डिप्रेशन, वर्क प्रेशर या कुछ और? IIM-NIT के टेक कपल की गुरुग्राम में संदिग्ध मौत, पत्नी के कपड़ों पर मिला 'I Love You'

गुरुग्राम की M3M Marina सोसायटी में IIM और NIT के पूर्व छात्र रहे एक टेक कपल मोहम्मद असलम और फरहाना संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए, जहां पत्नी का जन्मदिन होने के साथ उसके कपड़ों पर 'I Love You' लिखा मिला.

ADVERTISEMENT

गुरुग्राम से आया हैरान करने वाला मामला
गुरुग्राम से आया हैरान करने वाला मामला
Google CTA

गुरुग्राम जिले के सेक्टर स्थित पॉश सोसायटी M3M Marina के एक फ्लैट से एक बेहद विचलित करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक टेक कपल- मोहम्मद असलम (30) और उनकी पत्नी फरहाना- संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए. जिस दिन यह खौफनाक वारदात सामने आई, उसी दिन पत्नी फरहाना का जन्मदिन भी था. इस घटना के बाद से दोनों परिवारों और आईटी सेक्टर में सनसनी फैल गई है.

ईमेल से हुआ सनसनीखेज खुलासा

मूल रूप से केरल के रहने वाले मोहम्मद असलम ने बुधवार सुबह करीब 7 बजे अपनी कंपनी को एक ईमेल भेजा था, जिसमें लिखा था, "हम दुनिया छोड़ रहे हैं." इस ईमेल में उन्होंने अपने परिजनों और मकान मालिक के संपर्क नंबर भी साझा किए थे.

जब कंपनी के सहकर्मियों ने यह ईमेल देखा और उनसे संपर्क नहीं हो पाया तो उन्होंने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी. मकान मालिक जब टावर 7 स्थित फ्लैट में पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला हुआ था. अंदर दाखिल होने पर उन्होंने देखा कि असलम फंदे से लटके हुए थे, जबकि उनकी पत्नी फरहाना फर्श पर मृत अवस्था में पड़ी थीं और उनके गले पर चोट के निशान थे.

सुसाइड नोट और फॉरेंसिक जांच

घटना की सूचना मिलते ही बादशाहपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच गईं. पुलिस को फ्लैट के अंदर से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है जिस पर "हम यह दुनिया छोड़ रहे हैं" लिखा हुआ है. इसके अलावा, मृतका फरहाना के कपड़ों पर हाथ से 'I Love You' लिखा हुआ पाया गया है.

पुलिस ने मौके से तीन लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, एक रस्सी, डायरी, कैंची और पेन ड्राइव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. शुरुआती साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि असलम ने आत्महत्या करने से पहले अपनी पत्नी फरहाना की हत्या की होगी. इसके चलते पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है.

महज तीन महीने पहले बेंगलुरु से शिफ्ट हुआ था जोड़ा

उच्च शिक्षित यह जोड़ा साल 2023 में परिणय सूत्र में बंधा था और महज तीन महीने पहले ही बेंगलुरु से गुरुग्राम शिफ्ट हुआ था.

  • मोहम्मद असलम एनआईटी कालीकट और आईआईएम इंदौर के पूर्व छात्र थे.
  • फरहाना भी एक आईटी फर्म के लिए वर्क-फ्रॉम-होम कर रही थीं.

परिजनों के अनुसार, दोनों के बीच आपसी संबंध बेहद गहरे थे और किसी भी तरह के वैवाहिक विवाद की बात सामने नहीं आई है. हालांकि, यह बात भी सामने आई है कि असलम पिछले करीब डेढ़ साल से डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे. रिश्तेदारों ने आशंका जताई है कि कॉर्पोरेट जगत और आईटी सेक्टर में अत्यधिक 'वर्क प्रेशर' इस बेहद दुखद और झकझोर देने वाले कदम की मुख्य वजह हो सकता है. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: जाट आरक्षण आंदोलन में पवन सिंह की उम्रकैद की सजा टली, भाई ने सुनाई आपहबीती, जानें पूरा मामला