दिल्ली: महिला को सदर बाजार में सस्ता सामान खरीदना पड़ा महंगा, घर पहुंचते ही समझ आया पूरा स्कैम
Delhi Sadar Bazar Scam: दिल्ली के प्रसिद्ध सदर बाजार से खरीदारी का एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जहां महिलाओं ने 100 रुपये में चार पैकेट मोजे खरीदे, लेकिन घर पहुंचकर पैकेट खोलने पर अंदर कटे-फटे और बेमेल मोजे निकले. सस्ते के चक्कर में हुए इस स्कैम की अब हर तरफ चर्चा हो रही है.
ADVERTISEMENT

Delhi Sadar Bazar Scam: राजधानी दिल्ली के बाजारों में मोलभाव करना और सस्ते दाम में सामान खरीदना हम सबकी आदत होती है. खासकर थोक बाजारों या पटरी पर जब कोई सामान बेहद कम कीमत पर मिल जाता है, तो लोग बिना ज्यादा सोचे उसे खरीद लेते हैं. यह सोचकर कि इससे हमारे पैसे बच जाएंगे. लेकिन कई बार यह 'सस्ता रोए बार-बार, महंगा रोए एक बार' वाली कहावत को बिल्कुल सच कर देता है. इन दिनों सोशल मीडिया पर दिल्ली के मशहूर सदर बाजार का एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ महिलाओं के साथ सस्ते के चक्कर में एक बड़ा स्कैम हो गया.
क्या है पूरा मामला और कैसे हुआ खुलासे का खेल?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ महिलाएं मोजे (Socks) के पैकेट दिखाती हुई नजर आ रही हैं. इन पैकेटों को इस शानदार और पेशेवर तरीके से पैक किया गया था कि देखने में बिल्कुल ब्रांडेड और प्रीमियम लगते हैं. कोई भी ग्राहक इन्हें देखकर आसानी से इनके झांसे में आ सकता है. ऊपर से इनकी कीमत भी बेहद कम थी मात्र 100 रुपये में चार पैकेट! ऐसे में भला कोई इन्हें क्यों नहीं खरीदना चाहेगा
दुकानदारों ने ग्राहकों को भरोसा दिलाने के लिए अपनी तरफ से एक सैंपल के तौर पर बिल्कुल सही पैकेट खोलकर भी दिखाया था, जिससे महिलाओं को लगा कि सौदा बिल्कुल पक्का और सही है. उन्होंने अपनी पसंद के पैकेट खरीद लिए. लेकिन असली खेल तब शुरू हुआ जब वे घर पहुंचीं और पैकेट खोले.
घर पहुंचकर पैकेट खोला तो उड़ गए होश
जैसे ही महिलाओं ने घर पहुंचकर वे सीलबंद पैकेट खोले, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. वीडियो में महिलाएं दिखाती हैं कि पैकेट के अंदर एक भी जोड़ा सही नहीं निकला. कोई मोजा कटा-फटा था, तो किसी के जोड़े आपस में मैच ही नहीं कर रहे थे (यानी एक पैर का डिजाइन अलग तो दूसरे पैर का बिल्कुल अलग). दुकानदारों ने होलसेल के नाम पर सीलबंद पैकेट में पुराना और खराब सामान भरकर महिलाओं को भारी चूना लगा दिया था.
वीडियो में पीड़ित महिलाएं अन्य लोगों से अपील कर रही हैं कि वे कभी भी सदर बाजार या ऐसी जगहों से सीलबंद या पैक किया हुआ सामान न खरीदें, जिसे दुकानदार खोलने से मना करें.
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा और लोगों की प्रतिक्रियाएं
यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग जमकर अपने अनुभव शेयर कर रहे हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई यूजर्स ने कमेंट किया कि उनके साथ भी चांदनी चौक या ऐसे ही अन्य बाजारों में इस तरह का धोखा हो चुका है. लोगों का कहना है कि फेस्टिव सीजन या भीड़भाड़ वाले बाजारों में दुकानदारों द्वारा इस तरह की ठगी आम हो गई है, जिससे ग्राहकों को सावधान रहने की बेहद जरूरत है. इस वायरल वीडियो से यह सबक मिलता है कि थोड़ा सा पैसा बचाने के चक्कर में कई बार बहुत बड़ा नुकसान हो जाता है, इसलिए कुछ भी खरीदने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच-परख जरूर कर लें.
यहां भी पढ़ें: DDA Master Plan 2047: दिल्ली में ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए DDA का मेगा प्लान,मेट्रो नेटवर्क बढ़ाने की तैयारी
