टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में 4 संदिग्ध गिरफ्तार, तीन को लेकर सामने आई जानकारी

Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में तीन संदिग्धों को राजस्थान के कोटा से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है. फूल सिंह, ऋतिक कुमार उर्फ रोशन और रेहान की पहचान बताई जा रही है. जानिए तीनों कहां के रहने वाले हैं, 18 अक्टूबर को क्या हुआ था और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने क्या कहा.

ADVERTISEMENT

Tiger Shroff firing case Update
Tiger Shroff firing case Update
Google CTA

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में तीन संदिग्ध आरोपियों को राजस्थान के कोटा से पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि पुलिस ने घटना के करीब 16 घंटे के भीतर तीनों को कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीनों मुंबई से ट्रेन पकड़कर निकले थे. उन्हें पुणे-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन में देखे जाने की सूचना भी दी गई थी. इसी बीच तीनों अपराधियों को लेकर जानकारी सामने आई है और तीनों की पहचान भी हो गई है. इसके अलावा एक संदिग्ध को महाराष्ट्र-गुजरात बॉर्डर से एक और संदिग्ध पकड़ा गया है. विस्तार से जानिए पूरी बात.

कौन हैं पकड़े गए तीनों संदिग्ध?

टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में कोटा से हिरासत में लिए गए तीन संदिग्धों की पहचान को लेकर जानकारी सामने आई है. इनमें हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले फूल सिंह, जो नरेश के पुत्र हैं और कुम्हार जाति से आते हैं, बिहार के बेगूसराय निवासी ऋतिक कुमार उर्फ रोशन, जो रामू महतो के पुत्र हैं, और सोनीपत के रहने वाले रेहान, जो रिशुद्दीन अंसारी के पुत्र हैं, शामिल बताए जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, तीनों को कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है. 

18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई थी फायरिंग

यह घटना 18 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे की है. जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ जुहू के फुटबॉल मैदान से अपनी गाड़ी में निकल रहे थे. उस समय वहां उनके प्रशंसकों की काफी भीड़ मौजूद थी. इसी दौरान कुछ अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और अभिनेता की गाड़ी पर लगातार सात गोलियां चलाईं. इस घटना में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी दी गई. घटना के समय अभिनेता के साथ करणवीर मेहरा और अभिषेक बजाज भी मौजूद थे. उनकी गाड़ियां टाइगर श्रॉफ की गाड़ी के पीछे चल रही थीं.

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने टाइगर श्रॉफ से की बात

घटना की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार रात टाइगर श्रॉफ को फोन किया और उनका हालचाल जाना. उन्होंने अभिनेता को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सोमवार को मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस घटना को गंभीर और निंदनीय बताया. उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस मामले को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ देख रही है.

फडणवीस ने यह भी कहा कि हमले के पीछे चाहे कोई भी मास्टरमाइंड हो और वह दुनिया के किसी भी कोने में छिपा हो, पुलिस उसे ढूंढ निकालेगी. फिलहाल मामले में तीन संदिग्धों के कोटा से और एक के महाराष्ट्र-गुजरात बॉर्डर से पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है. अब जांच के दौरान यह पता लगाया जाना है कि इस हमले में उनकी क्या भूमिका थी और घटना के पीछे कौन लोग शामिल थे.

'आधे घंटे से घात लगाकर बैठे थे बदमाश, टाइगर की साइड से बरसाईं गोलियां', चश्मदीद ने खोला जुहू फायरिंग का खौफनाक राज