दिल्ली में प्रदूषण से हालात बेकाबू, आनंद विहार, नरेला और आईटीओ में हवा सबसे ज्यादा जहरीली, जानें कब मिलेगी राहत?
राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण से हालात अब भी गंभीर बने हुए हैं, हालांकि कल के मुकाबले AQI स्तर में मामूली सुधार देखा गया है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बूंदाबांदी से प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
ADVERTISEMENT

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जहरीली हवा और स्मॉग की मार लगातार जारी है. हालांकि, सरकारी आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार (14 नवंबर) को हवा की गुणवत्ता में कल के मुकाबले मामूली सुधार दर्ज किया गया है. कल जहां दिल्ली के लगभग 33 एक्यूआई (AQI) सेंटर्स पर हवा गंभीर (Severe) श्रेणी में थी, वहीं आज ऐसे सेंटर्स की संख्या घटकर 7 रह गई है. इसके बावजूद दिल्ली के कई इलाकों में हवा अभी भी 'दमघोटू' बनी हुई है.
अक्षरधाम और सीडब्ल्यूजी कॉम्प्लेक्स धुंध की चादर में लिपटे
दिल्ली के प्रमुख इलाकों जैसे अक्षरधाम मंदिर और उसके पीछे स्थित कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) कॉम्प्लेक्स के आसपास का इलाका घने स्मॉग और धुंध की चादर में पूरी तरह ढका नजर आ रहा है. नेशनल हाईवे से लेकर शहर के हर कोने तक प्रदूषण का यह असर साफ देखा जा सकता है.
इन इलाकों में स्थिति सबसे खराब
दिल्ली का ओवरऑल एक्यूआई इस समय करीब 348 दर्ज किया गया है, लेकिन शहर के कुछ पॉकेट ऐसे हैं जहां प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक बना हुआ है:
- नरेला: 433 (सबसे खराब स्थिति)
- नॉर्थ कैंपस: 420
- आईटीओ (ITO): 418
- आईआईटी दिल्ली: 416 (जो पिछले 10 दिनों से प्रदूषण का हॉटस्पॉट बना हुआ है)
मौसम विभाग का अनुमान: क्या मिलेगी राहत?
दिल्लीवासियों को फिलहाल प्रदूषण से राहत के लिए आसमान और मौसम के करवट लेने का इंतजार है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी (दिखाई दे सकती है). यदि हल्की बारिश होती है, तो प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है.
ये भी पढ़ें: Greater Noida West Metro: इन 5 स्टेशनों के आसपास आसमान छूने वाली हैं प्रॉपर्टी की कीमतें, जानिए पूरी डिटेल
