दिल्ली: द्वारका एक्सप्रेसवे के बिजवासन टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों की गुंडागर्दी, उखाड़ा बूम बैरियर और परिवार की जमकर की पिटाई

द्वारका एक्सप्रेसवे के बिजवासन टोल प्लाजा पर मामूली विवाद के बाद टोलकर्मियों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए कार सवार एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया.

ADVERTISEMENT

द्वारका एक्सप्रेसवे (AI Image)
द्वारका एक्सप्रेसवे (AI Image)
Google CTA

राजधानी दिल्ली से सटे कापसहेड़ा इलाके में द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित बिजवासन टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों की बेरहमी और दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. इस वीडियो को देख आप भी हैरान हो जाएंगे. मामूली सी बात पर हुए विवाद के बाद टोलकर्मियों ने सारी हदें पार करते हुए कार में सवार एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया.

मिली जानकारी के अनुसार कार चालक और टोलकर्मियों के बीच किसी छोटी सी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक दबंग टोलकर्मी ने अपना आपा खो दिया और टोल काउंटर पर लगा भारी-भरकम लोहे का बूम बैरियर ही उखाड़ फेंका. इसके बाद कर्मचारियों ने उसी बैरियर से कार में बैठे लोगों पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया.

महिला पर भी नहीं आया तरस, लात-घूंसों की बरसात

गाड़ी में सवार परिवार खून से लथपथ हो गया. इस दौरान जब कार में मौजूद एक महिला अपने परिवार को बचाने के लिए आगे आई, तो हमलावरों का दिल तब भी नहीं पसीजा. दबंग टोलकर्मियों ने महिला के साथ भी बदसलूकी की और पूरे परिवार पर लात-घूंसे और लोहे की रॉडनुमा बैरियर से हमला जारी रखा.

राहगीर महिला ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर फैला गुस्सा

इस खौफनाक घटना के वक्त पास ही खड़ी दूसरी गाड़ी में बैठी एक महिला राहगीर ने हिम्मत दिखाते हुए पूरी वारदात को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड हुआ, देखते ही देखते वायरल हो गया. वीडियो देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और इंटरनेट यूजर्स ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) व स्थानीय पुलिस को टैग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग उठानी शुरू कर दी.

पुलिस एक्शन में, सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस की कापसहेड़ा थाना टीम तुरंत हरकत में आ गई है. कापसहेड़ा थाने के एसएचओ नवीन कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर शुरुआती जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और टोल प्रबंधन के अधिकारियों से पूछताछ जारी है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल पीड़ित परिवार की तरफ से अभी तक कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं मिली है. शिकायत दर्ज होते ही संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: दिल्ली में सोलर प्लांट लगवाने पर मिलेगी 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी, जानें आवेदन का तरीका