सड़क पर टहलती युवतियों को पीछे से थप्पड़ मारने वाले सनकी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, वीडियो वायरल
भोपाल के कटारा हिल्स क्षेत्र में वॉक कर रही युवती से छेड़छाड़ करने वाले बाइक सवार आरोपी अभिषेक उईके को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से 48 घंटे में हुए इस खुलासे की पूरी खबर यहाँ पढ़ें.
ADVERTISEMENT

भोपाल: राजधानी भोपाल की सड़कों पर महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को चुनौती देने वाले एक मनचले को कटारा हिल्स थाना पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर धर दबोचा है. बाइक पर सवार होकर वॉक कर रही युवतियों के साथ अश्लील हरकत करने और फिर रफ्तार के दम पर फरार होने वाले इस आरोपी की पहचान अभिषेक उईके (23) के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल भेज दिया है.
वॉक कर रही युवती को बनाया था निशाना
घटना 4 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे की है. गौरीशंकर परिसर स्थित पुराने सीएम राइज स्कूल के गेट के पास एक युवती वॉक कर रही थी. इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार होकर आए एक युवक ने युवती के साथ अश्लील हरकत की. युवती ने जब इस घिनौनी हरकत का विरोध किया और चिल्लाई, तो बेखौफ मनचला उल्टा अश्लील टिप्पणियां करते हुए अपनी बाइक से फरार हो गया. घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने कटारा हिल्स थाने पहुंचकर इसकी औपचारिक शिकायत दर्ज कराई.
50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की ली गई मदद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के निर्देशन और थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष रघुवंशी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. कटारा हिल्स थाने में अपराध क्रमांक 347/2026 के तहत धारा 296(ए) और 74 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया.
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर आसपास की कॉलोनियों और संभावित रास्तों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों को खंगाला. हर कैमरे की फुटेज से आरोपी के भागने के रूट को ट्रैक किया गया और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया.
दीनदयाल पार्क के पास से दबोचा गया आरोपी
तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने वारदात के महज 48 घंटे के भीतर दीनदयाल पार्क के पास मुख्य सड़क से संदेही को घेरकर दबोच लिया. पूछताछ में उसकी पहचान अभिषेक उईके, पुत्र रामफूल उईके (निवासी ग्राम बर्राई, कटारा हिल्स, भोपाल) के रूप में हुई. आरोपी बागरोदा के पास स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है. पुलिस पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
पुलिस कमिश्नर की सख्त चेतावनी
मामले पर जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि आरोपी चलती बाइक से युवतियों को निशाना बनाता था. उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि इस आरोपी के खिलाफ अन्य युवतियां भी शिकायत लेकर सामने आती हैं, तो उनकी रिपोर्ट दर्ज कर और भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कटारा हिल्स पुलिस की इस त्वरित और मुस्तैद कार्रवाई से एक बार फिर साबित हो गया है कि मजबूत पुलिसिंग और सीसीटीवी सर्विलांस अपराधियों के लिए बच पाना नामुमकिन बना देते हैं.
