छठ महापर्व का पहला दिन: नहाय-खाय पर कालिंदी कुंज घाट पर उमड़े श्रद्धालु, जानें यमुना में डुबकी लगाने के बाद महिलाओं ने क्या कहा?
Kalindi Kunj Yamuna Ghat Chhath Puja: छठ महापर्व के पहले दिन 'नहाय-खाए' के मौके पर दिल्ली के कालिंदी कुंज यमुना घाट पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया. हालांकि जहरीले झाग से राहत मिली है, लेकिन पानी कम होने और कीचड़ की वजह से व्रती महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. महिलाओं ने सरकार से यमुना में पानी का स्तर बढ़ाने की अपील की है.
ADVERTISEMENT

Yamuna Ghat Kalindi Kunj Chhath Puja: लोक आस्था के महापर्व 'छठ' की शुरुआत नहाय-खाए के साथ हो चुकी है. इस पवित्र अवसर पर दिल्ली के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है. राजधानी के प्रसिद्ध कालिंदी कुंज यमुना घाट पर भी सुबह से ही बड़ी संख्या में व्रतधारी और श्रद्धालु पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाई. हालांकि, इस बार के स्नान को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं एक तरफ जहां जहरीले झाग से बड़ी राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ पानी की कमी और कीचड़ ने श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
झाग से राहत, लेकिन पानी की कमी और कीचड़ से परेशानी
कालिंदी कुंज घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए सबसे बड़ी राहत यह रही कि अमूमन इस मौसम में यमुना के पानी पर जो भारी मात्रा में सफेद और जहरीला झाग तैरता नजर आता था, वह इस बार दिखाई नहीं दिया. इसके पीछे प्रशासनिक मुस्तैदी नजर आई; ओखला बैराज के पास जल बोर्ड की टीम नाव के जरिए लगातार तैनात है और पानी में बनने वाले झाग को वहीं पर हटाने का काम कर रही है.
लेकिन इसके बावजूद व्रती महिलाओं और स्थानीय लोगों के सामने एक दूसरी बड़ी समस्या खड़ी हो गई है. घाट पर पानी का स्तर काफी कम है और किनारों पर अत्यधिक कीचड़ जमा होने के कारण लोगों को स्नान करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. महिलाओं ने कैमरे पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि पानी बहुत कम है और पैर कीचड़ में धंस रहे हैं, जिससे ठीक से डुबकी लगाना भी मुश्किल हो गया है.
श्रद्धालुओं और महिलाओं का क्या है कहना?
घाट पर स्नान करने पहुंची सुधा देवी और अन्य महिलाओं ने बातचीत में बताया कि वे परंपरा के अनुसार हर साल यहां आती हैं, लेकिन इस बार पानी की स्थिति काफी खराब है. पानी बहुत कम होने और कीचड़ होने के कारण उन्हें काफी परेशानी हुई. उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि आगामी खरना और पहले अर्घ्य (संध्या अर्घ्य) के दिनों को देखते हुए यमुना में पानी का स्तर बढ़ाया जाए ताकि व्रत रखने वाली महिलाओं को किसी तरह की असुविधा न हो.
ओखला बैराज के गेट और प्रशासनिक व्यवस्था
स्थानीय स्थिति का जायजा लेने पर पता चला कि ओखला बैराज के कुछ गेट बंद होने या कम पानी छोड़े जाने के कारण घाट की तरफ जलप्रवाह धीमा हो गया है. हालांकि प्रशासन द्वारा झाग को नियंत्रित करने के प्रयास सराहनीय रहे हैं, लेकिन श्रद्धालुओं की मांग है कि पर्व के इन चार दिनों के दौरान पानी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि आस्था का यह महापर्व बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके.
