चांदी की चमक पड़ सकती है फीकी! सोलर सेक्टर से घटेगी मांग, एक्सपर्ट्स ने क्यों दी बड़ी चेतावनी?
चांदी की कीमतों में तेजी के बीच BMO Capital Markets की नई रिपोर्ट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है. रिपोर्ट के मुताबिक, सोलर सेक्टर से चांदी की मांग कमजोर पड़ सकती है. महंगी चांदी के कारण कंपनियां इसका इस्तेमाल कम करने और दूसरे विकल्प तलाशने में जुटी हैं.
ADVERTISEMENT

चांदी... एक ऐसी धातु, जिसकी कीमतों ने इस साल निवेशकों को खूब चौंकाया है. कभी इसकी कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला, तो कभी अचानक बड़ी गिरावट आई. लेकिन अब चांदी को लेकर एक ऐसी रिपोर्ट आई है, जो निवेशकों की चिंता बढ़ा सकती है.
दरअसल, दुनिया के बड़े वित्तीय संस्थानों में शामिल BMO Capital Markets का मानना है कि चांदी की तेजी को आगे बढ़ाने वाला एक बड़ा सहारा कमजोर पड़ रहा है. और वो सहारा है सोलर यानी सौर ऊर्जा का कारोबार.
अब तक सोलर पैनल बनाने में चांदी की अच्छी-खासी खपत होती रही है. लेकिन अब सोलर सेक्टर में मांग की रफ्तार धीमी पड़ने और कंपनियों की ओर से चांदी का इस्तेमाल कम करने की कोशिशों से इस धातु के सामने नई चुनौती खड़ी हो सकती है.
BMO का यह भी कहना है कि आने वाले वर्षों में चांदी की सप्लाई मांग से ज्यादा हो सकती है. ऐसे में सवाल है कि क्या चांदी की कीमतों की तेजी पर ब्रेक लग सकता है? क्या निवेशकों की खरीदारी भी सोलर सेक्टर से घटने वाली मांग की भरपाई नहीं कर पाएगी? चलिए, पूरी कहानी आसान भाषा में समझते हैं.
BMO को चांदी की तेजी पर क्यों हो रहा शक?
BMO Capital Markets की कमोडिटी टीम ने अपनी नई रिपोर्ट में कहा है कि गोल्ड-सिल्वर रेशियो आने वाले चार साल में करीब 85 तक पहुंच सकता है. फिलहाल यह लगभग 76 के आसपास है.
अब समझिए गोल्ड-सिल्वर रेशियो होता क्या है. आसान भाषा में, एक औंस सोना खरीदने के लिए जितनी औंस चांदी की जरूरत होती है, उसे गोल्ड-सिल्वर रेशियो कहते हैं. अगर यह रेशियो बढ़ता है, तो इसका मतलब है कि सोने के मुकाबले चांदी की कीमत कमजोर पड़ रही है.
BMO के मुताबिक, चांदी के लिए सबसे बड़ा जोखिम यह है कि उसकी मांग बढ़ाने वाला सोलर सेक्टर अब पहले जैसी रफ्तार से आगे नहीं बढ़ रहा है.
सोलर सेक्टर में चांदी की मांग क्यों घट सकती है?
चांदी का इस्तेमाल सोलर पैनल बनाने में किया जाता है. इसकी मदद से पैनल में बिजली का संचालन होता है. पिछले कुछ वर्षों में दुनिया भर में सौर ऊर्जा की क्षमता तेजी से बढ़ी है. इससे चांदी की औद्योगिक मांग को भी सहारा मिला.
लेकिन अब BMO का कहना है कि सोलर सेक्टर अपनी ही सफलता की वजह से नई परेशानी का सामना कर रहा है. दुनिया में रिन्यूएबल एनर्जी यानी नवीकरणीय ऊर्जा बनाने की क्षमता तो तेजी से बढ़ी है, लेकिन उस बिजली को इस्तेमाल करने के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर उतनी तेजी से तैयार नहीं हुआ.
मसलन, बिजली के ग्रिड, एक जगह से दूसरी जगह बिजली पहुंचाने वाली लाइनें और ऊर्जा को स्टोर करने वाली बैटरी. इनकी क्षमता बढ़ती सौर ऊर्जा के साथ कदम नहीं मिला पाई है.
इसका नतीजा यह हो सकता है कि नई सोलर परियोजनाओं की रफ्तार धीमी पड़े और सोलर पैनल बनाने में इस्तेमाल होने वाली चांदी की मांग भी घटने लगे.
