तीन साल पुराने प्रेम प्रसंग का खूनी अंत, 10 लाख में तय हुआ था 20 वर्षीय युवक का कत्ल, प्रेमिका के पिता और भाई की साजिश

बालाघाट के हट्टा थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय रियांश चौहान की मौत सड़क हादसा नहीं बल्कि हत्या निकली. प्रेम प्रसंग में 10 लाख की सुपारी देकर कत्ल करने के आरोप में 5 गिरफ्तार, 1 फरार.

ADVERTISEMENT

Balaghat News
Balaghat News
Google CTA

बालाघाट: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने ‘सड़क दुर्घटना’ के दावे को खारिज करते हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है. हट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम नाहरवानी निवासी 20 वर्षीय रियांश चौहान की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि प्रेम प्रसंग के चलते रची गई सुनियोजित साजिश का नतीजा थी. छह दिन की तफ्तीश के बाद पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है.

तीन साल पुराना प्रेम प्रसंग और रंजिश 

पुलिस जांच के अनुसार, रियांश चौहान का पिछले करीब तीन वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम संबंध था. दोनों के बीच बातचीत और मुलाकातें होती थीं, लेकिन यह रिश्ता युवती के पिता जीवन पटले और भाई आशुतोष पटले को नागवार गुजर रहा था. इसी बात को लेकर पहले भी रियांश और युवती के भाई के बीच विवाद हो चुका था. पुलिस के मुताबिक, नाराजगी धीरे-धीरे गहरी रंजिश में बदल गई और करीब तीन महीने पहले पिता-पुत्र ने रियांश को रास्ते से हटाने की योजना बना ली.

10 लाख की सुपारी और मंडई की रात वारदात 

आरोप है कि आशुतोष पटले ने अपने साथियों को 10 लाख रुपये देने का लालच देकर रियांश की हत्या की सुपारी दी. 16 नवंबर की रात ग्राम परासपानी में मंडई (मेले) का आयोजन था. भीड़भाड़ के बीच रियांश भी मंडई देखने पहुंचा था. जांच के अनुसार, आरोपी रियांश को सुनसान जगह पर ले गए, जहां पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर लोहे के एंगल से सिर के पिछले हिस्से पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई.

‘एक्सीडेंट’ दिखाने की साजिश और पोस्टमार्टम से खुला राज 

हत्या के बाद वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने रियांश के शव को उसकी एक्टिवा के साथ सड़क किनारे रख दिया, ताकि मामला सड़क हादसे का लगे. 17 नवंबर को लोहारा से परासपानी मार्ग पर शव मिलने के बाद हट्टा पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध लगने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हमला/हत्या आने के बाद केस की दिशा बदल गई.

तकनीकी जांच और पांच आरोपियों की गिरफ्तारी 

पुलिस अधीक्षक मलय जैन के निर्देशन में एसडीओपी और थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. बिना किसी प्रत्यक्षदर्शी के पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और लोकेशन डेटा का विश्लेषण कर छह दिन में मामले का पर्दाफाश किया.

पुलिस ने इस प्रकरण में यश पारधी पंवार, यश पटले, विकास उर्फ बग्गा चौधरी, आशुतोष पटले और जीवन पटले को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि आरोपी विकास उर्फ बग्गा चौधरी के विरुद्ध पहले से हत्या के दो मामले दर्ज हैं, जबकि यश पटले विशेष सहयोगी दस्ता (SSB) के तहत हट्टा थाना में पदस्थ था. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना के समय पहने कपड़े, मोबाइल फोन और खून से सनी मिट्टी जब्त की है. सभी पांच आरोपियों को बालाघाट न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है. फरार छठे आरोपी की तलाश जारी है.

सागर में शराब पीने वालों की हो रही है मेडिकल जांच, जानिए क्यों प्रशासन ने किया यह फैसला ?