9 पुलिसकर्मियों को घायल करने वाले नबील ने कब-कैसे दिया घटना को अंजाम? जानिए जामा मस्जिद घटना की पूरी कहानी

Jama Masjid Incident: दिल्ली की जामा मस्जिद में 20 वर्षीय नबील ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर 9 पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया. पहले थाने में सब इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मियों पर हमला किया, फिर स्कूटी छीनकर फरार हो गया. चितली कबर के पास घेराबंदी के दौरान भी उसने पुलिस टीम पर हमला किया, जिसके बाद पुलिस ने 8 राउंड फायरिंग की. जानिए जामा मस्जिद घटना की पूरी टाइमलाइन.

ADVERTISEMENT

Jama Masjid Incident
Jama Masjid Incident
Google CTA

दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में बीते कल पुलिसकर्मियों पर हुए हमले ने इलाके के लोगों को दहला कर रख दिया है. आरोपी ने अलग-अलग जगहों पर हमला कर कुल 9 पुलिसवालों को जख्मी कर दिया है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस हमले में 2 सब इंस्पेक्टर, एक एएसआई, दो हेड कांस्टेबल और 4 कांस्टेबल घायल हुए है. हालांकि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी नबील पर आठ राउंड फायर की, जिसके बाद वह जख्मी हो गया. फिलहाल उसे भी इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. अब इस मामले की कहानी खुद इलाके के डीसीपी रोहित राजबीर ने बयां की, जिसमें उन्होंने घटना की पूरी टाइमलाइन बताई है. आइए विस्तार से जानते हैं पूरी बात.

थाने क्यों पहुंचा था आरोपी नबील?

डीसीपी रोहित राजबीर ने वारदात की कहानी बताते हुए कहा कि, दिन में करीब दो बजे जामा मस्जिद थाने में दो लोग(मां-बेटी) आए. उन्होंने शिकायत कि हमारे घर का एक व्यक्ति नबील, उन्हें काफी परेशान करते रहता है. मां-बेटी ने पुलिस से गुजारिश किया कि नबील को एक बार बुलाकर उसकी काउंसलिंग की जाए. ये शिकायत उन्होंने थाने में मौजूद सब इंस्पेक्टर अजय से की.

इसकी बाद सब इंस्पेक्टर अजय ने नबील को थाना बुलाने के लिए फोन किया. इस पर नबील ने कहा कि वह अभी नहीं आ सकता. इस पर अजय ने कहा कि तुम्हारी मां और बहन यहीं पर है और तुम्हें आना ही पड़ेगा. इस पर उसने कहा कि मैं थाने आ रहा हूं और फिर एकदम से फोन रख दिया.

थाने पहुंचते ही कर दिया हमला

डीसीपी के मुताबिक, थाने पहुंचते ही नबील ने सबसे पहले पूछा कि उसे किसने बुलाया है? जैसे ही सब इंस्पेक्टर अजय ने कहा कि मैंने बुलाया है, तभी अचानक नबील ने चाकू से उनके गले और चेहरे पर वार कर दिया. स्थिति को संभालने और आरोपी को काबू करने के लिए जब वहां मौजूद पुलिसकर्मी आगे बढ़े तो उसने उनपर भी हमला करना शुरू कर दिया. जो भी अजय की मदद करने के लिए आगे बढ़े, नबील पर उन सब पर चाकू से हमला किया और सभी के चेहरे और गले पर वार कर दिया. इस हमले में दो सब इंस्पेक्टर, एक एएसआई और दो हेड कांस्टेबल जख्मी हो गए.

स्कूटी छीनकर भागा था आरोपी

थाने में पांच पुलिसकर्मी को घायल करने के बाद आरोपी नबील थाने से बाहर की ओर भागा. जैसे ही वह बाहर निकलकर आया, उसे एक स्कूटी सवार दिखा जो अपने रास्ते कही जा रहा था. आरोपी ने उसे रोका, मारपीट की, धक्का देकर गिरा दिया और फिर वहीं स्कूटी से वहां फरार हो गया.

डीसीपी रोहित राजबीर ने बताया कि जैसे ही उन्हें इस हमले की सूचना मिली, घायल पुलिसकर्मियों को सबसे नजदीकी संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया. यहां पर उनका प्राथमिक उपचार(First-Aid) कराया गया और फिर सभी को बेहतर इलाज के लिए गंगाराम अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल इनमें से 4 लोगों को एडमिट किया गया है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

चितली कबर के पास 4 पुलिसकर्मियों को किया घायल

डीसीपी ने आगे बताया कि, इस दौरान नबील का पीछा करने और उसका पता लगाने के लिए हमारी कई टीमें लगी हुई थी. दरियागंज, जामा मस्जिद, चांदनी महल के अलावा ऑपरेशंस, स्पेशल स्टाफ और ATS की टीमें भी नबील को ढूंढ रही थी. इसी दौरान नबील का लोकेशन चितली कबर के पास ट्रैक हुई. यहां हमारी टीम पहुंची और उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी गई.

इसके बाद जैसे ही पुलिस की टीम उसके पास पहुंची, नबील ने फिर से चाकू निकाल लिया और टीम पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए. इस दौरान 4 कांस्टेबल घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस की फायरिंग में नबील हुआ घायल

उन्होंने आगे बताया कि, जब पुलिस को लगा कि नबील इस तरह काबू में नहीं आएगा, तो उन्होंने पहले सेल्फ-डिफेंस में दो तीन फायर किए. लेकिन नबील फिर भी उनके काबू में नहीं आया, जिसके बाद कुल 8 राउंड फायरिंग की गई. इस दौरान आरोपी के दोनों पैरों को मिलाकर उसे कुल 6 गोलियां लगी, जिससे उसका काफी खून बहने लगा. उसे भी एलएनजेपी अस्पतला में इलाज के लिए शिफ्ट किया गया है.

मामले में तीन केस दर्ज

डीसीपी राजबीर के मुताबिक, इस घटना में कुल तीन केस रजिस्टर किए गए है. पहला केस जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मी पर हुए हमले को लेकर है. दूसरा केस जबरन स्कूटी छीनकर भागने को लेकर दर्ज किया जा रहा है. वहीं तीसरा चितली कबर पर पुलिसकर्मियों पर किए गए हमले को लेकर है, जहां पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसपर फायरिंग की. वहीं यह भी पता चला है कि साल 2022 में एक झगड़े को लेकर भी मामला दर्ज हुआ है. डीसीपी ने साफ कहा है कि नबील मानसिक रूप से बिल्कुल ठीक है और वह 20 साल का है.

दिल्लीवालों की जेब पर बढ़ेगा बोझ? घर से कूड़ा उठाने के लिए हर महीने देना होगा यूज़र चार्ज, जानें क्या है ये