कोर्ट से क्लीन चिट के बाद अरविंद केजरीवाल फिर जंतर-मंतर पर भरेंगे हुंकार
दिल्ली के जंतर‑मंतर पर 1 मार्च को अरविंद केजरीवाल बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे. आम आदमी पार्टी की यह रैली राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा आबकारी नीति मामले में केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत सभी आरोपियों को डिस्चार्ज किए जाने के बाद पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन मानी जा रही है.
ADVERTISEMENT

अरविंद केजरीवाल जंतर-मतर पर भरेंगे हुंकार.
दिल्ली का जंतर-मंतर एक बार फिर बड़ी राजनीतिक गूंज का केंद्र बनने जा रहा है. रविवार, 1 मार्च को सुबह 11 बजे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल विशाल सभा को संबोधित करेंगे. यह सभा सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं मानी जा रही, बल्कि उस फैसले के बाद जनता के बीच पहला बड़ा संदेश होगी जिसमें राउज एवेन्यू कोर्ट ने कथित आबकारी नीति मामले में केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत सभी 23 आरोपियों को पूरी तरह डिस्चार्ज कर दिया.