MP में बड़ा हादसा: क्रासिंग पर नहीं था फाटक, अचानक आई मालगाड़ी और पिकअप के उड़ा दिए परखच्चे, 1 मौत, 6 घायल
अनूपपुर में बिना फाटक वाली क्रॉसिंग पर मालगाड़ी की टक्कर से पिकअप में सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए. हादसे के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे और क्रॉसिंग पर फाटक व लाइट लगाने की मांग की. ग्रामीणों के मुताबिक, इसी जगह करीब एक साल पहले भी हादसा हुआ था, लेकिन सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए. प्रशासन और पावर प्लांट प्रबंधन ने मुआवजे, बेहतर इलाज और फाटक लगाने का आश्वासन दिया है.
ADVERTISEMENT

मध्य प्रदेश के अनूपपुर में बिना फाटक वाली क्रॉसिंग पर एक भीषण हादसा हो गया. यहां मालगाड़ी ने पिकअप वाहन को टक्कर मार दी और करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए. घटना गुरुवार रात करीब 11:30 बजे की है. जानकारी के मुताबिक, चकैठी गांव के कुछ युवक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद डीजे का सामान पिकअप में लादकर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान अनूपपुर के चचाई पावर प्लांट से संगमा खदान की ओर जा रही खाली मालगाड़ी से पिकअप की टक्कर हो गई. हादसे में रवि वर्मा की मौत हो गई, जबकि अर्जुन कोल, विकास सिंह, शिवम बैग, कन्हैया वर्मा, करण कोल और राजेश सिंह घायल हो गए. सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों में चार लोगों को सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं.
घने जंगल और झाड़ियों के बीच हादसा
पिकअप चालक कन्हैया वर्मा के मुताबिक, घटनास्थल के आसपास घना जंगल और झाड़ियां हैं. यहां न तो फाटक लगा है और न ही किसी गेटमैन की तैनाती थी. सामने से मालगाड़ी आती देख वाहन में सवार कई लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन रवि वर्मा की गर्दन पिकअप में फंस गई. वह बाहर नहीं निकल पाया और उसकी जान चली गई.
मुआवजे और सुरक्षा इंतजाम की मांग
हादसे की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंचे. यहां उन्होंने तहसीलदार वेद प्रकाश सिंह के सामने नाराजगी जताई. ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने और दुर्घटनास्थल पर फाटक के साथ लाइट लगाने की मांग की. उन्होंने पावर प्लांट प्रबंधन से लिखित आश्वासन देने को कहा. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक मांगों पर कार्रवाई का भरोसा नहीं मिलता, वे शव का पोस्टमॉर्टम नहीं होने देंगे और न ही उसे गांव ले जाएंगे. शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पावर प्लांट के अधिकारी मौके पर पहुंचे. इसके बाद जिला प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों के बीच बैठक हुई. बैठक में घायलों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजने, फैक्ट्री एक्ट के प्रावधानों के तहत मुआवजा देने और क्रॉसिंग पर फाटक लगाने का आश्वासन दिया गया.
एक साल पहले भी हुआ था हादसा
ग्रामीणों के मुताबिक, इसी क्रॉसिंग पर करीब एक साल पहले भी मालगाड़ी ने एक कार को टक्कर मार दी थी. उस समय ट्रेन कार को करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई थी. हालांकि, उस हादसे में किसी की जान नहीं गई थी. ग्रामीणों ने तब भी बैरिकेडिंग करने या गेटमैन तैनात करने की मांग उठाई थी. अब एक युवक की मौत के बाद घटनास्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि पहले हादसा होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई. फिलहाल, प्रशासन और पावर प्लांट प्रबंधन ने ग्रामीणों को सुरक्षा इंतजाम और मुआवजे का आश्वासन दिया है. अब देखना होगा कि इन आश्वासनों पर कब तक अमल होता है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.
इनपुट- रावेंद्र शुक्ला,संवाददाता,अनूपपुर
यह भी खबर पढ़ें : उज्जैन के महाकाल मंदिर में रात के अंधेरे में चली गोलियां, गूंजी कमांडोज की बूटों की आवाज, जानिए क्या था पूरा माजरा
