अर्जी लेकर पहुंचे शख्स से अजयपार धाम बाबा बोला, 'बच्चा तुम्हारा नहीं, पत्नी का किसी और से संबंध'

छतरपुर के केड़ी गांव स्थित अजयपार धाम के करण कुशवाह का वीडियो वायरल. अर्जी लेकर आए शख्स के पारिवारिक जीवन पर चौंकाने वाले दावे, बिना पर्ची भविष्य बताने और गंभीर बीमारियां ठीक करने की चर्चा. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

ADVERTISEMENT

Ajaypar Baba news
Ajaypar Baba news
Google CTA

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से जुड़े 'अजयपार धाम' के भगत करण कुशवाह (अजयपार बाबा) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में वह अर्जी लेकर पहुंचे एक व्यक्ति के पारिवारिक जीवन और संतान को लेकर बेहद संवेदनशील व चौंकाने वाले दावे करते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

वायरल वीडियो में क्या है?

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में करण कुशवाह कथित तौर पर अर्जी लगाने वाले शख्स से कहते नजर आ रहे हैं कि उसकी पत्नी के कथित तौर पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध हैं और जन्मा बच्चा उसका नहीं है. वीडियो में वह व्यक्ति को पत्नी से नाता तोड़कर दूसरी शादी करने की सलाह देते दिखते हैं. साथ ही यह भी कहते सुने जा रहे हैं कि यदि वह संबंधित व्यक्ति का नाम बताएंगे, तो स्थिति और बिगड़ सकती है, इसलिए नाम नहीं बता रहे.

नारियल बेचने और ई-रिक्शा चलाने से दरबार तक का सफर 

जानकारी के मुताबिक, करण कुशवाहा छतरपुर के केड़ी गांव के रहने वाले हैं और उन्होंने नौवीं कक्षा तक पढ़ाई की है. केड़ी गांव में चंदेल राज की पहाड़ियों के पास अजयपार बाबा का समाधि स्थल मौजूद है, जो पहले से ही स्थानीय आस्था का केंद्र रहा है. बताया जाता है कि करण कुशवाह पहले इसी स्थान पर नारियल बेचने का काम करते थे और कुछ समय तक ई-रिक्शा भी चला चुके हैं.

करीब ढाई साल पहले उन्होंने वहीं दरबार लगाना शुरू किया, लेकिन बीते दो महीनों से सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार बढ़ने के बाद वहां लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है. दरबार आमतौर पर रविवार और बुधवार को लगता है, और उन्होंने आगे साधना पर जाने की बात भी कही है.

बिना पर्ची के दावे और बागेश्वर धाम से तुलना 

सोशल मीडिया पर करण कुशवाह की तुलना छतरपुर के गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से की जा रही है, जहां पर्ची के माध्यम से समस्याएं बताने का दावा किया जाता है. इसके विपरीत, करण कुशवाह बिना पर्ची लिखे ही लोगों का भूत और भविष्य बताने का दावा करते हैं.  इसके अलावा, वह अजयपार बाबा के नाम पर कैंसर और लकवा जैसी गंभीर बीमारियां ठीक करने का भी दावा करते हैं—यहाँ तक कि दिल्ली से आए एक मरीज का कैंसर कुछ ही दिनों में ठीक होने की बात भी कही जाती है, हालांकि कई मौकों पर वह लोगों को डॉक्टर के पास जाने की सलाह भी देते हैं. दिलचस्प बात यह है कि कुछ समय पहले एक जहरीले कीड़े के काटने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था, जहां डॉक्टरों की निगरानी में 24 घंटे तक उनका इलाज चला था.

(नोट: इस खबर में वायरल वीडियो और संबंधित व्यक्ति के दावों का विवरण दिया गया है. किसी भी तरह के चिकित्सीय या पारिवारिक दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं है.)