छोटी सी बच्ची पर तानी बंदूक और गांववालों पर फायरिंग, कैसे पारदी गैंग ने की एक गांव में लूटपाट ?
बमोरी विधानसभा के बेरखेड़ी गांव में 18-20 पारदी बदमाशों ने डकैती की नीयत से हमला किया. मासूम को बंधक बनाकर की फायरिंग, 3 ग्रामीण घायल, एक भोपाल रेफर.
ADVERTISEMENT

गुना: मध्य प्रदेश के गुना जिले की बमोरी विधानसभा क्षेत्र के बेरखेड़ी गांव में देर रात पारदी बदमाशों के गैंग ने भारी उत्पात मचाया. डकैती की नीयत से गांव में घुसे 18 से 20 बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक साल की मासूम बच्ची को बंदूक की नोंक पर बंधक बना लिया. जब परिवार और ग्रामीणों ने एकजुट होकर इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस हमले में तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
मासूम को बंधक बनाकर मांगी रंगदारी, ग्रामीणों ने घेरा
बच्ची के पिता वीरेंद्र धाकड़ ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि देर रात करीब ढाई बजे हथियारों से लैस पारदी बदमाश अचानक घर में घुस आए. घर में घुसते ही बदमाशों ने उनकी 1 साल की मासूम बच्ची के सिर पर बंदूक रख दी और उसे बंधक बना लिया. बच्ची की जान खतरे में देख परिवार ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर एकजुट हो गए और बदमाशों को घेर लिया.
फायरिंग में 3 ग्रामीण घायल, एक भोपाल रेफर
खुद को घिरता देख बदमाशों ने ग्रामीणों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं. इस दौरान बंदूक के छर्रे लगने से तीन ग्रामीण वीरेंद्र धाकड़, रंजीत धाकड़ और मोहन घायल हो गए. घायलों में रंजीत धाकड़ की हालत काफी गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तुरंत भोपाल रेफर कर दिया गया है. ग्रामीणों के कड़े प्रतिरोध के आगे बदमाश अपनी एक बंदूक मौके पर ही छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकले.
जंगल में पुलिस की सर्चिंग, 18-20 बदमाशों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा. सिटी कोतवाली गुना के टीआई राजकुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और लूट/डकैती का मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस गैंग में 18 से 20 सदस्य शामिल थे, जिनके पास में ही स्थित जंगलों में छिपे होने की सूचना मिली है. पुलिस की अलग-अलग टीमें जंगल में सघन चेकिंग और छापेमारी अभियान चला रही हैं.
