फरीदाबाद: परमजीत धनखड़ हत्याकांड में बड़ा खुलासा, आरोपी मोनू शर्मा के घर से मिले 300 खाली कारतूस, पूछताछ में बताई हैरान करने वाली वजह

फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड परमजीत धनखड़ की हत्या के आरोपी मोनू शर्मा के घर से क्राइम ब्रांच ने 300 खाली कारतूस बरामद किए हैं. पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में खुशी के लिए हवाई फायरिंग करने की बात कबूली है.

ADVERTISEMENT

फरीदाबाद से आया हैरान करने वाला मामला
फरीदाबाद से आया हैरान करने वाला मामला
Google CTA

सेक्टर 21-सी में 6 नवंबर को धनतेरस की रात हुए चर्चित परमजीत धनखड़ हत्याकांड में क्राइम ब्रांच की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, आरोपी मोनू शर्मा को लेकर नए और हैरान करने वाले खुलासे हो रहे हैं. 12 नवंबर को क्राइम ब्रांच की टीम जब आरोपी मोनू शर्मा को लेकर उसके घर पहुंची और तलाशी ली, तो वहां से 300 कारतूसों के खाली खोल बरामद किए गए. 

शराब पीकर हवा में गोली चलाने से मिलती थी खुशी

जब पुलिस ने घर में मिले इन 300 खाली खोलों को लेकर मोनू शर्मा से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने जो जवाब दिया उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. आरोपी ने कबूल किया कि उसे हवा में गोलियां चलाने से खुशी मिलती है. जांच में यह बात भी सामने आई है कि मोनू शराब पीने के बाद अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से अक्सर आसमान में फायरिंग करता था. आसपास के पड़ोसियों ने भी पुलिस को बताया है कि उन्होंने कई बार रात के समय गोलियां चलने की आवाजें सुनी थीं, हालांकि पहले किसी ने इसकी औपचारिक शिकायत पुलिस में नहीं की थी. 

ब्लैक मार्केट से कारतूस खरीदने और रिकॉर्ड में हेरफेर की आशंका

पुलिस के मुताबिक, मोनू शर्मा के हथियार के लाइसेंस पर एक साल में केवल 30 कारतूस खरीदने की ही अनुमति थी. नियमों के तहत, लाइसेंस रिन्यू कराते समय कारतूसों का पूरा हिसाब और इस्तेमाल किए गए कारतूसों के खाली खोल व कारण बताना अनिवार्य होता है. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी ब्लैक मार्केट से अतिरिक्त कारतूस खरीदता था और लाइसेंस रिन्यूअल के समय रिकॉर्ड में हेरफेर करता था. अब पुलिस कारतूसों की खरीद, इस्तेमाल और सप्लाई के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह भी पता लगा रही है कि इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं. 

क्या था हत्या के पीछे का विवाद?

गौरतलब है कि दोनों परिवारों के बीच पालतू कुत्ते को घर के सामने घुमाने (गंदगी फैलाने) और पार्किंग को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. इससे पहले 22 अक्टूबर को परमजीत धनखड़ के बेटे शौर्य और मोनू शर्मा के बीच पार्किंग गेट को लेकर कहासुनी हुई थी. मामला अनखीर चौकी तक भी पहुंचा था, जहां परमजीत धनखड़ के साथियों द्वारा मोनू शर्मा के साथ कथित तौर पर हाथापाई की गई थी. पुलिस जांच के अनुसार, इसी बेइज्जती का बदला लेने के लिए मोनू शर्मा ने परमजीत धनखड़ की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया. 

ये भी पढ़ें: नूंह में 13 दिनों के अनशन के बाद छात्रों ने जूस पीकर खोला व्रत, लेकिन स्टाफ की मांगें पूरी न होने पर गतिरोध बरकरार