गुरुग्राम: रात को फोन आने पर घर से निकला था हिस्ट्रीशीटर दीपक, सुबह हाईवे की सर्विस लेन पर मिला शव!

Deepak Murder Case: गुरुग्राम के सिदरावली गांव में दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन पर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. कुख्यात अशोक राठी गैंग से जुड़े हिस्ट्रीशीटर दीपक उर्फ दीपू की बदमाशों ने अंधाधुंध 15 गोलियां मारकर हत्या कर दी. मृतक के शरीर और स्विफ्ट कार पर गोलियों के कई निशान मिले हैं. पुलिस ने जांच के लिए छह टीमें गठित की हैं.

ADVERTISEMENT

हिस्ट्रीशीटर दीपक की सरेआम हत्या!
हिस्ट्रीशीटर दीपक की सरेआम हत्या!
Google CTA

Deepak Murder Case: हरियाणा के गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर सोमवार सुबह गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. सिधरावली गांव के पास बदमाशों ने अशोक राठी गैंग से जुड़े हिस्ट्रीशीटर दीपक उर्फ दीपू की गोली मारकर हत्या कर दी. हमलावरों ने उस पर करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की. इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

परिजनों और पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, दीपक रविवार रात करीब 12 बजे किसी का फोन आने के बाद अपने घर से निकला था. बिलासपुर थाना पुलिस के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि उसे किसी साजिश के तहत फोन करके बुलाया गया था.

कैसे दिया गया वारदात को अंजाम?

दीपक अपनी स्विफ्ट कार से सिधरावली गांव से निकलकर NH-48 की सर्विस लेन पर बस अड्डे के पास पहुंचा ही था कि पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया. इसके बाद हमलावरों ने ड्राइविंग सीट पर बैठे दीपक पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. करीब 15 से अधिक गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. गोलीबारी में कार के शीशे टूट गए और गाड़ी पर गोलियों के कई निशान बन गए. सुबह करीब 8 बजे राहगीरों ने कार के अंदर दीपक का लहूलुहान शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस को गैंगवार की आशंका

शुरुआती पुलिस जांच में यह पूरा मामला आपसी रंजिश और गैंगवार से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है. मृतक दीपक का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह कुख्यात गैंगस्टर अशोक राठी गैंग का सक्रिय सदस्य था. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दीपक के खिलाफ गुरुग्राम के विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज थे, जिसमें पूर्व में गैंगस्टर अशोक राठी की पत्नी की हत्या का आरोप भी शामिल था.

जांच के लिए बनाई 6 टीमें

वारदात की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार और डीसीपी मानेसर के मार्गदर्शन में आरोपियों की धरपकड़ के लिए कुल छह विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रात को दीपक को किसका फोन आया था. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है.

यह भी पढ़ें: फरीदाबाद: पहले हुई कहासुनी, फिर गोलियों से भून डाला, परमजीत धनखड़ की हत्या का आरोपी गिरफ्तार