ब्रेजा नहीं मिली तो मचल गया दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल, मंडप में दुल्हन को छोड़ बारात लेकर लौटा
हरियाणा के सोनीपत में दहेज के रूप में मनपसंद 'ब्रेजा' कार न मिलने पर दिल्ली पुलिस का एक कांस्टेबल बिना फेरे लिए ही बारात लेकर वापस लौट गया. शादी पर करीब 25-30 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद दुल्हन मंडप में इंतजार करती रह गई, जिसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
ADVERTISEMENT

हरियाणा के सोनीपत से एक दिल दहला देने वाली और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ दहेज में मनपसंद गाड़ी (ब्रेजा) न मिलने के कारण दिल्ली पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल दूल्हा बिना फेरे लिए ही बारात लेकर वापस लौट गया. लड़की शादी के जोड़े में मंडप में उसका इंतजार करती रह गई, जबकि परिवार वाले आरोपी दूल्हे और उसके परिजनों के आगे हाथ जोड़कर मिन्नतें करते रहे.
पूरी घटना क्या है?
सोनीपत के रहने वाले सुभाष कुमार ने अपनी बेटी हिना (जिन्होंने एमए और जेबीटी की पढ़ाई की है) का रिश्ता गोहाना के गांधीनगर निवासी दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल कुलदीप के साथ तय किया था. दोनों परिवारों की सहमति से 20 नवंबर को शादी की तारीख तय हुई थी और गोहाना के मामचंद वाटिका में शादी का कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें करीब 1200 लोगों के खाने का इंतजाम किया गया था.
लड़की पक्ष के अनुसार, शुरुआत में तय हुआ था कि वे कोई दहेज नहीं लेंगे. लड़की के पिता ने कुलदीप के लिए करीब 9.5 लाख रुपए की 'हुंडई ओरा' (Hyundai Aura) गाड़ी बुक भी कराई थी. लेकिन शादी से ठीक पहले दूल्हे कुलदीप ने यह कहकर गाड़ी लेने से इनकार कर दिया कि "यह गाड़ी तो टैक्सी में चलती है, मुझे तो ब्रेजा (Brezza) गाड़ी चाहिए."
कम समय होने के कारण लड़की पक्ष ब्रेजा गाड़ी का इंतजाम नहीं कर पाया. इसके बाद 20 नवंबर को जब बारात का समय था, तो दूल्हा कुलदीप साधारण कपड़ों (कुर्ते-पजामे) में अपनी मां के साथ मैरिज पैलेस में पहुंचा. वहाँ उसने और उसके परिवार ने गाली-गलौज की, दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल होने का रोब दिखाया और जेठ-जेठानी के लिए सोने-चांदी के गहने न मिलने की बात पर विवाद बढ़ाकर बिना शादी किए ही वापस लौट गए.
लड़की पक्ष का दर्द और पुलिस कार्रवाई
पीड़ित पिता सुभाष कुमार ने बताया कि शादी की तैयारियों और मेहमानों के सत्कार पर उनके 25 से 30 लाख रुपए खर्च हो चुके थे. उन्होंने लड़के को सोने की चैन, उसकी माँ को टाॅप्स व अन्य कीमती सामान पहले ही दे दिया था. घटना के बाद लड़की पक्ष ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी और सेक्टर-27 थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों को थाने में बुलाया है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर और पुलिस के बीच मुठभेड़, बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जवान की जान, एनकाउंटर में बदमाश घायल
