नक्सल, हसदेव, आदिवासी, किसान… जब 5 मुद्दों को लेकर सीएम साय पर भड़के बैज

Chhattisgarh Politics- छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस (Congress) की सक्रियता बढ़ गई है. प्रदेश में हार झेलने के बाद पार्टी आगामी चुनाव के…

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA

Chhattisgarh Politics- छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस (Congress) की सक्रियता बढ़ गई है. प्रदेश में हार झेलने के बाद पार्टी आगामी चुनाव के लिए अलग-अलग मुद्दों पर बीजेपी और साय सरकार को घेरने की कवायद करती नजर आ रही है. पीसीसी प्रमुख दीपक बैज (Deepak Biaj) ने मंगलवार को बीजेपी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं नक्सल, हसदेव, आदिवासी, किसान और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के खिलाफ हमला बोला. साथ ही लोकसभा चुनाव (Lok Sabha  को लेकर भी उन्होंने बड़ा दावा किया.

जगदलपुर के कांग्रेस भवन पहुंचे पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेसवार्ता में हसदेव मामला, प्रदेश में बढ़ती नक्सली घटनाओं पर सवाल उठाया. उन्होंने भाजपा सरकार पर किसानो से झूठे वादे करने का भी आरोप लगाया.

पहला हमला- किसानों के मुद्दे पर

बैज ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए किसानों से भाजपा के नेताओ ने झूठ बोला था कि सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ किया जायेगा, लेकिन अब भाजपा उस बयान से मुकर गई है. उन्होंने भाजपा को किसान विरोधी सरकार भी करार दिया.

दूसरा और तीसरा हमला- कानून व्यवस्था और नक्सल गतिविधियों पर

पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब अपराध गढ़ बन गया है. कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई है. आए दिन नक्सली घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं. नक्सली भाजपा नेताओ की हत्या कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस शासनकाल में इसे ‘टारगेट किलिंग’ कहती थी और अब भाजपा शासन काल में नक्सली कौन सी किलिंग कर रहे हैं इसका जवाब भी भाजपा के नेताओं को देना चाहिए,  वे चुप क्यों हैं?

चौथा और पांचवां हमला- हसदेव और आदिवासियों के मुद्दे पर

बैज ने हसदेव मामले को लेकर पूछा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री आदिवासी हैं, वन मंत्री आदिवासी हैं फिर क्यों आदिवासियों पर भाजपा सरकार अत्याचार कर रही है?

उन्होंने मांग की कि सबसे पहले ‘फर्जी ग्राम सभा’ को निरस्त किया जाना चाहिए और ग्राम सभा की जांच करानी चाहिए. हसदेव में पेड़ों की कटाई पर भी तत्काल रोक लगानी चाहिए.

लोक सभा चुनाव को लेकर क्या कहा?

बैज ने कहा कि 14 जनवरी से शुरू होने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर से निकल कर मुम्बई में समाप्त होगी. आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को जनता का आशीर्वाद मिलेगा.

इसे भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ कांग्रेस को मिल गया बड़ा मुद्दा! लोकसभा चुनाव से पहले पलटेगी बाजी?