चलती गाड़ी से लॉन्च हुआ हाई-स्पीड जेट ड्रोन नाइटशेड ADX-1, जानें इसकी खासियत
BITS पिलानी के छात्रों द्वारा स्थापित अपोलियन डायनेमिक्स ने जेट-पावर्ड ड्रोन नाइटशेड ADX-1 का सफल परीक्षण किया. चलती गाड़ी से लॉन्च कर 50% पावर पर 350 किमी/घंटा की रफ्तार हासिल की.
ADVERTISEMENT

हैदराबाद के एक स्टार्टअप अपोलियन डायनेमिक्स ने अपने फ्लैगशिप मानवरहित जेट ड्रोन नाइटशेड ADX-1 का शुरुआती बड़ा परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया है. कंपनी ने इस ड्रोन को चलती हुई गाड़ी की छत पर लगे प्लेटफॉर्म से लॉन्च किया. नियंत्रित परिस्थितियों और सुरक्षा मानकों के तहत किए गए इस टेस्ट में ड्रोन ने केवल 50 प्रतिशत थ्रॉटल यानी आधी पावर पर 350 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की. कंपनी का लक्ष्य इस ड्रोन की टॉप स्पीड 700 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचाना है.आमतौर पर सैन्य ड्रोनों के परीक्षण के लिए लंबे रनवे या विशेष कैटापल्ट लॉन्चर की जरूरत पड़ती है. अपोलियन डायनेमिक्स ने इस परंपरा से हटकर मूविंग व्हीकल प्लेटफॉर्म से लॉन्च का तरीका अपनाया. कंपनी के अनुसार, यह परीक्षण यह साबित करने के लिए था कि आपात स्थिति में पारंपरिक एयरबेस या रनवे के बिना भी मोर्चे पर तैनात चलती गाड़ियों से ड्रोन को लॉन्च किया जा सकता है.
