सरकार का बड़ा फैसला, गाड़ी वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब हर साल नहीं कराना होगा PUC, जानिए नए नियम
PUC Certificate New Rules: गाड़ी मालिकों के लिए बड़ी राहत! अब हर साल नहीं कराना होगा PUC रिन्यू, सरकार ने बदल दिए नियम; जानें आपकी गाड़ी पर क्या होगा असर.
ADVERTISEMENT

कार और बाइक मालिकों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट की वैधता से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव कर दिया है. नई व्यवस्था के तहत नई BS6 गाड़ियों के मालिकों को अब हर साल PUC रिन्यू कराने की भागदौड़ से छुटकारा मिल गया है, हालांकि पुरानी और अधिक प्रदूषण फैलाने वाली श्रेणी की गाड़ियों के लिए वैधता की अवधि कम कर दी गई है.
मंत्रालय ने 13 नवंबर को 'सेंट्रल मोटर व्हीकल्स (16वां संशोधन) नियम, 2026' के जरिए यह बदलाव नोटिफाई किया है, जो राजपत्र में प्रकाशन के साथ ही देशभर में लागू हो गया है.
पहले क्या थे नियम?
अब तक लागू पुरानी व्यवस्था के तहत BS6 और BS4 उत्सर्जन मानकों वाली सभी ट्रांसपोर्ट और नॉन-ट्रांसपोर्ट गाड़ियों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता 12 महीने (1 साल) हुआ करती थी. वहीं, BS1, BS2 और BS3 मानकों वाली गाड़ियों के लिए यह सर्टिफिकेट 6 महीने तक वैध रहता था.
अब क्या हैं नए नियम?
निजी BS6 गाड़ियां (Non-Transport): 6 साल तक पुरानी निजी BS6 गाड़ियों के लिए अब हर 3 साल में एक बार PUC कराना होगा. 6 साल से अधिक और 10 साल तक पुरानी गाड़ियों के लिए सालाना रिन्यूल जरूरी होगा, जबकि 10 साल से पुरानी निजी BS6 गाड़ियों को हर 6 महीने में PUC रिन्यू कराना अनिवार्य होगा.
कमर्शियल BS6 गाड़ियां (Transport): 6 साल तक पुरानी BS6 ट्रांसपोर्ट गाड़ियों को हर 2 साल में, 6 से 10 साल पुरानी गाड़ियों को हर साल और 10 साल से अधिक पुरानी गाड़ियों को हर 6 महीने में सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा.
पुरानी कैटेगरी की गाड़ियां (BS1 से BS4): पुराने मानकों वाली गाड़ियों के लिए वैधता घटा दी गई है. नए नियमों के तहत BS1, BS2 और BS3 मानकों वाली गाड़ियों का PUC सर्टिफिकेट अब केवल 3 महीने के लिए वैध रहेगा. वहीं, BS4 मानकों वाली गाड़ियों के लिए यह वैधता घटाकर 6 महीने कर दी गई है.
रिन्यूल की तारीख को लेकर भी नियम स्पष्ट
सरकार ने रिन्यूल की प्रभावी तारीख को लेकर भी स्थिति साफ कर दी है. यदि कोई वाहन मालिक मौजूदा सर्टिफिकेट की एक्सपायरी से 10 दिन पहले तक इसे रिन्यू करा लेता है, तो नया सर्टिफिकेट पुराने की एक्सपायरी तारीख से ही लागू माना जाएगा. इसके अलावा अन्य मामलों या एक्सपायरी की तारीख निकलने के बाद रिन्यूल कराने पर नई वैधता रिन्यूल कराने की तारीख से गिनी जाएगी. जिन लोगों का PUC सर्टिफिकेट नए नियम लागू होने से पहले बना है, उन पर यह बदलाव पहली बार रिन्यूल कराने के समय लागू होगा.
सरकार का उद्देश्य इस बदलाव के जरिए सर्टिफिकेशन प्रक्रिया को अधिक व्यवहारिक बनाना और पुरानी गाड़ियों की नियमित जांच सुनिश्चित करना है, जिससे नई गाड़ी रखने वालों का समय बचेगा और प्रदूषण पर भी बेहतर निगरानी रखी जा सकेगी.
ये भी पढ़ें: Ramlila Maidan Protest: दिल्ली में ऑटो-टैक्सी चालकों का प्रदर्शन, जानें क्या हैं प्रमुख मांगें?
