Delhi Metro News: केशवपुर से पुष्पांजलि के बीच तैयार हुआ नया ट्रैक, यात्रियों को जल्द मिलेगी कई नई मेट्रो लाइनों की कनेक्टिविटी
Delhi Metro News: दिल्ली मेट्रो के फेज-4 प्रोजेक्ट के तहत केशवपुर से पुष्पांजलि के बीच करीब 6 किलोमीटर का नया ट्रैक तैयार हो गया है. इस सेक्शन पर इसी महीने ट्रायल रन शुरू होने और दिसंबर के अंत तक यात्री सेवा शुरू होने की उम्मीद है. छह नए स्टेशन बनने से पीरागढ़ी पर ग्रीन लाइन समेत चार प्रमुख मेट्रो लाइनों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी. जानिए पूरी डिटेल.
ADVERTISEMENT

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) अपने फेज-4 प्रोजेक्ट के तहत जनकपुरी पश्चिम से आरके आश्रम कॉरिडोर के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कर रहा है. इस कॉरिडोर पर केशवपुर से पुष्पांजलि के बीच करीब 6 किलोमीटर लंबा हिस्सा बनकर लगभग तैयार हो चुका है. डीएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार, इस 6 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर इसी महीने से ट्रायल रन शुरू कर दिया जाएगा. वहीं, सब कुछ योजना के अनुसार रहने पर दिसंबर के अंत तक इस रूट पर मेट्रो का व्यावसायिक परिचालन भी यात्रियों के लिए शुरू करने की उम्मीद जताई जा रही है.
चालक रहित ट्रेनें और 6 नए स्टेशनों की सौगात
तकरीबन 29 किलोमीटर लंबे इस पूरे जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम कॉरिडोर पर आधुनिक तकनीक से लैस चालक रहित (ड्राइवरलेस) मेट्रो ट्रेनें चलाई जाएंगी. नए शुरू होने वाले 6 किलोमीटर के हिस्से में कुल 6 नए स्टेशन बनाए गए हैं, जिनके नाम केशवपुर, पश्चिम विहार, पीरागढ़ी, मंगोलपुरी, वेस्ट एनक्लेव और पुष्पांजलि हैं. यात्रियों के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए पीरागढ़ी स्टेशन को ग्रीन लाइन के साथ इंटरचेंज स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है, जहाँ दोनों लाइनों को जोड़ने के लिए 160 मीटर लंबा फुट ओवरब्रिज (FOB) भी बनकर तैयार है.
चार प्रमुख मेट्रो लाइनों से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
इस नए सेक्शन के चालू हो जाने से मजेंटा लाइन दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की चार प्रमुख लाइनों को आपस में जोड़ने का काम करेगी. पीरागढ़ी में ग्रीन लाइन, पीतमपुरा में रेड लाइन, हैदरपुर बादली मोड़ पर येलो लाइन और मजलिस पार्क में पिंक लाइन के साथ इसका सीधा जुड़ाव होगा. इस इंटरकनेक्टिविटी के कारण उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के रहने वाले यात्रियों को दक्षिण दिल्ली, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 और नोएडा के बोटैनिकल गार्डन तक बिना किसी परेशानी के सीधी मेट्रो सेवा उपलब्ध हो जाएगी. इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो का कुल दायरा बढ़कर 422 किलोमीटर और स्टेशनों की संख्या 309 हो जाएगी.
सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम और 'एंटी ड्रैग सिस्टम' की शुरुआत
दिसंबर 2023 में रेड लाइन के इंद्रलोक स्टेशन पर दरवाजे में कपड़ा फंसने की वजह से हुई एक महिला यात्री की दुखद मौत के बाद सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई थी. इस तरह के हादसों को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए डीएमआरसी ने पुरानी ट्रेनों के दरवाजों में 'एंटी ड्रैग सिस्टम' लगाने की शुरुआत की है. पहले जहां 15 मिलीमीटर या उससे अधिक मोटाई का सामान फंसने पर ही दरवाजे अलर्ट होते थे, वहीं अब 5 से 7 मिलीमीटर जितना पतला कपड़ा, साड़ी, दुपट्टा या बैग की पट्टी फंसते ही मेट्रो में तुरंत ऑटोमैटिक ब्रेक लग जाएंगे. सफल परीक्षण के बाद अब इस सुरक्षा प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से बाकी सभी पुरानी ट्रेनों में लागू किया जा रहा है.
Delhi Metro Phase 4 Update: कब शुरू होगी गोल्डन लाइन और मजेंटा लाइन? जानिए ताजा रिपोर्ट
