Delhi Weather: दिल्ली में 29 और 30 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं के बीच गिरेगा तापमान, जानें IMD का अपडेट
Delhi weather update: दिल्ली में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान जताया है. इस दौरान अधिकतम तापमान में भी गिरावट आ सकती है. राजधानी में येलो अलर्ट जारी किया गया है. जानिए अगले कुछ दिनों तक कैसा रहेगा मौसम.
ADVERTISEMENT

दिल्ली में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने का असर अब मैदानी इलाकों पर साफ दिखने लगा है. इससे आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव और बारिश का दौर शुरू होने वाला है. इस बीच अब मौमस विभाग ने दिल्ली के लिए अपना दैनिक बुलेटिन जारी किया है. इसके अनुसार, आने वाले दो दिनों में दिल्ली में बारिश की आशंका जताई गई है.
दिल्ली में 29 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबकि 29 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह और पूर्वाह्न के दौरान राजधानी के कई हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान बादल गरजने, बिजली चमकने के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं. इन हवाओं की स्पीड 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके अलावा, कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने की भी पूरी संभावना है. दोपहर और शाम के समय भी कई स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रह सकता है. ऐसे में मौसम विभाग ने यहा येलो अलर्ट जारी किया है. इसमें उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, मध्य दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा शामिल हैं.

आने वाले दिनों दिल्ली के मौसम का हाल
वही आने वाले दिनों के मौसम की बात करे तो पश्चिमी विक्षोभ के मजबूत प्रभाव से अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की खासी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंडक का अहसास बढ़ेगा. इसके बाद 30 अक्टूबर को भी आसमान में आंशिक से आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश व 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिस दिन तापमान 27 से 29 डिग्री (अधिकतम) और 17 से 19 डिग्री (न्यूनतम) के आसपास रहेगा. इसके बाद 31 अक्टूबर को भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि, 1 नवंबर से मौसम साफ होने लगेगा और 2 से 3 नवंबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ हो जाएगा, जिसके बाद तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री की हल्की वृद्धि देखने को मिल सकती है.
