दिल्ली के चावड़ी बाजार में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरा, 2 की मौत

दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार को निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का हिस्सा गिर गया. हादसे में दो लोगों की मौत और एक व्यक्ति घायल हुआ है. मलबे में 6-7 लोगों के फंसे होने की आशंका है. NDRF और दमकल विभाग की टीमें बचाव अभियान में जुटी हैं. सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर सवाल उठाए.

ADVERTISEMENT

Delhi building collapse
Delhi building collapse
Google CTA

दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया. चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है. वहीं, मलबे में 6 से 7 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है.

हादसा गली सत्तारा के शीश महल इलाके में हुआ. इमारत का हिस्सा गिरते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल विभाग की टीम ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया.

मौके पर पहुंची NDRF की टीम

दिल्ली फायर विभाग के मुताबिक, उसे एक निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिली थी. इसके बाद तुरंत छह फायर टेंडर घटनास्थल पर भेजे गए. राहत और बचाव कार्य के लिए NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची.

मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान चलाया गया. दिल्ली पुलिस ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है. वहीं, एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है.

सौरभ भारद्वाज ने सरकार और MCD पर उठाए सवाल

चावड़ी बाजार हादसे के बाद आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार और नगर निगम (MCD) पर निशाना साधा. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चावड़ी बाजार और चांदनी चौक में एक और तीन मंजिला इमारत गिर गई है. मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है.

सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाया कि दिल्ली में इमारतों का कई बार सेफ्टी ऑडिट कराया गया है, इसके बावजूद ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा जांच के आदेश तो दिए जाते हैं, लेकिन उन पर सही तरीके से कार्रवाई नहीं होती.

फायर और राजस्व विभाग पर भी लगाए आरोप

सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि पहले दिल्ली पुलिस और MCD पर रिश्वत लेने की शिकायतें सामने आती थीं. लेकिन रेखा गुप्ता सरकार के आने के बाद फायर विभाग और राजस्व विभाग के SDM पर भी इमारतों से रिश्वत लेने के आरोप लगने लगे हैं.

उन्होंने दावा किया कि जो लोग रिश्वत देने से इनकार करते हैं, उनकी इमारतों को MCD सील कर देती है. उन्होंने ग्रेटर कैलाश-2 मार्केट में दो जिम सील किए जाने का उदाहरण भी दिया. भारद्वाज ने सवाल किया कि दक्षिणी दिल्ली के उसी जोन में दूसरे जिम और व्यावसायिक इमारतें क्यों खुली हुई हैं. उन्होंने इसे चुनिंदा कार्रवाई बताते हुए सरकार और संबंधित विभागों की जवाबदेही पर सवाल उठाए.

 

दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में भरभराकर गिरी बहुमंजिला इमारत, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी