भोपाल में Cafe के अंदर पिस्टल तानने का VIDEO, छात्रों के विवाद में पुलिसकर्मी को भी धमकाया; दो आरोपी फरार

भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र स्थित इंद्रपुरी के एक कैफे में पुरानी रंजिश के चलते छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि राज राजपूत ने युवक को धमकाने के लिए पिस्टल तान दी. बीच-बचाव करने पहुंचे सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिसकर्मी पर भी पिस्टल तानने का आरोप है. घटना CCTV में कैद होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने पृथ्वीराज सिंह राजपूत और राज राजपूत के खिलाफ FIR दर्ज की है. दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है.

ADVERTISEMENT

कैफे में दबंगई! युवक को धमकाया, पुलिसकर्मी पर पिस्टल तानी
कैफे का CCTV
Google CTA

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में निजी कॉलेज के छात्रों के बीच पुरानी रंजिश का मामला गंभीर हो गया. पिपलानी थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी टी चौराहे स्थित एक कैफे में युवक को धमकाने के लिए पिस्टल तानने का आरोप लगा है. इतना ही नहीं, विवाद शांत कराने पहुंचे सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिसकर्मी पर भी आरोपी ने पिस्टल तान दी. घटना कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है.

एक सप्ताह पुरानी रंजिश में कैफे पहुंचा दूसरा पक्ष

जानकारी के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले शिवांशु और पृथ्वीराज सिंह राजपूत के बीच विवाद हुआ था. आरोप है कि उस दौरान पृथ्वीराज के साथियों ने शिवांशु के साथ मारपीट की थी. इसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था. बताया जा रहा है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते पृथ्वीराज सिंह राजपूत अपने साथी राज राजपूत के साथ इंद्रपुरी टी चौराहे स्थित कैफे पहुंचा. आरोप है कि राज राजपूत अपने साथ पिस्टल लेकर आया था. कैफे में शिवांशु के सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया और उसे डराने के लिए पिस्टल तान दी गई.

बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मी पर भी तानी पिस्टल

कैफे में विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद सिविल ड्रेस में एक पुलिसकर्मी ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराने की कोशिश की.आरोप है कि इसी दौरान राज राजपूत ने पुलिसकर्मी पर भी पिस्टल तान दी. पुलिसकर्मी को हथियार दिखाने की इस घटना से मामला और गंभीर हो गया. बताया जा रहा है कि कैफे में हुई पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. फुटेज में आरोपी के पिस्टल के साथ दिखाई देने की जानकारी सामने आई है. पुलिस इस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है.

आरोपियों के खिलाफ FIR, तलाश में जुटी पुलिस

भोपाल के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पिपलानी थाना क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच पहले विवाद हुआ था. इसी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष के छात्र कैफे पहुंचे, जहां मारपीट हुई और एक युवक पर पिस्टल तानी गई. बीच-बचाव करने पहुंचे सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिसकर्मी को भी निशाना बनाया गया. अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. घटना के बाद से पृथ्वीराज सिंह राजपूत और राज राजपूत फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में पुरानी रंजिश की वजह, दोनों पक्षों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है.

इनपुट- धर्मेंद्र साहू, संवाददाता, भोपाल 

यह खबर भी पढ़े : ग्वालियर : करवाचौथ के दिन ही पत्नी का मर्डर, पति ने थाने पहुंचकर कबूली हत्या की बात !