महंगी चांदी से कंपनियां भी निकाल रही हैं रास्ता
चांदी के सामने दूसरी चुनौती इसकी ऊंची कीमतें हैं. BMO की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल चांदी की कीमत कुछ समय के लिए 120 डॉलर प्रति औंस से ऊपर चली गई थी.
जब कोई कच्चा माल बहुत महंगा हो जाता है, तो कंपनियां उसका इस्तेमाल कम करने या उसके विकल्प तलाशने लगती हैं. सोलर पैनल बनाने वाली कंपनियां भी ऐसा ही कर रही हैं.
BMO का कहना है कि चांदी की कीमतों में तेजी ने सोलर कंपनियों को इसकी खपत कम करने यानी थ्रिफ्टिंग की प्रक्रिया तेज करने के लिए प्रोत्साहित किया है. कुछ कंपनियां तो सोलर पैनल में चांदी की जगह दूसरे विकल्प इस्तेमाल करने की दिशा में भी काम कर रही हैं.
यानी चांदी महंगी होने से एक तरफ निवेशकों को फायदा दिख सकता है, लेकिन दूसरी तरफ औद्योगिक ग्राहक इसका इस्तेमाल कम करने लगते हैं. लंबे समय में यह मांग पर दबाव डाल सकता है.
2030 तक चांदी की सप्लाई मांग से ज्यादा हो सकती है
अब इस रिपोर्ट की सबसे अहम बात समझिए. पिछले कुछ वर्षों में सोलर और दूसरे औद्योगिक क्षेत्रों की मांग के चलते चांदी की खपत बढ़ी. इससे बाजार में उपलब्ध पुराने स्टॉक में भी कमी आई और कई साल तक चांदी की सप्लाई मांग से कम रही.
इसी कमी की आशंका ने निवेशकों को चांदी खरीदने के लिए आकर्षित किया. उन्हें लगा कि अगर मांग ज्यादा रही और सप्लाई कम हुई, तो कीमतों में तेजी बनी रह सकती है.
लेकिन BMO का अनुमान है कि सोलर सेक्टर से मांग घटने पर यह तस्वीर बदल सकती है. बैंक के मुताबिक, 2030 तक चांदी का सरप्लस यानी मांग के मुकाबले अतिरिक्त सप्लाई ऐतिहासिक रूप से ऊंचे स्तर पर पहुंच सकता है.
अब बाजार में जरूरत से ज्यादा चांदी होगी, तो उसे खरीदने वाले भी चाहिए होंगे. BMO का कहना है कि ऐसे अतिरिक्त स्टॉक को खपाने के लिए चांदी की कीमत को इतना आकर्षक होना पड़ सकता है कि निवेशक बड़ी मात्रा में इसे खरीदने के लिए आगे आएं.
क्या निवेशकों की खरीदारी चांदी को संभाल पाएगी?
चांदी की कीमत सिर्फ औद्योगिक मांग से तय नहीं होती. निवेशक भी इसमें बड़ी भूमिका निभाते हैं. लोग चांदी को एक निवेश विकल्प और महंगाई या आर्थिक अनिश्चितता के समय एक वैकल्पिक संपत्ति के तौर पर खरीदते हैं.
लेकिन BMO का मानना है कि निवेशकों की खरीदारी सोलर सेक्टर से घटने वाली मांग की पूरी भरपाई शायद नहीं कर पाएगी.
बैंक के मुताबिक, अगर चांदी की कीमतें मौजूदा ऊंचे स्तर पर बनी रहनी हैं और आगे भी बढ़नी हैं, तो निवेशकों को कई साल तक असाधारण रूप से बड़ी मात्रा में चांदी खरीदनी होगी. यानी चांदी की तेजी का दारोमदार अब निवेशकों की मजबूत खरीदारी पर ज्यादा निर्भर हो सकता है.
तो कुल मिलाकर, BMO की रिपोर्ट चांदी के बाजार के सामने एक बड़ी चुनौती की ओर इशारा करती है. सोलर सेक्टर से मांग कमजोर पड़ सकती है, महंगी चांदी के विकल्प तलाशे जा रहे हैं और 2030 तक सप्लाई मांग से ज्यादा होने का अनुमान है.
हालांकि, यह BMO का अनुमान है, भविष्य का तय नतीजा नहीं. चांदी की कीमतों पर निवेश मांग, दूसरे औद्योगिक इस्तेमाल, वैश्विक अर्थव्यवस्था और सप्लाई में होने वाले बदलावों का भी असर पड़ेगा. इसलिए सिर्फ तेजी या गिरावट के अनुमान के आधार पर निवेश का फैसला करना ठीक नहीं होगा.
