एमपी से खाटू श्याम जा रहे 8 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत के बाद पूरे इलाके में मचा हड़कंप

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर राजस्थान के कोटा में खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर के दुर्घटनाग्रस्त होने से बैतूल के 8 लोगों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए. मुख्यमंत्री और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने जताया शोक

ADVERTISEMENT

एमपी से खाटू श्याम जा रहे 8 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत
एमपी से खाटू श्याम जा रहे 8 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत
Google CTA


दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने मध्यप्रदेश के बैतूल जिले को गहरे सदमे में डाल दिया है. भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन करने के लिए निकले श्रद्धालुओं का सफर एक दर्दनाक हादसे में बदल गया. राजस्थान के कोटा में 26 लोगों से भरी ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 से 20 फीट नीचे बरसाती नाले में जा गिरी. इस हादसे में बैतूल के 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए. हादसे की खबर मिलते ही कई परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक छा गया.शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने के कारण ट्रैवलर के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है. वाहन के पुलिया से नीचे गिरने पर उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कई यात्री अंदर फंस गए थे. इसके बाद स्थानीय लोगों ने खिड़कियां तोड़कर उन्हें बाहर निकाला. इस हादसे में जान गंवाने वालों में छात्रा वैष्णवी गावंडे भी शामिल हैं. वैष्णवी की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

सीएम मोहन यादव ने भी शोक व्यक्त किया

इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भोपाल से खाटूश्यामजी जा रही मिनी बस के कोटा में दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है. उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा की शांति और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भोपाल और बैतूल जिले के मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.

इस मामले में बैतूल पुलिस को राजस्थान पुलिस द्वारा भेजी गई जानकारी के आधार पर 8 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है. हादसे में घायल हुए लोगों के बारे में भी लगातार जानकारी जुटाई जा रही है. दुर्घटना के बाद से ही कई परिजन राजस्थान के लिए रवाना हो चुके हैं.

 

खाटूश्यामजी के दर्शन की आस लेकर निकले श्रद्धालुओं का यह सफर कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गया है. बैतूल में किसी घर ने बेटी खोई, तो किसी ने अपना करीबी. वर्तमान में राजस्थान के अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है, जबकि मृतकों के परिवार अपनों के पार्थिव शरीर और अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं. इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है.