एयर होस्टेस हत्याकांड में बड़ा खुलासा, 13 लाख की सुपारी, कार के GPS ऐप से जंगल तक पहुंचाए हमलावर
बालाघाट-गोंदिया में एयर इंडिया की एयर होस्टेस वर्षा तुरकर हत्याकांड का खुलासा. अफेयर के शक में पत्नी ने दी 13 लाख की सुपारी, कार के GPS ऐप से हमलावरों तक पहुंची लोकेशन. 4 गिरफ्तार.
ADVERTISEMENT

बालाघाट/गोंदिया: दीवाली की छुट्टियों में अपने मायके आईं एयर होस्टेस वर्षा धुरनलाल तुरकर की हत्या का मामला लूटपाट नहीं, बल्कि एक हाई-टेक और सुनियोजित साजिश निकला है. गोंदिया और बालाघाट को दहला देने वाली इस घटना के चार दिन बाद पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, एक्सट्रा मैरिटल अफेयर के शक में एक पत्नी ने 13 लाख रुपये की सुपारी दी और कार के जीपीएस (GPS) ऐप के जरिए हमलावरों को घने जंगल के भीतर सटीक लोकेशन तक पहुंचाया. मूल रूप से बालाघाट के किन्ही की रहने वाली 35 वर्षीय वर्षा धुरनलाल तुरकर पुणे के धानोरी में रहती थीं और पुणे एयरपोर्ट पर एक विमानन कंपनी में कार्यरत थीं. वह दीवाली की छुट्टियों में अपने गांव आई हुई थीं.
कैसे दिया गया वारदात को अंजाम?
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गोंदिया निवासी उनके मित्र नितेश उर्फ नितिन अग्रवाल अपनी चार पहिया गाड़ी लेकर किन्ही गांव पहुंचे. दोनों तिरोडा घूमने गए और लौटते वक्त बोंडराणी के शिव मंदिर के पास घने जंगल में कार रोककर बाहर बैठे थे. इसी दौरान शाम साढ़े पांच से छह बजे के बीच तीन अज्ञात हमलावरों ने वहां पहुंचकर वर्षा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल वर्षा को खैरलांजी के शासकीय ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
लूट की कहानी कैसे हुई बेनकाब?
शुरुआत में साथ मौजूद दोस्त नितेश ने इसे लूटपाट की वारदात बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. हालांकि, दवनीवाडा पुलिस, एसडीपीओ दिनेशचंद्र शुक्ला, डॉग स्क्वायड और फॉरेन्सिक टीम की जांच में लूट की थ्योरी टिक नहीं सकी, क्योंकि मृतका के शरीर और गले से सोने की चेन और अन्य गहने सुरक्षित थे. अश्वीनी पटले की शिकायत पर दवनीवाडा थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई.
200 सीसीटीवी और जीपीएस ऐप का राज
मामले के खुलासे के लिए 6 विशेष टीमें गठित की गईं. घटनास्थल से लेकर तिरोडा, खैरलांजी, वाराशिवनी, बालाघाट और गोंदिया मार्ग के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए. जांच में सामने आया कि नितेश की कार का तीन संदिग्ध युवक बाइक से लगातार पीछा कर रहे थे.
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना के आधार पर 19 नवंबर को पुलिस ने मुर्री से संदिग्ध इमरान करीम शेख को हिरासत में लिया. पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने सभी को चौंका दिया. पुलिस के मुताबिक, नितेश और वर्षा के बीच प्रेम संबंध होने के शक में नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल बेहद नाराज थी. उसने वर्षा को रास्ते से हटाने के लिए परिचित कुणाल श्यामलाल कुंभलकर से संपर्क किया. कुणाल के जरिए गोंदिया के अपराधी शाहरुख खान फिरोज खान पठान से 13 लाख रुपये में सुपारी तय हुई और इमरान शेख, नलेन उर्फ नायला शेख तथा क्रिश राऊत को वारदात के लिए तैयार किया गया. पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल कार पत्नी मोना के नाम पर दर्ज थी. मोना ने कार में लगे ‘टोयोटा आय कनेक्ट’ जीपीएस मोबाइल ऐप का आईडी और पासवर्ड हमलावरों के मोबाइल में एक्टिवेट कर दिया था. इसी लाइव लोकेशन के सहारे हमलावर जंगल में कार रुकते ही वहां पहुंचे और हत्या को अंजाम दिया.
चार गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
एलसीबी और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता मोना अग्रवाल, कुणाल कुंभलकर, शाहरुख पठाण और शूटर इमरान शेख को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए दवनीवाडा पुलिस को सौंप दिया है. वहीं, फरार आरोपी नलेन शेख और क्रिश राऊत की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
