भगवान कृष्ण पर टिप्पणी के बाद बदले बाबा रामदेव के सुर, बिना नाम लिए धीरेंद्र शास्त्री को कहा 'पाखंडी'
भगवान श्री कृष्ण पर कथित टिप्पणी को लेकर उठे विवाद के बीच योग गुरु बाबा रामदेव ने बिना नाम लिए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तीखा हमला बोला और उन्हें पाखंडी करार दिया.
ADVERTISEMENT

धर्म और आस्था के मंच से की जाने वाली बयानबाजी को लेकर छिड़ा विवाद अब और गहरा गया है. भगवान श्री कृष्ण को लेकर की गई कथित टिप्पणी के मामले में योग गुरु बाबा रामदेव ने तीखी नाराजगी जताते हुए बिना नाम लिए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर हमला बोला और उन्हें 'पाखंडी' तक कह दिया.
झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान स्वामी रामदेव सख्त अंदाज में नजर आए. उन्होंने कहा कि जो लोग न तो वेद, दर्शन, उपनिषद, पुराण, रामायण और महाभारत पढ़े हैं और न ही संविधान व लोकतंत्र को समझते हैं, वे सनातन धर्म बचाने की बातें करते हैं. रामदेव ने ऐसे कथाकारों को ढोंगी और पाखंडी करार दिया जो धर्म और भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को डराते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि हंसी-मजाक या ठिठोली में अवतारी सत्ताओं का अनादर नहीं होना चाहिए और समाज में हल्की बातें करने का अधिकार किसी को नहीं है.
बदले हुए सुर ने खींचा ध्यान
यह बयान इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि हाल ही में रामदेव के सुर अलग दिखाई दिए थे. कुछ समय पहले रामदेव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को हनुमान का अंश बताया था, वहीं पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश के कुंडा में मुलाकात के दौरान उनकी तारीफ करते और गले लगते हुए तस्वीरें भी सामने आई थीं, लेकिन अब रामदेव के बयानों में तीखापन देखने को मिल रहा है.
क्या है पूरा विवाद?
यह विवाद मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में हुई श्री राम कथा के दौरान शुरू हुआ था, जहां भगवान श्री कृष्ण के खड़े होने के अंदाज को लेकर की गई टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद भावनाएं आहत होने की बात कही गई. इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश में भी सियासी हलचल देखी गई, जहां कुंडा में प्रस्तावित कथा को लेकर विरोध और अपीलें सामने आई थीं, हालांकि कथा आयोजित हुई थी. दबाव बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर माफी मांगी थी और कहा था कि उनकी बात का गलत अर्थ निकाला गया, क्योंकि वे विनोद और भक्ति भाव में बोल रहे थे.
एक तरफ भक्ति भाव और विनोद के तर्क दिए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ मर्यादा और सम्मान का सवाल बना हुआ है. बाबा रामदेव के इस बयान के बाद यह विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है.
