'ज्यादा न बन' बोलकर SHO की पीठ थपथपाने वाले कांग्रेस विधायक आफताब अहमद कौन? तीन पीढ़ियों से राजनीति में है परिवार, जानिए पूरी कहानी
हरियाणा के नूंह से कांग्रेस विधायक चौ. आफताब अहमद और सोहना सिटी थाने के एसएचओ के बीच बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली में जाते समय उनका काफिला पुलिस चेकिंग के दौरान रोका गया. आखिर कौन हैं आफताब अहमद और कैसा रहा राजनीतिक सफर?
ADVERTISEMENT

Aftab Ahmed Viral Video: हरियाणा के नूंह से कांग्रेस विधायक चौ. आफताब अहमद और सोहना सिटी थाने के एसएचओ के बीच तीखी बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना रविवार सुबह की है. बताया जा रहा है कि विधायक अपने समर्थकों के काफिले के साथ दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की रैली में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान नूंह से निकलकर सोहना पहुंचने पर पुलिस ने चेकिंग के लिए उनके काफिले की गाड़ियों को रोक लिया. इसी बात को लेकर विधायक और एसएचओ के बीच बहस शुरू हो गई. अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है.
पुलिस से हुई तीखी नोकझोंक
गाड़ियां रोके जाने से नाराज कांग्रेस विधायक आफताब अहमद अपनी गाड़ी से नीचे उतरे और सीधे सोहना सिटी एसएचओ सुरेंद्र के पास पहुंचे. विधायक का आरोप था कि हरियाणा में विपक्षी नेताओं और उनके कार्यकर्ताओं को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है ताकि वे दिल्ली में होने वाली रैली में शामिल न हो सकें. बहस के दौरान माहौल तब और अधिक तनावपूर्ण हो गया जब विधायक ने एसएचओ के करीब जाकर उनकी पीठ थपथपाई और कहा कि ज्यादा न बन. इसके जवाब में एसएचओ ने तुरंत आपत्ति जताते हुए दो टूक कहा कि आप बिल्कुल वाहियात बात कर रहे हैं और अपनी भाषा ठीक रखिए.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मौके पर मौजूद लोगों और समर्थकों ने इस पूरी नोकझोंक का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो रही है. कांग्रेस विधायक का कहना है कि प्रशासन और पुलिस बल का दुरुपयोग करके विपक्षी दलों के नेताओं को रोकने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि, इस पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
कौन हैं चौ. आफताब अहमद?
चौ. आफताब अहमद हरियाणा के नूंह विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक हैं. उनका जन्म फरीदाबाद जिले के धौज गांव में हुआ था. उनके पिता का नाम चौ. खुर्शीद अहमद है. उन्होंने B.Com और LLB की पढ़ाई की है. आफताब अहमद दो बार 2009 और 2019 में विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने हैं. चौ. आफताब अहमद का परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहा है. उनके पिता चौ. खुर्शीद अहमद 1962 में पंजाब विधानसभा के विधायक चुने गए थे. इसके बाद वह 1968, 1977, 1987 और 1996 में हरियाणा के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से विधायक बने. वह 1968, 1979 और 1987 में हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे. 1988 में वह फरीदाबाद से लोकसभा सांसद चुने गए थे. वहीं, उनके दादा चौ. कबीर अहमद भी 1975 में नूंह और 1982 में तावड़ू से विधायक रहे थे.
यह भी पढ़ें: हरियाणा BJP में सबकुछ ठीक नहीं? विधायक रामकुमार गौतम ने अपनी ही सरकार को चेताया, खट्टर की गलती भी गिनाई
