादा पैसा स्मॉलकैप फंड्स में आया. इन फंड्स में 9,038.57 करोड़ रुपये का निवेश आया.
ADVERTISEMENT

न्यूज़ हाइलाइट्स
सितंबर में इक्विटी म्यूचुअल फंड निवेश 31% बढ़ा
कुल निवेश बढ़कर ₹38,306 करोड़ के पार
स्मॉलकैप फंड में सबसे ज्यादा ₹9,038 करोड़ आए
मिडकैप फंड में ₹7,834 करोड़ का निवेश
शेयर बाजार में सितंबर के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश बढ़ गया. बाजार की कमजोरी के बीच निवेशकों ने शेयरों से दूरी बनाने के बजाय म्यूचुअल फंड के जरिए इक्विटी में पैसा लगाना जारी रखा. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया यानी AMFI के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2026 में इक्विटी म्यूचुअल फंड स्कीमों में शुद्ध निवेश करीब 31 फीसदी बढ़कर 38,306.55 करोड़ रुपये पहुंच गया. अगस्त में यह आंकड़ा 29,328.62 करोड़ रुपये था. इस निवेश में सबसे ज्यादा पैसा स्मॉलकैप फंड में आया. मिडकैप और फ्लेक्सीकैप फंड भी निवेशकों की पसंद बने रहे. वहीं, लार्जकैप फंड में भी अगस्त के मुकाबले सुधार देखने को मिला और ये दोबारा निवेश के मामले में पॉजिटिव दायरे में आ गए.
