हरियाणा: चानौत गांव में पेयजल आंदोलन के बीच 'टी' लगवाने वाला सोमेश शर्मा कौन? सरकार ने बताया फ्रॉड, ग्रामीणों ने दिखाए अमित शाह संग फोटो
चानौत गांव में पेयजल पाइपलाइन को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच अचानक 'टी' (T) कनेक्शन लगवाने वाले सोमेश शर्मा को सरकार ने फ्रॉड घोषित कर दिया है.
ADVERTISEMENT

हरियाणा से आया हैरान करने वाला मामला
हरियाणा के हांसी जिले का चानौत गांव पिछले 40 दिनों से पीने के पानी की समस्या को लेकर पेयजल पाइपलाइन आंदोलन की आग में सुलग रहा है. आंदोलन के 40वें दिन जहां एक तरफ गांव की 11 सदस्यीय धरना कमेटी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात करने चंडीगढ़ पहुंची, वहीं दूसरी तरफ इस आंदोलन के बीच अचानक एंट्री मारने वाले एक रहस्यमयी किरदार 'सोमेश शर्मा' को लेकर सूबे की सियासत गरमा गई है. सोमेश शर्मा वही शख्स है जिसने आंदोलनकारी ग्रामीणों के बीच जाकर दावा किया था कि सरकार ने उनकी मांग मान ली है और वह खुद 'टी' (T) कनेक्शन लगवाने आया है. हालांकि, रातों-रात प्रशासन द्वारा उस 'टी' को उखाड़े जाने के बाद अब सरकार ने सोमेश शर्मा को 'फ्रॉड' करार देते हुए उससे पूरी तरह पल्ला झाड़ लिया है. आइए समझते हैं क्या है यह पूरा विवाद और कौन है सोमेश शर्मा.