'3 साल से कपड़े की दुकान पर काम, खाटू श्याम जाने की बात कहकर निकला था', जानिए टाइगर श्रॉफ मामले में कथित हथियार सप्लायर सुमित की कहानी!

Tiger Shroff Firing Case Update: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में कथित हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़े सुमित की मां आशा देवी ने बेटे को बेगुनाह बताया है. उनका दावा है कि सुमित का परिचित कुणाल उसे खाटू श्याम जाने की बात कहकर घर से ले गया . आशा के मुताबिक, उनका बेटा तीन साल से कपड़े की दुकान पर काम करता है और परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है. जानिए सुमित की मां ने क्या-क्या बताया.

ADVERTISEMENT

Tiger Shroff Firing Case Update
टाइगर श्रॉफ मामले में हथियार सप्लाई के आरोपी सुमित की मां ने बताई अलग कहानी
Google CTA

महाराष्ट्र में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में पुलिस एक्शन मोड में दिखाई दे रही है. मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 4 आरोपियों को पकड़ा है, जिनपर हथियार की सप्लाई के कथित नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है. इसमें हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला सुमित(19) और कुणाल(21) और उत्तर प्रदेश की दो महिलाएं राधा (23) और बबीता (23) शामिल है. इसी बीच 'हरियाणा तक' की टीम सुमित के घर पहुंची, जहां उसकी मां ने कई खुलासे किए है. सुमित की मां आशा का कहना है कि उनका बेटा बेगुनाह है और कुणाल ही सुमित को लेकर गया था. विस्तार से जानिए उन्होंने क्या-कुछ बताया.

आशा देवी ने बेटे को बताया बेगुनाह

हरियाणा तक से बातचीत में खरखौदा में रहने वाली सुमित की मां आशा देवी ने कहा कि, मेरा बेटा सुमित का कोई कसूर नहीं है और वह बेगुनाह है. उन्होंने दावा करते हुए कहा कि, कुणाल उनके बेटे को खाटू श्याम ले जाने की बात कहकर ले गया था. अब उसे फंसा दिया गया है. आशा ने आगे कहा कि, उन्हें कतई अंदाजा नहीं था कि उनके बेटे का नाम इतने बड़े मामले में आ जाएगा. साथ ही उन्होंने बताया कि पुलिस का उनके पास फोन आया था और उन्होंने कहा है कि मुंबई आकर बेटे की जमानत कर लेना. लेकिन हमारे पास तो मुंबई जाने के पैसे भी नहीं है.

'3 बजे तक हुई बात, 4 बजे लौट आया घर'

बातचीत के दौरान आशा ने बताया कि सुमित ने आठवीं क्लास का पेपर दिया हुआ है और बीते 3 साल से वह कपड़े की दुकान पर काम कर रहा है. यहीं पर काम करते हुए सुमित की मुलाकात कुणाल से हुई. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि, कुणाल मेरे बेटे को बहला-फुसलाकर ले गया है और उसने कहा था कि हम खाटू श्याम घूमने जा रहे है. जब वह निकला तो आशा की सुमित से 3 बजे तक बातचीत हुई और फिर 4 बजे वह घर लौट आया. घर लौटने पर जब आशा ने बेटे से पूछा तो उसने कहा कि तुम्हारे इतने फोन आ रहे थे कि हम कहीं नहीं गए. इसके अलावा उसने आशा को कोई बात नहीं बताई.

'हमें मुंबई जाने के रास्ता का भी नहीं पता'

आशा के मुताबिक, जब पुलिस उनके घर पहुंची तो सुमित वहीं घर पर ही था. अचानक पुलिस के पहुंचने और सुमित को ले जाने पर पुलिस ने बताया कि एक लड़ाई-झगड़े के मामले में पूछताछ के लिए ले जा रहे हैं. परिवार को बताया गया कि कोई बड़ी बात नहीं है. लेकिन अब आशा का कहना है कि पुलिस का फोन आया था और उन्हें मुंबई जाकर जमानत कराने के लिए बोला गया है. आशा अपनी तंगहाली का हवाला देते हुए बताती है कि, हम किराए के मकान में रहते है और सुमित के पिता भट्टे पर मजदूरी का काम करते हैं. हमें तो मुंबई जाने का रास्ता भी पता नहीं है.

वहीं आशा ने दावा करते हुए कहा है कि उनके बेटे के बारे में इलाके के सभी लोग जानते हैं और दावा किया कि उनका बेटा हथियार चलाना तो दूर, डंडा चलाने की हिम्मत नहीं रखता. साथ ही उन्होंने मांग की उनके बेटे को छोड़ दिया जाएं. वहीं सुमित के चाचा टीकाराम ने भी परिवार की परेशानी बताई है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस टाइगर श्रॉफ पर हमले की मामले की गहनता से जांच कर रही है. साथ ही मामले में पकड़े गए सभी आरोपियों की पड़ताल की जा रही है, कि कौन-सा आरोपी मामले में कैसे शामिल था. वहीं दूसरी ओर सुमित की मां का कहना है कि उनका बेटा बेकसूर है. अब देखना होगा कि पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी और क्या-कुछ जानकारी पता चलती है.

'20 दिन से गायब था बेटा, किसी ने बहकाकर वारदात में इस्तेमाल किया', टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में आरोपी रिहान की मां का बड़ा दावा