लड़की की पसंद के कपड़े पहनकर गया था, ब्रेजा न मिलने पर बारात वापस लौटाने वाले मामले में दिल्ली पुलिस जवान कुलदीप ने किए कई खुलासे
Delhi Police: हरियाणा शादी विवाद में घिरे दिल्ली पुलिस के जवान कुलदीप ने अपनी सफाई में कहा है कि वे लड़की की पसंद के ही कपड़े पहनकर गए थे और बंधक बनाए जाने पर उन्होंने 112 पर कॉल कर पुलिस की मदद ली थी.
ADVERTISEMENT

ब्रेजा न मिलने पर बारात वापस ले जाने वाले मामले में दिल्ली पुलिस के जवान कुलदीप ने शादी से जुड़े विवाद और खुद पर लग रहे आरोपों पर चुप्पी तोड़ते हुए कई अहम खुलासे किए हैं. कुलदीप ने स्पष्ट किया कि इस पूरे प्रकरण में उन्हें और उनके विभाग को बेवजह निशाना बनाया जा रहा है.
दुल्हन की पसंद से चुने गए थे शादी के कपड़े
वायरल वीडियो और कपड़ों को लेकर उठ रहे सवालों पर कुलदीप ने सफाई देते हुए कहा कि वे लड़की की पसंद के हिसाब से ही कपड़े पहनकर गए थे. उन्होंने बताया कि दूल्हे के कपड़े उन दोनों की सहमति से चुने गए थे और लड़की ने ही उन्हें सजेस्ट किया था. सफर लंबा होने के कारण कुर्ता-पायजामा में सलवटें पड़ने का डर था, इसलिए वे उन कपड़ों को गाड़ी में रखकर ले गए थे और मौके पर पहुंचकर बदला था. कुलदीप ने सवाल उठाया कि अगर उनकी नीयत शादी न करने की होती, तो वे कपड़े बदलकर अंदर क्यों जाते.
बंधक बनाए जाने पर ली 112 की मदद
एक अन्य वीडियो में पुलिसकर्मी द्वारा बाहर ले जाए जाने के दृश्य पर कुलदीप ने स्थिति साफ की. उन्होंने दावा किया कि वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बंधक बना लिया था. हालात बिगड़ने पर उन्होंने इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल करके पुलिस को बुलाया, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला.
सुसाइड भी कर लूं तो सहानुभूति नहीं मिलेगी
सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग और दहेज के आरोपों से आहत कुलदीप ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि उनके नाम का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है और लोग इस संवेदनशील मामले का मनोरंजन बना रहे हैं. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि मानसिक रूप से वे इतने परेशान हो चुके हैं कि उन्हें लगता है अगर वे सुसाइड भी कर लें, तब भी उन्हें सहानुभूति नहीं मिलेगी.
कुलदीप ने अपील की कि दहेज जैसी झूठी बातों से समाज में गलत संदेश जा रहा है और दिल्ली पुलिस विभाग की छवि धूमिल हो रही है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए जनता और मीडिया से आग्रह किया कि किसी भी नतीजे पर पहुंचने या टिप्पणी करने से पहले दोनों पक्षों की सच्चाई जरूर देखें.
