टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश का पर्दाफाश! अंधेरी के होटल में 4 दिन से रेकी कर रहे थे शूटर
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हाल ही में हुए हमले के मामले में यह खुलासा हुआ है कि दोनों शूटर घटना से पहले मुंबई के अंधेरी स्थित एक होटल में चार दिन तक रुके थे. इस दौरान कमरे में टेस्ट फायरिंग के दौरान बेड पर गोली लगने और आरोपियों के फरार होने की बात सामने आने पर पुलिस और एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने कमरे को सील कर दिया है.
ADVERTISEMENT

अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हाल ही में हुए हमले के मामले में जांच के दौरान एक बड़ा खुलासा सामने आया है. पुलिस जांच में यह पता चला है कि अभिनेता के ऊपर गोली चलाने वाले दोनों शूटर घटना से पहले मुंबई के अंधेरी (ईस्ट) स्थित चकाला इलाके के 'आरआर रेजिडेंसी' नामक होटल में ठहरे थे.
14 से 18 अक्टूबर तक रुके थे आरोपी
होटल की जानकारी के मुताबिक, आरोपी फूल सिंह और रेहान 14 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक यानी कुल चार दिनों तक इस होटल के रूम नंबर 2011 में रुके थे. जिस दिन शाम को गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया, उसी दिन ये दोनों आरोपी दोपहर करीब 4 बजे होटल से चेक-आउट करके निकले थे.
कमरे में टेस्ट फायर और बेड पर गोली लगने का शक
जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने होटल के कमरे के अंदर हथियार की जांच यानी टेस्ट फायर किया था. इसके दौरान एक गोली मिसफायर होकर बेड के अंदर जा लगी. हालांकि, होटल मैनेजर ने बताया कि जब इस बारे में पूरी बात सामने आई, तब पुलिस और एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने उस कमरे को सील कर दिया है और पुलिस इसकी जांच कर रही है.
होटल का रिकॉर्ड और अन्य आरोपी की तलाश
होटल का कमरा करीब 1500 रुपये प्रतिदिन के किराए पर लिया गया था. आरोपियों ने होटल के बाहर के सीसीटीवी फुटेज में भी दिखाई दिए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वे पिछले 3-4 दिनों से अलग-अलग टारगेट्स की रेकी कर रहे थे. होटल द्वारा लिया गया उनका फोन नंबर और दिया गया संपर्क विवरण अब बंद आ रहा है. इसके अलावा, सीसीटीवी फुटेज में रितिक नामक एक तीसरे आरोपी को भी एक येलो पल्सर बाइक के साथ देखा गया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है.
ये भी पढ़ें:
