बॉर्डर 2 में मेजर होशियार सिंह दहिया का किरदार निभान वाले वरूण धवन की उनके परिवारवालों ने जमकर की तारीफ
बॉर्डर 2 ने पहले ही दिन 32.10 करोड़ रुपये की दमदार कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है. फिल्म में परमवीर चक्र विजेता मेजर होशियार सिंह दहिया की बहादुरी की कहानी दिखाई गई है जिसका किरदार वरुण धवन ने निभाया है.

1/8
देशभक्ति से भरपूर फिल्म बॉर्डर 2 ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर जोरदार एंट्री मारी है. फिल्म ने अपने ओपनिंग डे पर 32.10 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया है जिससे साफ है कि दर्शकों में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह है. ट्रेड एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि वीकेंड पर फिल्म की कमाई में और तेज उछाल देखने को मिल सकता है.

2/8
1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में हमारे शहीद जवानों के साहस और बलिदान को दिखाया गया है. खास तौर पर मेजर होशियार सिंह दहिया की वीरता की कहानी दर्शकों के दिल को छू रही है. फिल्म में इस जांबाज सैनिक का किरदार वरुण धवन ने निभाया है. उनकी एक्टिंग की तारीफ तो पूरा देश कर ही रहा है लेकिन जब मेजर होशियार सिंह दहिया के परिवार ने इस फिल्म को देखा तो उनके आंखों से आंसू नहीं रुके.

3/8
मेजर होशियार सिंह दहिया का जन्म हरियाणा के सिसाना गांव में हुआ था. उन्होंने रोहतक के जाट कॉलेज में एक साल पढ़ाई की लेकिन देशसेवा का जज्बा उन्हें सेना तक खींच लाया. 30 जून 1963 को वे भारतीय सेना की ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट का हिस्सा बने. उनकी मेहनत और लगन के चलते दो साल बाद ही उन्हें लेफ्टिनेंट बना दिया गया और 30 जून 1969 को वे कप्तान के पद पर पहुंच गए.

4/8
15 दिसंबर 1971 को शकरगढ़ सेक्टर में बसंतर की ऐतिहासिक लड़ाई के दौरान मेजर होशियार सिंह ने अपनी बटालियन का नेतृत्व करते हुए जरपाल इलाके में दुश्मन की मजबूत चौकी पर कब्जा कर लिया था. लगातार हमलों के बावजूद उन्होंने न सिर्फ मोर्चा संभाले रखा, बल्कि अपने साथियों का हौसला भी बढ़ाते रहे. जंग के दौरान घायल होने के बाद भी उन्होंने हथियार नहीं छोड़े और युद्धविराम होने तक मैदान में डटे रहे. उनकी बहादुरी से दुश्मन भी घबरा उठे. इसी असाधारण साहस के लिए उन्हें देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया.

5/8
युद्ध के बाद 1976 में उन्हें मेजर बनाया गया. उन्होंने दो साल तक ऑफिसर ट्रेनिंग स्कूल में ट्रेनर के रूप में अपनी सेवाएं दीं. 1983 में वे लेफ्टिनेंट कर्नल बने और पांच साल बाद मानद कर्नल के पद से रिटायर हो गए. इसके बाद उन्होंने जयपुर को अपना घर बना लिया.

6/8
6 दिसंबर 1998 को 62 साल की उम्र में जयपुर में उनका निधन हो गया. उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था. अपने पीछे वे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए, जिनमें से दो ने भी सेना में जाकर देशसेवा का रास्ता चुना.

7/8
बॉर्डर 2 में वरुण धवन के अलावा सनी देओल, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी सेना की वर्दी में नजर आ रहे हैं. फिल्म देशभक्ति, साहस और बलिदान की कहानी को बड़े पर्दे पर जीवंत करने की कोशिश करती है और पहले दिन की कमाई देखकर लगता है कि दर्शकों को यह प्रयास खूब पसंद आ रहा है.

8/8
सनी देओल ने एक बार फिर 23 जनवरी के दिन को सिनेमाघरों में गर्दा उड़ा दिया. 28 साल बाद 'बॉर्डर 2' लेकर एक्टर सिनेमाघरों में लौटे. देशभक्ति और नॉस्टैल्जिक से भरी इस फिल्म को देखते हुए दर्शकों की आंखें नम हो गईं. पिक्चर को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है.











